Rajasthan Panchayat Election Phase 2 | राजस्थान पंचायत चुनाव

जयपुर. राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2026 के दूसरे चरण के तहत 28 अक्टूबर को 22 जिलों में मतदान शुरू होगा. इस चरण में जिला परिषदों और पंचायत समितियों के कुल 2,453 वार्डों के लिए 8,257 प्रत्याशी चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं. निर्वाचन आयोग के अनुसार, 275 जिला परिषद वार्डों के लिए 984 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि 2,178 पंचायत समिति वार्डों के लिए 7,273 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं.
मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा. राज्य निर्वाचन आयोग और पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष तथा शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं. कुल 413 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं. संवेदनशील मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और अतिरिक्त पुलिस बल के जरिए निगरानी रखी जा रही है.
किन-किन 22 जिलों में हो रहा है मतदान?दूसरे चरण के तहत राज्य के 22 प्रमुख जिलों में वोट डाले जा रहे हैं. इनमें अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, दौसा, डूंगरपुर, जयपुर, जालौर, झालावाड़, झुंझुनूं, जोधपुर, करौली, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, नागौर, पाली, राजसमंद, सीकर, सिरोही और उदयपुर शामिल हैं. इन सभी जिलों में मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं.
राजसमंद में दूसरे चरण का मतदान, 4 लाख मतदाता चुनेंगे प्रतिनिधि
राजसमंद जिले में पंचायत चुनाव 2026 के दूसरे चरण का मतदान आज आयोजित किया जा रहा है. इस चरण में जिले की चार प्रमुख पंचायत समितियों भीम, देवगढ़, रेलमगरा और राजसमंद में वोट डाले जा रहे हैं. चुनाव के दौरान 16 जिला परिषद सदस्यों और 80 पंचायत समिति सदस्यों के भाग्य का फैसला होगा. चारों पंचायत समितियों की 147 ग्राम पंचायतों के 1303 वार्डों में मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए कुल 489 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. कुल 4,07,685 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिनमें पुरुष, महिला और थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं.



