Ajmer News: घर-दुकानों के बाद अब मंदिर में चोरी, जैन मंदिर से दानपेटी और चांदी के बर्तन समेत 8 लाख का माल पार

Last Updated:November 01, 2026, 11:25 IST
Ajmer News: अजमेर के गेगल थाना क्षेत्र स्थित सुधर्म सागर कॉलोनी के जैन मंदिर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया. चोर दानपेटी, चांदी के बर्तन समेत करीब 7 से 8 लाख रुपए का सामान चोरी कर फरार हो गए. सुबह दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को घटना का पता चला, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी है.जैन मंदिर में 7-8 लाख रुपए की चोरी
अजमेर. शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं, अब चोरों ने घरों और दुकानों के बाद मंदिरों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है. ताजा मामला गेगल थाना क्षेत्र में जयपुर रोड स्थित सुधर्म सागर कॉलोनी के जैन मंदिर का है, जहां अज्ञात चोरों ने मंदिर में घुसकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. चोर मंदिर में रखी दानपेटी और चांदी के बर्तनों सहित करीब 7 से 8 लाख रुपए का सामान चोरी कर फरार हो गए. घटना का पता शनिवार सुबह श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने पर चला, इसके बाद मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी.
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह जब श्रद्धालु रोजाना की तरह जैन मंदिर में दर्शन करने पहुंचे तो मंदिर का मुख्य गेट खुला हुआ मिला. मंदिर का गेट खुला देखकर श्रद्धालुओं को कुछ संदेह हुआ, जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए. मंदिर के अंदर रखी अलमारी टूटी हुई थी और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था. जांच करने पर पता चला कि मंदिर में रखी दानपेटी भी गायब थी, इसके अलावा चोर चांदी के बर्तन और अन्य कीमती सामान भी अपने साथ ले गए थे.
सुबह दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को चला चोरी का पता
मंदिर की देखरेख से जुड़े लोगों ने बताया कि घटना के बाद मंदिर कमेटी के पदाधिकारी मौके पर एकत्रित हुए. उन्होंने मंदिर में हुए नुकसान का जायजा लिया और चोरी की सूचना गेगल थाना पुलिस को दी. मंदिर से जुड़े मुकेश की पत्नी नीतू ने बताया कि मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं और कमेटी के लोगों में चिंता का माहौल है. मंदिर में रखे दानपात्र और चांदी के बर्तनों सहित लाखों रुपए का सामान चोरी हुआ है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने के बाद गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मंदिर में हुई चोरी को लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोर मंदिर में किस रास्ते से दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद किस दिशा में फरार हुए, फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Ajmer,Rajasthan
First Published :
November 01, 2026, 11:11 IST



