‘सुबोध उनियाल चुपचाप से माफी मांगो’, दलेर मेंहदी के अपमान पर भड़कीं शोभा डे, बोलीं- हिम्मत कैसे हुई?

Last Updated:October 22, 2026, 09:46 IST
Shobhaa De Defends Daler Mehndi: उत्तराखंड के टिहरी मेले में सिंगर दलेर मेहंदी और मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद पर मशहूर लेखिका शोभा डे का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने अखबार की रिपोर्ट शेयर करते हुए मंत्री के व्यवहार को शर्मनाक बताया और दलेर मेहंदी से तुरंत सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है.दलेर मेहंदी के अपमान पर भड़कीं शोभा डे (फोटो साभार-@shobhaade)
नई दिल्ली: पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी को लेकर उत्तराखंड में शुरू हुआ विवाद अब और बढ़ता जा रहा है. नवरात्रि के एक कार्यक्रम में स्टेज पर मंत्री सुबोध उनियाल के साथ हुई बहस के बाद कई सितारे दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए हैं. अब मशहूर लेखिका और कॉलमिस्ट शोभा डे ने भी इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर मंत्री के व्यवहार पर सवाल उठाए और उनसे दलेर मेहंदी से माफी मांगने को कहा.
सुबोध उनियाल को शोभा डे ने क्या कहा?
शोभा डे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक अखबार की कटिंग शेयर की है, जिसमें दलेर मेहंदी और मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद का जिक्र है. इसके साथ उन्होंने लिखा- किसी मंत्री का सार्वजनिक रूप से ऐसा व्यवहार करना शर्मनाक है. उन्होंने सुबोध उनियाल को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें दलेर मेहंदी से माफी मांगनी चाहिए. शोभा डे ने अपने पोस्ट में दलेर मेहंदी को पसंदीदा कलाकार बताते हुए कहा कि दुनिया भर में उनके फैंस इस घटना से नाराज हैं. उन्होंने यह भी लिखा कि सिंगर की तबीयत ठीक नहीं थी, इसके बावजूद वह कार्यक्रम में पहुंचे. शोभा के मुताबिक, कलाकार अपनी कमिटमेंट निभाने के लिए ऐसा करते हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि किसी कलाकार को इस तरह अपमानित करने का अधिकार किसे है.
शोभा डे ने X पर भी लगाई फटकार
इंस्टाग्राम अकाउंट के अलावां शोभा डे ने इस मामले पर अपने X अकाउंट पर भी नाराजगी जताई है. उन्होंने लिखा, पसंदीदा कलाकार या किसी भी परफॉर्मर के साथ ऐसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए. यह बेहद अपमानजनक है. उन्होंने आगे मंत्री सुबोध उनियाल से दलेर मेहंदी से माफी मांगने की बात कही.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान दलेर मेहंदी परफॉर्म कर रहे थे. इसी बीच कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल स्टेज पर पहुंच गए और सिंगर के गाने के तरीके पर सवाल उठाए. मंत्री ने आरोप लगाया कि दलेर मेहंदी नशे में थे और लाइव गाने के बजाय लिप-सिंक कर रहे थे. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया.
इसके बाद मीका सिंह, कपिल शर्मा, बादशाह और राजपाल यादव समेत कई कलाकार दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए. उन्होंने सिंगर की तबीयत खराब होने और उनके साथ सार्वजनिक मंच पर हुए व्यवहार पर सवाल उठाए. मीका सिंह ने तो मंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी की. हालांकि, नशे में होने का आरोप विवादित है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
About the Authorगार्गी द्विवेदीSub Editor
मैं इस समय हिंदी टीम का हिस्सा हूं. हिंदी पर आप आसानी से अपनी मनपसंद खबरें पढ़ सकते हैं. मुझे खबरें लिखने का 4 साल से ज्यादा का अनुभव है और फिलहाल मैं सब एडिटर के पद पर हूं.
इससे पहले मैंने, दै…
October 22, 2026, 09:46 IST



