बॉलीवुड का मशहूर एक्टर, जन्मदिन पार्टी में पसर गया था मातम, पिता ने ही तबाह कर दी जिंदगी

Last Updated:October 21, 2026, 04:31 IST
कमल सदाना का फिल्मी करियर जितना सफल रहा, निजी जिंदगी उतनी त्रासदी से जुड़ी रही. वे 21 अक्टूबर 1990 में जब अपना 20वां जन्मदिन मना रहे थे, तब उनकी उनके पिता ने नशे की हालत में मां और बहन की गोली मारकर हत्या कर दी थी. उन्होंने कमल पर भी हमला किया था, मगर वह बच गए. एक्टर के पिता ने फिर खुद को खत्म कर लिया. हादसे से उबरने के बाद कमल सदाना ने फिल्म ‘बेखुदी’ से डेब्यू किया. उन्होंने फिल्म ‘रंग’ से अपनी बड़ी पहचान बनाई.
ख़बरें फटाफट
कमल सदाना 90 के दशक के पॉपुलर स्टार हैं. (फोटो साभार: IANS)
नई दिल्ली: अगर आप 90 के दशक की हिंदी फिल्मों के शौकीन हैं, तो मुमकिन है कि आपने ‘बाली उमर को सलाम’ फिल्म देखी होगी, जिसमें अभिनेता कमल सदाना अहम भूमिका में थे. बॉलीवुड के लोकप्रिय अभिनेता, निर्माता और निर्देशक कमल सदाना 21 को अपना 56वां जन्मदिन मनाने जा रहे हैं. उनका जन्म 21 अक्टूबर 1970 को मुंबई के एक कला प्रेमी परिवार में हुआ था. उनके पिता मशहूर फिल्म निर्माता और निर्देशक बृज सदाना थे और मां का नाम सईदा खान था, जो कि पेशे से एक अभिनेत्री थी.
कमल सदाना ने अपनी पढ़ाई-लिखाई मुंबई से पूरी की. इसके बाद, उन्होंने अभिनय और सिनेमा की दुनिया की ओर रुख किया. अपने करियर के शुरुआती दौर में कई फिल्मों में एक्टिंग करने के बाद उनका रुझान फिल्म निर्माण और निर्देशन की तरफ बढ़ा. हालांकि, एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले अपने 20वें जन्मदिन के अवसर पर उनके जीवन में एक ऐसी पारिवारिक त्रासदी आई, जिसने उनके वजूद को हिलाकर रख दिया. 21 अक्टूबर 1990 को कमल के 20वें जन्मदिन की पार्टी के दौरान उनके पिता बृज सदाना ने गुस्से और नशे में अपनी लाइसेंसी बंदूक से उनकी मां और बहन को गोली मार दी. इस दौरान उन्होंने कमल पर भी गोली चलाई थी, जो कि उनकी गर्दन को छूकर निकल गई. इसके बाद उनके पिता ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली. इस घटना ने उनसे उनके जन्मदिन के अवसर पर ही माता-पिता के साथ बहन को हमेशा के लिए छीन लिया.
‘बेखुदी’ से किया था डेब्यूकमल ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1992 में फिल्म ‘बेखुदी’ से की, जिसमें उन्होंने काजोल के साथ काम किया. यह कमल और काजोल, दोनों की ही पहली फिल्म थी, जिससे उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा. पहली फिल्म से मिली सराहना के बाद अभिनेता ने 1993 में अभिनेत्री दिव्या भारती के साथ फिल्म ‘रंग’ की, जो कि सुपरहिट रही. इस फिल्म ने उन्हें इंडस्ट्री में एक मजबूत जगह बनाने के साथ बड़ी पहचान दिलाई. ‘रंग’ से मिली बड़ी सफलता के बाद कमल ने ‘बाली उमर को सलाम’, ‘हम सब चोर हैं’, ‘सलाम वेंकी’ आदि फिल्मों में काम किया. इसके बाद उन्होंने वर्ष 2005 में फिल्म ‘कर्कश’ के जरिए निर्देशन की दुनिया में कदम रखा. फिर फिल्म ‘विक्टोरिया नंबर 203’ का रीमेक डायरेक्ट किया और 2014 में उन्होंने फिल्म ‘रोर: टाइगर्स ऑफ द सुंदरबन्स’ का लेखन और निर्देशन किया. अभिनेता की निजी जिंदगी की बात करें तो, उन्होंने वर्ष 2000 में मेकअप आर्टिस्ट लिसा जॉन से शादी की थी. इस जोड़े के दो बच्चे (एक बेटा और एक बेटी) हैं. शादी के लगभग 21 साल बाद दोनों अलग हो गए.
About the AuthorAbhishek NagarSenior Sub Editor
अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और…
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
October 21, 2026, 04:31 IST



