Cancer: कैंसर से बचने के लिए क्या है तरीका, ऑन्कोलॉजिस्ट ने बताया जीवन में 6 आदत अपना लें, नहीं होगी बीमारी

Cancer Prevention Tips: ग्लोबल स्टेट्स रिपोर्ट ऑफ कैंसर के मुताबिक भारत में 2024 में कैंसर के 15.6 लाख नए मरीज आएजबकि इसी साल 9 लाख लोगों की मौत कैंसर से हो गई. यह बेहद दर्दनाक कहानी है. कैंसर न उम्र देखता है न अमीरी-गरीबी. हर साल अगर 15 लाख लोग इसके चपेट में आते हैं तो कल्पना कीजिए कि अगले कुछ सालों में कितने अधिक कैंसर के मरीज भारत में होंगे. जिस तेजी से कैंसर की रफ्तार बढ़ रही है, उसमें कैंसर से खुद को बचाना बेहद चुनौतीपूर्ण है. हालांकि कैंसर कब किसको हो जाए यह कोई नहीं बता सकता लेकिन कुछ हद तक हम कैंसर को होने से रोक जरूर सकते हैं. इसलिए ऑन्कोलॉजिस्ट ने कैंसर के रिस्क को कम करने के लिए इन 6 आदतों को अपनाने के लिए कहा है.
कैंसर से बचने के लिए ये 6 आदत अपनाएं
सबसे पहले सुकून की नींद-कैंसर से बचने के लिए सबसे पहले सुकून भरी नींद लें. कई रिसर्च में यह प्रमाणित हो चुका है कि अच्छी नींद में शरीर खुद को मरम्मत करता है. कैंसर का प्रमुख कारण डीएनए में खराबी है. जब हम नींद में रहते हैं तो डीएनए की भी मरम्मत होती रहती है. वहीं इम्युनिटी को बेहतर बनाने और हॉरमोन संतुलन बनाए रखने के लिए भी नियमित नींद का पैटर्न होना जरूरी है. हालांकि इसकी कोई गारंटी नहीं है कि अच्छी नींद लेने से कैंसर नहीं होगा लेकिन इस बात का रिस्क बहुत कम हो जाता है.
पुराने जमाने के भोजन –आजकल जिस तरह से हम प्रोसेस्ट फूड, जंक फूड, फास्ट फूड, ज्यादा चर्बी वाले फूड, चीज, बटर, ज्यादा नमक, ज्यादा चीनी वाले फूड के लोग आदी हो गए हैं, ये सब कैंसर के रिस्क को बहुत बढ़ा देते हैं. इसलिए इन चीजों से दूर रहें. पुराने जमाने में हमारे बुजुर्ग साबुत अनाज को पकाकर खाते थे, उसी तरह का भोजन करें. ज्यादा भोजन न करें, संतुलित भोजन करें जिसमें प्रोटीन, कार्बोहाइड्रैट और फैट का संतुलन हो. हरी सब्जियों से आपकी आधी थाली भरी होनी चाहिए. उसके बाद रोजाना फल, सीड्स और ड्राई फ्रूट्स का सेवन करें.
रोज एक्सरसाइज-हर रोज कम से कम आधा घंटा जरूर एक्सरसाइज करें. कम से कम 10 हजार कदम ही चल लें. यदि सक्षम हैं तो रनिंग करें. किसी न किसी तरह से शरीर को थकाएं. जितना शरीर थकेगा उतनी कसरत होगी और आप हर तरह से तरोताजा महसूस करेंगे. इसलिए एक्सरसाइज सिर्फ कैंसर ही नहीं अन्य बीमारियों से भी बचाती है.
पाचन मजबूत रखें-आजकल अधिकांश व्यक्ति पाचन से संबंधित समस्याओं से ग्रसित रहते हैं. समय पर भोजन करने और आसानी से पचने वाले आहार को चुनने से पाचन तंत्र मजबूत रहता है. पाचन क्रिया का इम्यून सिस्टम से गहरा संबंध है. जब इम्यून सिस्टम मजबूत रहेगा तो शरीर के अंदर बाहरी शक्तियों का प्रवेश कम होगा जिससे डीएनए में खराबी नहीं होगी और जब डीएनए में खराबी नहीं होगी तो कैंसर भी नहीं होगा.
सिगरेट-शराब जैसी बुरी आदतों से दूर रहे-कैंसर का सबसे बड़ा कारण सिगरेट यानी तंबाकू और शराब यानी अल्कोहल है. इन दोनों का किसी भी रूप में सेवन न करें. आज से ही इसे बंद कर दें. सिगरेट और शराब की थोड़ी मात्रा भी कैंसर के रिस्क को कई गुना बढ़ा देती है.
शरीर में बदलाव वाले लक्षणों को नजरअंदाज न करें-कैंसर बहुत सालों बाद लक्षण दिखाता है लेकिन कुछ कैंसर में लक्षण मामूली संकेत देता है. इसलिए शरीर में किसी तरह की असमान्य चीज दिखें तो तुरंत चौकन्ना हो जाए. जैसे शरीर में कहीं भी स्किन में किसी तरह का बदलाव, तिल के रंग-रूप आकार में बदलाव, कहीं गांठ होना, कही चकत्ते होना, लगातार गले में दर्द, आवाज में बदलाव, वजन में अचानक कमी आदि दिखें तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं.



