सरकारी योजना की आड़ में बड़ा खेल… ग्रामीणों के नाम खुलवाते थे बैंक खाते, फिर साइबर ठगों को बेच देता था गिरोह

Last Updated:October 04, 2026, 10:53 IST
Churu Cyber Fraud: चूरू साइबर थाना पुलिस ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं में सब्सिडी दिलाने का झांसा देकर उनके नाम से एयरटेल पेमेंट्स बैंक में खाते खुलवाने और उन्हें साइबर ठगों को बेचने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने सुजानगढ़, फतेहपुर और मांडेला निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ये आरोपी खुद को बैंक मैनेजर बताकर केवाईसी लेते थे और खाते खोलकर ठगों को बेच देते थे. छापर निवासी एक आरोपी अभी फरार है. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगों की तलाश में गहनता से जांच कर रही है.
ख़बरें फटाफट
Churu Cyber Scam: पहले सरकारी योजना का सपना दिखाया, फिर खाते खुलवाकर बेच दिए ठगों को; पुलिस ने 3 को पकड़ा
चूरू: राजस्थान के चूरू जिले में साइबर ठगी के एक बड़े और हैरान करने वाले मामले का पर्दाफाश हुआ है. चूरू साइबर थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह का खुलासा किया है, जो भोले-भाले ग्रामीणों को अपना शिकार बनाता था. यह गिरोह ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं में भारी सब्सिडी दिलाने का झूठा झांसा देकर उनके नाम पर एयरटेल पेमेंट्स बैंक में ऑनलाइन खाते खुलवाता था. खाते खुलने के बाद ये शातिर अपराधी उन खातों को साइबर ठगों को बेच देते थे, ताकि ठगी की काली कमाई का लेन-देन इन खातों के माध्यम से किया जा सके. पुलिस ने इस गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपियों का काम करने का तरीका बेहद ही शातिर था. वे ग्रामीण इलाकों में जाकर खुद को एनजीओ का सक्रिय सदस्य बताते थे. भोले-भाले ग्रामीणों को विश्वास में लेने के लिए वे बकरी पालन, दुग्ध उत्पादन और सौर ऊर्जा जैसी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं की जानकारी देते थे. ग्रामीणों को बताया जाता था कि इन योजनाओं के तहत उन्हें सरकार की तरफ से भारी वित्तीय सब्सिडी मिलेगी. सब्सिडी का पैसा सीधे उनके बैंक खाते में आएगा, इसलिए उनका एक नया डिजिटल बैंक खाता खोलना जरूरी है. ग्रामीण इनकी बातों में आकर अपने दस्तावेज सौंप देते थे. इसके बाद आरोपी ग्रामीणों की फोटो और केवाईसी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर ऑनलाइन करंट खाते खुलवाते थे.
खुद को बताते थे बैंक मैनेजर और अधिकारीजांच में यह भी सामने आया है कि ये ठग ग्रामीणों के सामने खुद को एयरटेल पेमेंट्स बैंक का मैनेजर और सहायक मैनेजर बताते थे. उनके इसी रुतबे के कारण ग्रामीण उन पर आसानी से भरोसा कर लेते थे. पुलिस के अनुसार, इस मामले में सुजानगढ़ निवासी जितेंद्र कुमार जैन, फतेहपुर के उदनसर निवासी अंकित जाट और मांडेला निवासी कार्तिक जाट को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. वहीं, इस पूरे नेटवर्क में शामिल छापर निवासी सेठी भाट सहित चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज हुआ था. सेठी भाट की गिरफ्तारी अभी नहीं हो पाई है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
पासबुक और एटीएम नहीं देते थे, ठगों को बेचते थे खातेआरोपियों की चालाकी यहीं खत्म नहीं होती थी. जब वे ग्रामीणों के नाम पर बैंक खाते खोल लेते थे, तो वे जानबूझकर खाताधारकों को उनकी पासबुक और एटीएम कार्ड नहीं देते थे. इन सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों को वे अपने पास ही रखते थे. बाद में, इन सक्रिय खातों को अन्य साइबर ठगों को बेच दिया जाता था. साइबर ठग इन खातों का इस्तेमाल अपनी ठगी की रकम मंगाने और अवैध लेन-देन के लिए करते थे. इससे अगर कभी पुलिस जांच करती, तो असली ठगों के बजाय निर्दोष ग्रामीण पुलिस के रडार पर आते.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और आगे की जांचचूरू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) निश्चय प्रसाद एम ने इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को गांव देवाणी के रहने वाले मेघाराम लुहार ने पुलिस को इस धोखाधड़ी की रिपोर्ट दी थी. शिकायत के आधार पर 30 सितंबर 2026 को साइबर थाना चूरू में बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी विजय कुमार मीणा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने साइबर सुरागों के आधार पर तीनों आरोपियों को दबोच लिया. इस कार्रवाई में साइबर थाने के कमल कुमार, सुनील कुमार और राकेश कुमार की अहम भूमिका रही. प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि इन आरोपियों ने फतेहपुर, छापर, सुजानगढ़ और आसपास के गांवों में सैकड़ों लोगों के खाते इसी तरह खुलवाए हैं. पुलिस अब साइबर ठगों तक पहुंचने और मामले में फरार आरोपी की तलाश में जुटी है.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
और पढ़ेंLocation :
Churu,Churu,Rajasthan
First Published :
October 04, 2026, 10:53 IST



