Agriculture: पाला पड़े या पानी की कमी हो, शेखावाटी में लहलहाएंगी फसलें, जानें कहां मिलेंगे उन्नत बीज

होमताजा खबरकृषि
पाला पड़े या पानी की कमी हो, शेखावाटी में लहलहाएंगी फसलें, यहां मिलेंगे बीज
Last Updated:October 12, 2026, 10:32 IST
Rabi Crop Improved Seeds Government Rates: राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में सर्दी, पाला और सिंचाई के पानी की कमी किसानों के लिए बड़ी चुनौती है. ऐसे में सीकर के फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर किसानों को राहत देने के लिए रबी फसलों की उन्नत बीज किस्में उपलब्ध कराई जा रही हैं. यहां चना, जौ, तारामीरा और मेथी के बीज सरकारी दरों पर खरीदे जा सकते हैं. केंद्र के फार्म प्रभारी सहायक प्रोफेसर झूमरलाल के अनुसार, इन किस्मों का चयन स्थानीय जलवायु और मौसमी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किया गया है. किसानों को बीज पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलेंगे. ऑनलाइन बुकिंग श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय के सीड पोर्टल से की जा सकती है, जबकि ऑफलाइन खरीद के लिए आधार कार्ड और मोबाइल नंबर जरूरी है. बुकिंग के तीन दिन के भीतर बीज का उठाव करना होगा. बीजों की कीमत किस्म के अनुसार 40 से 110 रुपये तक निर्धारित है.
सीकर. शेखावाटी में सर्दी का प्रकोप, पाला और पानी की कमी किसानों के लिए हर साल बड़ी चुनौती बनते हैं. कभी तापमान में अचानक गिरावट तो कभी सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने से फसलों की पैदावार प्रभावित होती है. ऐसे में किसानों के लिए राहत की खबर है. फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर रबी फसलों की ऐसी उन्नत बीज किस्में उपलब्ध कराई जा रही है, जिन्हें क्षेत्र की जलवायु और मौसम की अनिश्चितताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इन बीजों से किसानों को विपरीत परिस्थितियों में भी अच्छी पैदावार लेने में मदद मिल सकती है.
शेखावाटी की भौगोलिक परिस्थितियां दूसरी जगहों से अलग हैं. यहां सर्दियों में तापमान काफी नीचे चला जाता है, वहीं कई इलाकों में सिंचाई के लिए पानी भी सीमित मात्रा में उपलब्ध है. ऐसे में किसानों को ऐसी किस्मों की जरूरत होती है, जो कम पानी में फसल तैयार करने के साथ ठंड और मौसम के उतार-चढ़ाव को भी सहन कर सकें. फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए चना, जौ, तारामीरा और मेथी के उन्नत बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इन किस्मों का उद्देश्य स्थानीय परिस्थितियों में फसल उत्पादन को बेहतर बनाने में किसानों की मदद करना है.
स्थानीय मौसम को ध्यान में रखकर तैयार की है किस्में
केंद्र के फार्म प्रभारी सहायक प्रोफेसर झूमरलाल ने बताया कि यहां उपलब्ध बीज किस्मों का चयन स्थानीय जलवायु और मौसमी परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किया गया है. इन किस्मों को कम सिंचाई और सीमित पानी की उपलब्धता वाले क्षेत्रों के लिए उपयोगी माना जा रहा है. केंद्र के फार्म प्रभारी सहायक ने बताया कि इन बीजों की खासियत शेखावाटी की ठंड और सूखे जैसी परिस्थितियों में फसल उत्पादन की संभावनाओं को बेहतर बनाना है.
सरकारी दर पर मिलेंगे उन्नत बीज
किसानों को उन्नत बीज खरीदने के लिए निजी दुकानों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है. फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर बीजों का वितरण सरकारी दरों पर किया जा रहा है. किसानों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर बीज उपलब्ध कराए जाएंगे. केंद्र ने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बुकिंग की व्यवस्था की है. ऑनलाइन पंजीकरण के लिए किसान श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय के सीड पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं. वहीं, ऑफलाइन खरीद के लिए आधार कार्ड और मोबाइल नंबर देना होगा.
तीन दिन में करना होगा बीज का उठाव
बीजों की बुकिंग कराने के बाद किसानों को तीन दिन के भीतर केंद्र पहुंचकर बीज प्राप्त करना होगा. इसलिए किसानों को बुवाई की तैयारी और बीज की जरूरत के अनुसार समय पर पंजीकरण कराना होगा. केंद्र पर जौ, तारामीरा, चना और मेथी के बीज मिल रहे हैं. इनकी दरें फसल और किस्म के अनुसार निर्धारित की गई हैं. किसान अपनी जरूरत के अनुसार बीज खरीद सकते हैं. केंद्र द्वारा जौ की ज्योति आरडी 2786 किस्म का बीज 40 रुपए, तारामीरा की आरटीएम 1624 किस्म का बीज 90 रुपए और चने की जीएनजी 1581 किस्म का बीज 90 रुपए में उपलब्ध है. वहीं, मेथी की आरएमपी 354 किस्म के बीज की कीमत 110 रुपए है.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Sikar,Rajasthan
First Published :
October 12, 2026, 10:32 IST



