Bhilwara News: कोचिंग से घर लौट रहे 11वीं के छात्र को तेज रफ्तार डंपर ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

Last Updated:October 17, 2026, 19:13 IST
भीलवाड़ा के बडला गांव में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार 18 वर्षीय 11वीं के छात्र रवि राजपुरावत को टक्कर मार दी. कोचिंग से घर लौट रहे रवि को गंभीर हालत में महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे में बाइक का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
भीलवाड़ा. जिले के बड़लियास थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 11वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई. बडला गांव के चौराहे पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार छात्र को टक्कर मार दी. हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, मौके पर मौजूद राहगीर उसे तुरंत भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे में छात्र की बाइक का अगला हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 18 वर्षीय रवि राजपुरावत के रूप में हुई है. वह अमरतिया गांव का रहने वाला था और 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था. रवि पढ़ाई के लिए सवाईपुर में कोचिंग क्लास जाता था, बताया जा रहा है कि वह कोचिंग में पढ़ाई करने के बाद अपनी बाइक से घर लौट रहा था. इसी दौरान बडला गांव के चौराहे पर तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि रवि सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद लोगों ने घायल छात्र को संभाला और बिना देरी किए उसे अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
बाइक का अगला हिस्सा हुआ चकनाचूर
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद रवि की बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए. हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. रवि की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. जिस बेटे से परिवार को भविष्य में काफी उम्मीदें थीं, उसकी अचानक मौत से घर में मातम छा गया. जवान बेटे को खोने के गम में परिजन सदमे में हैं। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है. बड़लियास थाना पुलिस ने शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया. पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और डंपर की रफ्तार कितनी थी, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर आगे की कार्रवाई करेगी.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Bhilwara,Rajasthan
First Published :
October 17, 2026, 19:10 IST



