बीजेपी अध्यक्ष नीतिन नवीन का राजस्थान दौरा, जानें क्या संदेश देने आए हैं और कहां है निशाना?

Last Updated:April 27, 2026, 15:27 IST
Rajasthan Politics : बीजेपी अध्यक्ष नीतिन नवीन आज राजस्थान के दौरे पर हैं. नवीन के अध्यक्ष बनने का बाद यह उनका राजस्थान का पहला दौरा है. माना जा रहा है कि बीजेपी नवीन के इस दौरे से विधानसभा चुनाव की तैयारियों की शुरुआत करेगी. नवीन का यह दौरा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करने के साथ ही उनमें ऊर्जा का संचार करने के लिए है. कार्यकर्ताओं से मेल मुलाकात के साथ ही उन्हें सूबे में सत्ता की वापसी के लिए पार्टी की रणनीति की रूपरेखा समझाना भी है. 
नीतिन नवीन के दौरे की शुरुआत कांग्रेस के दिग्गज नेता सचिन पायलट के गढ़ टोंक से हुई है ताकि उसकी गूंज दूर तक सुनाई दे सके.
जयपुर. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज राजस्थान के दौरे पर हैं. वे राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राजस्थान आए हैं. इसलिए इसके राजनीतिक मायने काफी अहम निकाले जा रहे हैं. इस दौरे के जरिए नितिन न सिर्फ संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन करेंगे बल्कि आगामी पंचायत और निकाय के साथ ही साल 2028 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए सत्ता में वापसी की रणनीति भी अभी से तैयार करने पर फोकस करेंगे. इसके लिए वे पार्टी के शीर्ष पदाधिकारियों के साथ जयपुर में बैठक भी करेंगे.
राजस्थान में परंपरागत रूप से हर विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन का ट्रेंड रहा है. लेकिन बीजेपी इस बार ट्रेंड को तोड़ने के मिशन पर काम कर रही है. नितिन नवीन के इस दौरे को इसी दिशा से जोड़ कर देखा जा रहा है. वे यहां पार्टी के बूथ स्तर से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक की नब्ज टटोलने आए हैं. वे कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करेंगे. दौरे की शुरुआत कांग्रेस के दिग्गज नेता सूबे के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के गढ़ टोंक से हुई है ताकि उसकी गूंज दूर तक सुनाई दे सके.
चुनावी रणनीति पर विस्तार से होगी चर्चाराजनीति के जानकारों के अनुसार पार्टी के लिए बूथ स्तर सबसे अहम माना जाता है. क्योंकि यही चुनावी जीत की नींव होता है. नितिन नवीन टोंक में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और संगठन की वास्तविक स्थिति को समझने का प्रयास करेंगे. इसके बाद वे जयपुर में प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठक लेंगे. इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती, सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल तथा चुनावी रणनीति जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करेंगे.
समन्वय बेहतर बनाने पर है खास फोकसखासतौर पर यह देखा जाएगा कि किस तरह कार्यकर्ता से लेकर वरिष्ठ नेताओं तक में समन्वय बेहतर बनाया जाए ताकि चुनावी मैदान में एकजुटता के साथ उतरा जा सके. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश पदाधिकारियों और कोर टीम के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे. इस बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा ताकि आम जनता के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत हो सके.
सत्ता परिवर्तन के ट्रेंड को तोड़ने पर मंथन किया जाएगा
इसके साथ ही आगामी पंचायत और निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीति तैयार की जाएगी. इस बैठक में कोर टीम के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. इस अहम बैठक में राजस्थान में परंपरागत सत्ता परिवर्तन के ट्रेंड को तोड़ने पर मंथन किया जाएगा. 2028 के विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा होगी. इसमें सीएम भजनलाल शर्मा, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, डिप्टी सीएम दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल, केन्द्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन मेघवाल, भागीरथ चौधरी और हरियाणा प्रभारी सतीश पूनिया समेत वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ कनकमल कटारा, राजेन्द्र गहलोत तथा कमेटी के अन्य सदस्य शामिल होंगे.About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
April 27, 2026, 15:26 IST



