Karauli News: रेगिस्तान के जहाज का रॉयल लुक, पैरों में पायल गले में घंटियां, कीमत जान रह जाएंगे हैरान

Last Updated:October 20, 2026, 20:23 IST
Karauli News: रेगिस्तान के जहाज ऊंट का श्रृंगार भी शाही अंदाज में होता है. पशु मेले में ऊंट के पैरों की पायल, नाक का फूल, घंटियों का हार और गोरबंध जैसे पारंपरिक आभूषण लोगों को आकर्षित कर रहे हैं. इनकी कीमत 10 रुपये से लेकर 15 हजार रुपये तक है. जानिए ऊंट के श्रृंगार में इस्तेमाल होने वाले 20 तरह के आभूषणों की खासियत और गोरबंध की क्यों है सबसे ज्यादा मांग.
रेगिस्तान के जहाज ऊंट का श्रृंगार भी किसी शाही अंदाज से कम नहीं होता. पैरों में पायल, नाक में फूल, गले में घंटियों का हार और शरीर पर सजा गोरबंध. ऊंट के ये आभूषण न केवल उसकी खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं, बल्कि पशुपालकों की पारंपरिक संस्कृति और शौक की झलक भी दिखाते हैं.
खास बात यह है कि इन आभूषणों को खरीदने के लिए पशुपालकों को किसी ज्वेलरी शोरूम में नहीं, बल्कि पशु मेलों का इंतजार रहता है. यहां सजी दुकानों पर ऊंट और घोड़ियों के रंग-बिरंगे आभूषण लोगों को आकर्षित कर रहे हैं. पशु मेले में पहुंचने वाले लोगों के लिए ये दुकानें किसी अनोखी दुनिया से कम नहीं हैं. एक ओर पशुओं की खरीद-फरोख्त होती है, तो दूसरी ओर उनके श्रृंगार के लिए पारंपरिक आभूषणों की खरीदारी भी चलती रहती है.
ऊंट को सजाने-संवारने के लिए अलग-अलग तरह के आभूषण इस्तेमाल किए जाते हैं. महाशिवरात्रि पशु मेले में करीब 30 साल से दुकान लगा रहे व्यापारी घनश्याम पटवा बताते हैं कि ऊंट के श्रृंगार में लगभग 20 प्रकार के आभूषण शामिल होते हैं. इनमें पैरों की पायल, मुंह का मोहरा, नाक का फूल, नकेल, गले का गजरा, घंटियों का हार, गोरबंध, काली मेहंदी, अलगगीर और पैरों पर सजाए जाने वाले रंग-बिरंगे कपड़े प्रमुख हैं.
Add as Preferred Source on Google
इन आभूषणों को पहनाने के बाद ऊंट का पूरा रूप बदल जाता है. उसकी चाल के साथ बजती घंटियां और रंग-बिरंगे आभूषण लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचते हैं. यही वजह है कि पशुपालक अपने पसंदीदा ऊंट को सजाने के लिए इनकी खरीदारी करते हैं. वहीं, ऊंट की सवारी करने वाले लोगों के लिए भी सजा-धजा ऊंट आकर्षण का केंद्र बन जाता है.
इन आभूषणों की खासियत यह है कि इन्हें ऊंट के शरीर के अलग-अलग हिस्सों के हिसाब से तैयार किया जाता है. पशुपालक अपनी पसंद और बजट के अनुसार आभूषण खरीदते हैं.. ऊंट के आभूषणों में गोरबंध को सबसे महंगे और खास आभूषणों में गिना जाता है. सवारी के समय इसे ऊंट के ऊपर सजाया जाता है. इसकी बनावट और रंग-बिरंगी सजावट ऊंट के रूप को और आकर्षक बना देती है. यही वजह है कि पशुपालकों के बीच इसकी खास मांग रहती है.
व्यापारी घनश्याम पटवा बताते हैं कि महाशिवरात्रि पशु मेले में ऊंट के आभूषण 10 रुपये से लेकर 15 हजार रुपये तक की कीमत में उपलब्ध होते हैं. जहां छोटे आभूषण कम कीमत में मिल जाते हैं, वहीं आकर्षक डिजाइन और विशेष कारीगरी से तैयार गोरबंध की कीमत 15 हजार रुपये तक पहुंच जाती है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
October 20, 2026, 20:23 IST



