बीजेपी ने टिकट के लिए बनाई ठोस रणनीति, बाहरी प्रत्याशी से करेगी परहेज

Last Updated:August 21, 2026, 14:01 IST
Rajasthan Local Body Elections : बीजेपी ने निकाय चुनाव के मुद्देनजर साफ किया है कि वार्ड के निवासी को ही उस वार्ड में टिकट दिया जाएगा. बाहरी प्रत्याशी से पार्टी परहेज करेगी. अपवाद अलग बात है. इससे खुद का वार्ड रिजर्व हो जाने के कारण दूसरे अनारक्षित वार्डों को ताक रहे दावेदारों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है. निकाय चुनाव में जीत की रणनीति बनाते सीएम भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और अन्य पदाधिकारी.
जयपुर. राजस्थान में 309 निकायों का चुनावी बिगुल के साथ ही बीजेपी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी है. निकाय चुनाव को लेकर भाजपा में संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू कर दिया है. खास बात ये है कि पार्टी अब पूर्व विधायकों और पुराने चुनावी अनुभव वाले नेताओं की भूमिका भी तय कर रही है. प्रत्याशी चयन से लेकर वार्ड स्तर की रणनीति तक पर मंथन शुरू हो गया है. जयपुर समेत बड़े नगर निगमों को बीजेपी ने अपने लिए बेहद अहम माना है. पार्टी का कहना है कि वार्ड पार्षद के लिए उसी वार्ड के कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाया जाएगा. लेकिन अपवाद स्वरूप कहीं जरूरत पड़ी तो इस फार्मूले को बदला भी जा सकता है.
राजस्थान के 309 निकायों के चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठन को एक्टिव मोड में ला दिया है. पूर्व विधायक, पूर्व प्रत्याशी और अनुभवी कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति में शामिल किया जा रहा है. संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल के मुताबिक इन नेताओं के पास ग्राउंड लेवल का अनुभव है. कार्यकर्ताओं से सीधा जुड़ाव है और चुनाव लड़ने की बारीकियों की समझ है. उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में चाहे नगर निकाय के चुनाव या उसके बाद के पंचायत चुनाव हो उन सब चुनाव में उनकी भूमिका भी बहुत महत्वपूर्ण है.
अनुभवी नेताओं के पास चुनाव लड़ने के जीतने के वाजिब तरीके हैं
बकौल जोगाराम अनुभवी पदाधिकारियों और नेताओं के पास ग्राउंड लेवल की जानकारी है. कार्यकर्ताओं से पहचाने और चुनाव लड़ने के जीतने के वाजिब तरीके हैं. ऐसी स्थिति में भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों से बातचीत हुई है और उनके अनुभव भी साझा हुए हैं. इस बार गुजरात, महाराष्ट्र, UP और उत्तराखंड की तर्ज पर भाजपा शत प्रतिशत निकायों में चुनाव जीतने की रणनीति और संकल्प के साथ जनता के बीच जाएंगी. संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने साफ किया कि हमारी कोशिश यह होगी कि वार्ड में रहने वाला कार्यकर्ता ही वहां से चुनाव लड़े.
13 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति बनाई
बीजेपी ने निकाय चुनाव के लिए घोषणा पत्र तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बताया कि राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी की अध्यक्षता में 13 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति बनाई गई है. समिति अलग-अलग निकायों से सुझाव लेकर स्थानीय जरूरतों के हिसाब से घोषणा पत्र तैयार करेगी. बीजेपी की चुनावी रणनीति का सबसे बड़ा आधार विकास को बनाया जा रहा है. सरकार के करीब 30 से 31 महीने के कार्यकाल में पेयजल परियोजनाएं, राइजिंग राजस्थान, रोजगार, रिफाइनरी, जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण, किसान सम्मान निधि और एससी-एसटी वर्ग से जुड़े विकास कार्यों को पार्टी जनता के बीच लेकर जाएगी. बीजेपी का दावा है कि कांग्रेस के नकारात्मक प्रचार के बजाय सरकार के काम और विकास को चुनावी मुद्दा बनाया जाएगा.
About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 21, 2026, 14:01 IST



