Sikar Murder News: दर्जी की दुकान पर बहस, फिर कैंची से कत्ल, पेट में वार कर युवक को उतारा मौत के घाट

Last Updated:October 30, 2026, 19:01 IST
Sikar Murder News: सीकर के फतेहपुर स्थित देवास गांव में दर्जी की दुकान पर हुई कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया. विवाद के दौरान अशोक कुमार ने 35 वर्षीय सुरेंद्र के पेट में कैंची से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, पुलिस ने हत्या का मामला मानकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है.कैंची से युवक की हत्या
सीकर. जिले के फतेहपुर इलाके में आपसी कहासुनी के बाद एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है. देवास गांव में एक दर्जी की दुकान पर हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने 35 वर्षीय युवक के पेट में कैंची से वार कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
मृतक की पहचान देवास गांव निवासी 35 वर्षीय सुरेंद्र के रूप में हुई है, जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र की गांव में एक दर्जी की दुकान पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया, इसी दौरान अशोक कुमार पुत्र बाबूराम ने कथित तौर पर दुकान में रखी कैंची से सुरेंद्र के पेट पर हमला कर दिया. कैंची का वार लगने से सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद आरोपी अशोक कुमार मौके से फरार हो गया. वहीं, घायल सुरेंद्र को देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए. ग्रामीणों ने तुरंत सदर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी, सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल सुरेंद्र को फतेहपुर के राजकीय उपजिला अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया, इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया.
हत्या के बाद आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी है, पुलिस फरार आरोपी अशोक कुमार की तलाश कर रही है. वहीं, घटनास्थल और आसपास मौजूद लोगों से भी मामले को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर दर्जी की दुकान पर ऐसा क्या विवाद हुआ था, जिसने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया. फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही विवाद और हत्या से जुड़े कई सवालों का खुलासा होने की संभावना है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Sikar,Rajasthan
First Published :
October 30, 2026, 19:01 IST



