Charchit Gaur IAS Wife Photo: बेटी ने की आईएएस पिता के ऑफिस जाने की जिद, IFS मां ने तुरंत पोस्ट की बेहद क्यूट फोटो

नई दिल्ली (Charchit Gaur IAS Wife). देशभर के प्रशासनिक गलियारों में फाइल्स, मीटिंग्स और बड़े फैसलों की चर्चाएं होना आम है. लेकिन कभी-कभी इन जिम्मेदारियों के बीच से कुछ ऐसी खूबसूरत कहानियां निकलकर आती हैं, जो सीधे दिल को छू लेती हैं. उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में तैनात युवा डीएम और उनके परिवार से जुड़ा एक ऐसा ही किस्सा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. आईएएस चर्चित गौड़ की पत्नी आईएफएस आरुषि मिश्रा ने अपनी बेटी की बेहद प्यारी फोटो शेयर की है.
यह कहानी सिर्फ उनकी मासूम बच्ची की जिद भर की नहीं है, बल्कि उस खूबसूरत सफर की भी है जो 2 युवाओं ने कोटा से शुरू किया था. चर्चित गौड़ और आरुषि मिश्रा ने देश की सबसे प्रतिष्ठित सिविल सेवा को अपनी मंजिल बनाया था और उसे हासिल भी किया. आईएएस चर्चित गौड़ अपनी प्रशासनिक कार्यशैली और कम उम्र में बड़ी जिम्मेदारी संभालने के लिए जाने जाते हैं. उनकी पत्नी और आईएफएस अधिकारी आरुषि मिश्रा के साथ उनकी प्रेम कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है.
जब बेटी पर सवार हुई ‘पापा के ऑफिस’ जाने की धुन
आईएएस अधिकारी चर्चित गौड़ की पत्नी और भारतीय वन सेवा (IFS) की अधिकारी आरुषि मिश्रा ने इंस्टाग्राम पर बेहद प्यारी तस्वीर शेयर की है. इसमें वह अपनी नन्ही सी बेटी को गोद में लिए हुए सोनभद्र डीएम ऑफिस के मुख्य बोर्ड के पास खड़ी नजर आ रही हैं. उस पर साल 2015 से लेकर 2026 तक के जिला कलेक्टर के नाम दर्ज हैं. इस लिस्ट में आखिरी नाम उनके पति चर्चित गौड़ का है, जो 25 अप्रैल 2026 से सोनभद्र के जिला कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. आरुषि ने कैप्शन में लिखा कि लाख कोशिशों के बाद भी जब बच्ची पर सिर्फ ‘पापा के ऑफिस चलो’ की जिद सवार हो तो पेरेंट्स को झुकना ही पड़ता है.
View this post on Instagram
कोटा से शुरू हुई थी चर्चित और आरुषि की फिल्मी लव स्टोरी
आईएएस चर्चित गौड़ और आईएफएस आरुषि मिश्रा की प्रेम कहानी किसी सुपरहिट बॉलीवुड फिल्म की तरह दिलचस्प है. चर्चित मूल रूप से राजस्थान के प्रसिद्ध कोचिंग हब कोटा से ताल्लुक रखते हैं, जबकि आरुषि उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली हैं. दोनों की पहली मुलाकात कोटा में ही हुई थी जब आरुषि जेईई मेन की तैयारी कर रही थीं और चर्चित भी वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं में जुटे थे. फिर चर्चित ने आईआईटी दिल्ली और आरुषि ने आईआईटी रुड़की से बीटेक किया. इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती गहरी हुई जो बाद में प्यार में बदल गई और साल 2021 में दोनों एक-दूसरे के जीवनसाथी बन गए.
यूपीएससी में सफलता के झंडे गाड़ने वाले दो दिग्गज
इंजीनियरिंग के बाद दोनों ने देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली यूपीएससी सिविल सेवा की राह चुनी. साल 2015 में IIT से पास होने के बाद चर्चित गौड़ ने पहले ही प्रयास में सिविल सेवा परीक्षा में 96वीं रैंक हासिल की और यूपी कैडर के आईएएस अधिकारी बने. वहीं, आरुषि मिश्रा ने 2019 की भारतीय वन सेवा (IFS) परीक्षा में पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. आरुषि आगरा में नेशनल चंबल सेंचुरी की डायरेक्टर और डीएफओ रह चुकी हैं, जबकि चर्चित गौड़ आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
आईएएस चर्चित गौड़ को ‘यूपी के सबसे कम उम्र के जिला कलेक्टर’ (UP’s Youngest District Collector) के रूप में भी खासी पहचान मिली है.



