Karauli News: झाड़ियों में छिपा बैठा था लेपर्ड, बकरियां चरा रहे 60 साल के बुजुर्ग पर किया हमला

Last Updated:October 30, 2026, 17:52 IST
Karauli News: करौली के मंडरायल क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में जंगल में बकरियां चरा रहे 60 वर्षीय बलराम प्रजापति पर लेपर्ड ने अचानक हमला कर दिया. झाड़ियों में छिपे लेपर्ड के हमले से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और छुट्टी दे दी गई. ग्रामीणों ने पीड़ित को मुआवजा देने की मांग की है.बुजुर्ग पर लेपर्ड का हमला
करौली. जिले में जंगली जानवरों के हमले की घटना सामने आई है, मंडरायल क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में जंगल में बकरियां चराने गए 60 वर्षीय बुजुर्ग पर लेपर्ड ने अचानक हमला कर दिया. हमले में बलराम प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए, घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बुजुर्ग को उप जिला चिकित्सालय मंडरायल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार किया. राहत की बात यह रही कि उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
ग्रामीणों के अनुसार, बलराम प्रजापति रोजाना की तरह जंगल में अपनी बकरियां चराने गए थे, इसी दौरान झाड़ियों में छिपकर बैठे लेपर्ड ने अचानक उन पर हमला बोल दिया. अचानक हुए हमले से बुजुर्ग को संभलने का मौका तक नहीं मिला. लेपर्ड के हमले में उनके शरीर पर कई जगह चोटें आई. घटना के बाद उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई, जानकारी मिलने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की.
डॉक्टरों ने लगाए टांके, हालत खतरे से बाहर
उप जिला चिकित्सालय मंडरायल में ड्यूटी डॉक्टर सतेंद्र गोयल ने घायल बलराम प्रजापति का उपचार किया. डॉक्टर गोयल ने बताया कि बुजुर्ग की हालत खतरे से बाहर है. उनके शरीर पर आए घावों पर टांके लगाए गए और जरूरी इंजेक्शन भी दिए गए. प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय देखरेख के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ, इसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. घटना के दौरान विष्णु शर्मा प्रधान गुर्जर, भूरा पांडा सहित अन्य ग्रामीणों ने घायल बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाने और उनके उपचार में सहयोग किया. वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों में जंगल में लेपर्ड की मौजूदगी को लेकर चिंता बनी हुई है. ग्रामीणों ने पीड़ित बलराम प्रजापति को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है. सीनियर नर्सिंग ऑफिसर महेंद्र कुमार शर्मा ने भी घायल के उपचार और उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी दी. ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में बकरियां चराने और अन्य कामों के लिए जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Karauli,Rajasthan
First Published :
October 30, 2026, 17:52 IST



