Rajasthan

कल का मौसम 13 अक्टूबर | weather forecast 13 october | बंगाल की खाड़ी का दानव दिखाने लगा तांड़व, दिल्ली से राजस्थान तक 20 राज्यों में IMD का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज अचानक से बदल गया है. बीती रात उत्तर भारत के कई राज्यों में खूब बारिश और ओले गिरे हैं, जिसमें मौसम में थोड़ी ठंडक का एहसास होने लगा है. वहीं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की तरफ से जारी ताजा पूर्वानुमानों के मुताबिक, मंगलवार 13 अक्टूबर को देश के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. आईएमडी के मुताबिक, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ से जुड़े मौसमी प्रभावों के कारण दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में कल भी तेज बारिश होने की संभावना है. वहीं, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी मौसम सक्रिय रह सकता है. इसके अलावा पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड और ओडिशा में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं, जबकि पूर्वोत्तर के राज्यों में भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कई हिस्सों में भी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है.

दरअसल बंगाल की खाड़ी में नई मौसमी गतिविधि विकसित होने के संकेत हैं. IMD के अनुसार, दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन और अधिक ऊंचाई तक फैल गया है. इसके प्रभाव से 13 अक्टूबर के आसपास बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसी बीच अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मानसून की बारिश शुरू होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR में मंगलवार, 13 अक्टूबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. IMD के दिल्ली मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ से जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण अब उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर स्थित है. इसके साथ ऊपरी वायुमंडल में पश्चिमी हवाओं से जुड़ी एक ट्रफ भी सक्रिय है. इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम में बदलाव की संभावना बनी हुई है.

मौसम विभाग ने 13 अक्टूबर को दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई है. इसका मतलब है कि दिल्ली-NCR के आसपास के क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है.

यूपी-उत्तराखंड में मौसम का क्या होगा हाल?

उत्तर प्रदेश में 13 अक्टूबर को पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में मौसम का असर अलग-अलग रह सकता है. IMD के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12 से 15 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश की संभावना है. 12 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी थी, जबकि 13 अक्टूबर को राजस्थान के साथ जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में भी गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है.

उधर उत्तराखंड में 13 अक्टूबर को गरज-चमक और बारिश की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग ने राज्य में 12 से 18 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर हल्की से छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. 15 अक्टूबर को कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 13 अक्टूबर को गरज-चमक की संभावना भी जताई गई है.

बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

बिहार में 13 अक्टूबर को मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का स्पष्ट संकेत नहीं है. IMD के अनुसार, राज्य में 16 से 18 अक्टूबर के बीच फिर से कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. बंगाल की खाड़ी से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक फैली मौसमी ट्रफ के कारण पूर्वी भारत के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय बना हुआ है. वहीं झारखंड में 13 अक्टूबर को काफी हद तक साफ मौसम बना रह सकता है.

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में आंधी-बारिश के आसार

उत्तर भारत में 13 अक्टूबर को पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, इन राज्यों और हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकते हैं. 14 और 15 अक्टूबर को भी इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. इन दो दिनों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है. ऐसे में किसानों को फसलों और खुले में रखे कृषि उत्पादों को लेकर सावधानी बरतनी चाहिए.

राजस्थान में 13 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है. पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में 13 से 15 अक्टूबर के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि पूर्वी राजस्थान में 13 से 16 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं. पश्चिमी राजस्थान में 12 से 15 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश हो सकती है. जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. उत्तर भारत में मौसम का यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और उससे जुड़ी मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से देखा जा रहा है.

मध्य भारत में कहां होगी बारिश?

मध्य भारत में 13 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने राज्य में 13 से 18 अक्टूबर तक हल्की से छिटपुट बारिश का पूर्वानुमान दिया है. मध्य प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कुछ दिन बाद बढ़ सकती हैं. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 15 और 16 अक्टूबर तथा पूर्वी मध्य प्रदेश में 16 से 18 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. विदर्भ में 17 और 18 अक्टूबर को बारिश की संभावना जताई गई है.

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर

पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 13 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 14 से 18 अक्टूबर के बीच भी द्वीपसमूह में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. ओडिशा में 13 से 18 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश का अनुमान है.

पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम सक्रिय रह सकता है. असम और मेघालय में 13 से 18 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश में 14 से 17 अक्टूबर के दौरान बारिश हो सकती है, जबकि नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 13 से 16 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश के आसार हैं. इन चार राज्यों में 13 और 14 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है. पूर्वोत्तर में बारिश की तीव्रता स्थान के अनुसार अलग-अलग रह सकती है.

अगले 2-3 दिन क्यों अहम?

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में देश के बाकी हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं. इसी अवधि में दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में पूर्वोत्तर मानसून की बारिश शुरू होने के लिए भी अनुकूल माहौल बन सकता है. इसका मतलब है कि देश में मौसम का मौसमी बदलाव अब एक नए चरण में प्रवेश कर रहा है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj