जयपुर में सेना ने लगाई हथियारों की प्रदर्शनी, ब्रह्मोस मिसाइल और टैंक सहित भव्य हथियार दिखाए गए, युवाओं में दिखा जोश

जयपुर. राजधानी जयपुर में 78वें सेना दिवस परेड के भव्य कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है. सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन कॉलेज में आमजन के लिए भारतीय सेना की ‘Know Your Army’ (अपनी सेना को जानें) प्रदर्शनी और जगतपुरा महला रोड पर आर्मी डे की फुल ड्रेस रिहर्सल परेड दोनों ही जगह देशभक्ति का माहौल बन गया है. यहां भारतीय सेना की कार्यशैली, तकनीक और शौर्य पराक्रम को देखने के लिए लोगों की जमकर भीड़ उमड़ रही है. जयपुर में भारतीय सेना के भव्य हथियारों को नजदीक से देखने के लिए प्रदर्शनी में पहले ही दिन हजारों लोग पहुंच चुके हैं. लोगों ने भारतीय सेना के वे हथियार देखे, जिनका नाम शायद उन्होंने पहले कभी सुना हो या पढ़ा हो, लेकिन आज जयपुर के लोग उन्हें बिल्कुल पास से देख पा रहे हैं.
प्रदर्शनी में भारतीय सेना द्वारा ब्रह्मोस सुपरसोनिक मिसाइल, तुर्की के ड्रोन, आकाश का एयर डिफेंस सिस्टम, टैंक और अन्य भव्य हथियार प्रदर्शनी में सजाए गए हैं, जो लोगों के लिए अत्यंत आकर्षक हैं. प्रदर्शनी में भारतीय सेना के हथियारों को देखने के लिए सबसे ज्यादा भीड़ युवाओं और स्कूल के बच्चों की है. सेना के जवानों ने प्रदर्शनी को इतनी भव्यता से सजाया है कि बारिकी से हर हथियार और सेना से जुड़ी तमाम चीजों को देखने और समझने के लिए शायद पूरा दिन भी कम पड़ जाए.
प्रदर्शनी में खास हैं यह भव्य हथियार
‘Know Your Army’ प्रदर्शनी में भारतीय सेना द्वारा सजाए गए हथियारों और डिफेंस सिस्टम में ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल, मिडियम रेंज सर्फेस-टू-एयर मिसाइल, अपग्रेडेड शिल्का, ज़ेड यू 23 एमएम द्विन बैरल गन, बेसिक पायलटलेस टार्गेट एयरक्राफ्ट, एम 777 ए2 अल्ट्रा लाइट होवित्जर, धनुष, बीएम 21 दौड़ अग्निबाण मल्टी बैरल रॉकेट, पिनाका एमएलआरएस, स्मर्च, टैंक टी-90, एमबीटी अर्जुन मार्क-॥, बीएमपी-॥, अपग्रेडेड बीएमपी, के-9 वज्रा, इलेक्ट्रॉनिक काउंटर मिजर, ड्रोन जैमर व्हीकल, यूएलपीजीएम, एलडीएमए ड्रोन, एरियल टारगेटिंग सिस्टम और एल-70 गन शामिल हैं, जिन्हें आम लोगों ने कभी सपने में भी नहीं देखा होगा. इसके अलावा प्रदर्शनी में छोटे-छोटे ड्रोन, बंदूकें, हैंड ग्रेनेड और ऑपरेशन उपकरण से संबंधित कई अन्य चीजें भी हैं. हर हथियार के पास विशेष बोर्ड लगाए गए हैं, जिनसे लोग उसकी जानकारी ले सकते हैं और भारतीय सेना के जवानों से विवरण भी जान सकते हैं.
हथियारों के अलावा एक विशेष गैलरी भी तैयार की गई है
भारतीय सेना की प्रदर्शनी में हथियारों के अलावा एक विशेष गैलरी भी तैयार की गई है. इसमें भारतीय सेना से जुड़े इतिहास, वीरता, पुरस्कार, सेना के अधिकारियों की उपलब्धियां, सेना में पद, भारतीय सेना के युद्ध, दुनियाभर में किए गए अभियान, भारतीय सेना में महिलाओं की भागीदारी और प्रमुख रेस्क्यू ऑपरेशन जैसी जानकारियाँ प्रदर्शित की गई हैं. यह प्रदर्शनी लगातार 5 दिन तक चलेगी. आम जनता इसे सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक मुफ्त में देख सकती है. प्रदर्शनी में प्रवेश के लिए किसी प्रकार का पास या विशेष आईडी आवश्यक नहीं है. लोग स्थल पर पहुंचे, उनकी जांच होगी और फिर उन्हें लाइन लगाकर प्रदर्शनी में प्रवेश दिया जाएगा.



