Bharatpur News: मथुरा में H1N1 की दस्तक से भरतपुर अलर्ट, अस्पताल में तैयार हुआ 30 बेड का आइसोलेशन वार्ड

Last Updated:September 13, 2026, 19:11 IST
Bharatpur News: मथुरा में H1N1 संक्रमण के मामले सामने आने के बाद भरतपुर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है. एहतियात के तौर पर अस्पताल में 30 बेड का अलग आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है और बच्चों व वयस्कों के लिए टैमीफ्लू दवा का पर्याप्त स्टॉक रखा गया है. फिलहाल भरतपुर में स्वाइन फ्लू का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है.
भरतपुर. मथुरा में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले सामने आने के बाद अब भरतपुर स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है. पड़ोसी जिले में संक्रमण के मामले मिलने के बाद भरतपुर में एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है. संभावित मरीजों की पहचान और इलाज के लिए अस्पताल में 30 बेड का अलग आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है. ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तुरंत भर्ती कर उपचार दिया जा सके.
स्वास्थ्य विभाग की ओर से H1N1 संक्रमण को लेकर अस्पतालों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नागेंद्र भदौरिया ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि स्वाइन फ्लू के संभावित खतरे को देखते हुए विभाग पूरी तरह सतर्क है. अस्पताल में संभावित मरीजों के इलाज के लिए बच्चों और वयस्कों को दी जाने वाली टैमीफ्लू दवा का पर्याप्त स्टॉक भी उपलब्ध रखा गया है.
भरतपुर जिले में स्वाइन फ्लू का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं
फिलहाल भरतपुर जिले में स्वाइन फ्लू का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है. हालांकि स्वास्थ्य विभाग किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी कर रहा है. राज्य सरकार की गाइडलाइन के अनुसार अस्पतालों में आइसोलेशन सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं मजबूत की गई हैं. स्वास्थ्य विभाग की ओर से सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार जैसे लक्षणों वाले मरीजों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. खासतौर पर ऐसे मरीजों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, जिनमें सांस लेने में परेशानी या फ्लू जैसे गंभीर लक्षण दिखाई दे रहे हैं.
जरूरत पड़ने पर ऐसे मरीजों की जांच कर संक्रमण की स्थिति का पता लगाया जाएगा स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है. विशेषज्ञों के अनुसार फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए. भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतने, खांसते या छींकते समय मुंह ढकने और हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखने जैसे एहतियाती उपाय संक्रमण के प्रसार को रोकने में मददगार हो सकते हैं. मथुरा में सामने आए मामलों के बाद भरतपुर में बढ़ाई गई यह सतर्कता फिलहाल एहतियाती कदम है. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जिले में अभी स्थिति नियंत्रण में है और संभावित संक्रमण से निपटने के लिए अस्पतालों में आवश्यक तैयारियां पूरी रखी गई हैं.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Bharatpur,Rajasthan
First Published :
September 13, 2026, 19:11 IST



