फ्रांस में इंसान में मिला शमोंडा वायरस का पहला मामला, जानिए कितना खतरनाक है और कहां पाया जाता है

Last Updated:October 22, 2026, 17:56 IST
Shamonda virus France: फ्रांस में शमोंडा वायरस से इंसान के संक्रमित होने का पहला ज्ञात मामला सामने आया है. मरीज की मौत हो चुकी है और शुरुआती जांच में वायरस का संबंध न्यूरोलॉजिकल समस्याओं से जोड़ा गया है. हालांकि, जांच जारी है और फिलहाल आम लोगों के लिए किसी स्वास्थ्य जोखिम की पहचान नहीं हुई है.
ख़बरें फटाफट
शमोंडा वायरस का पहला मानव संक्रमण, फ्रांस में मौत (Image-AI generated)
Shamonda virus France: जानवरों में पाया जाने वाला एक वायरस अब इंसान में भी मिला है. फ्रांस ने शमोंडा वायरस (Shamonda Virus) से इंसान के संक्रमित होने का पहला मामला दर्ज किया है. फ्रांसीसी स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, इस महीने की शुरुआत में जिस व्यक्ति की मौत हुई, वह इस वायरस से संक्रमित था. मरीज की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. अधिकारियों ने बताया कि वह पहले से गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बहुत कमजोर थी.
शुरुआती जांच में वायरस के संक्रमण और मौत से पहले सामने आई न्यूरोलॉजिकल समस्याओं के बीच संबंध की आशंका जताई गई है. हालांकि, जांच अभी जारी है. फ्रांस के अधिकारियों ने फिलहाल आम लोगों के लिए स्वास्थ्य जोखिम नहीं होने की बात कही है.
शमोंडा वायरस क्या है और कहां पाया जाता है?
शमोंडा वायरस एक ऐसा वायरस है, जो मुख्य रूप से मवेशियों जैसे जानवरों को संक्रमित करने के लिए जाना जाता है. यह खून चूसने वाले छोटे कीड़ों, खासकर मिज (Midge) के जरिए फैल सकता है. मिज छोटे उड़ने वाले कीड़े होते हैं, जो संक्रमित जानवर का खून पीने के बाद दूसरे होस्ट तक वायरस पहुंचा सकते हैं.
इस वायरस की पहचान पहली बार 1960 के दशक के मध्य में नाइजीरिया में हुई थी. इसके बाद अफ्रीका और जापान में जानवरों में इसके मामले कभी-कभी सामने आते रहे. इंसानों में संक्रमण का यह पहला ज्ञात मामला बताया गया है. इससे पहले माना जाता था कि यह वायरस इंसानों को संक्रमित नहीं करता.
इंसान में कैसे पहुंचा शमोंडा वायरस?
फ्रांस के स्वास्थ्य और कृषि मंत्रालयों के मुताबिक, मरीज के संक्रमित होने की सबसे संभावित वजह पूर्वी फ्रांस में एक संक्रमित मिज का काटना है. इस इलाके में 2026 की वसंत और गर्मियों के दौरान जानवरों में वायरस फैलने की जानकारी मिली थी. हालांकि, संक्रमण किस तरह हुआ, इसकी जांच अभी पूरी नहीं हुई है.
जानवरों में यह वायरस एक संक्रमित मिज के काटने से फैल सकता है. जब कीड़ा संक्रमित मवेशी का खून पीता है, तो वह वायरस अपने साथ ले जा सकता है. इसके बाद दूसरे जानवर को काटने पर संक्रमण फैलने की आशंका रहती है. जानवरों के बीच सीधे संपर्क से वायरस फैलने के सबूत अब तक नहीं मिले हैं. हालांकि, गर्भवती जानवर से उसके गर्भ में पल रहे बच्चे तक संक्रमण पहुंचने की आशंका जताई गई है.
सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.
क्या शमोंडा वायरस इंसानों के लिए खतरनाक है?
इस मामले में सबसे अहम बात मरीज की कमजोर इम्यूनिटी है. फ्रांसीसी अधिकारियों के अनुसार, मरीज पहले से गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता काफी कमजोर थी. शुरुआती जांच में मौत से पहले सामने आई दिमाग और नर्वस सिस्टम से जुड़ी परेशानियों का संबंध वायरस के संक्रमण से होने की आशंका जताई गई है. लेकिन जांच पूरी होने तक इसे मौत की एकमात्र वजह मानना सही नहीं होगा.
About the AuthorKeerti Rajpoot
कीर्ति राजपूत हिंदी डिजिटल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की एक अनुभवी पत्रकार हैं. उन्हें मीडिया इंडस्ट्री में करीब 13 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह साल 2021 से हिंदी की धर्म टीम के साथ जुड़ी हैं, जहां…
और पढ़ेंFirst Published :
October 22, 2026, 17:56 IST



