Dog Raising Tips: छोटे फ्लैट से बड़े बंगले तक, जानिए किस घर के लिए कौन-सी डॉग ब्रीड है बेस्ट

पाली. अगर आप भी अपने घर में एक नया पेट यानी डॉग लाने की सोच रहे हैं, या अक्सर इस बात को लेकर कंफ्यूज रहते हैं कि आपके घर और परिवार के लिए कौन सी डॉग ब्रीड सबसे सही रहेगी, तो यह खबर आपके बहुत काम की है. अक्सर लोग केवल शौक में डॉग खरीद तो लाते हैं, लेकिन सही जानकारी न होने के कारण बाद में उन्हें और उनके पेट को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इसी उलझन को दूर करने के लिए जोधपुर पशुपालन विभाग में उपनिदेशक पद पर कार्यरत ओर डॉग एक्सपर्ट डॉ. संजय व्यास ने लोगों को दिए हैं बेहद खास और काम के टिप्स दिए हैं.
डॉ. व्यास का कहना है कि कुत्ता स्वभाव से वफादार और संवेदनशील जीव है, जो कभी बिना वजह किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता. आप जैसा व्यवहार उनके साथ करेंगे, वे भी वैसा ही प्यार लौटाएंगे. लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि अपने घर के आकार और जरूरत के हिसाब से ही सही ब्रीड का चयन किया जाए. छोटे घर में बड़े डॉग्स पालना या सुरक्षा के लिए टॉय ब्रीड लाना गलत फैसला साबित हो सकता है.
वफादार और संवेदनशील होते हैं डॉग्स
जोधपुर में पशुपालन विभाग में सेवाएं दे रहे संयुक्त निदेशक डॉ. संजय कृष्ण व्यास ने डॉग लवर्स और आमजन से कहा कि कुत्ते स्वभाव से बेहद वफादार और संवेदनशील प्राणी होते हैं. उन्होंने इस बात को खारिज किया कि डॉग्स आक्रामक होते हैं. डॉ. व्यास ने स्पष्ट किया कि कोई भी डॉग बिना कारण किसी पर हमला नहीं करता. इंसान उनके साथ जैसा स्नेह, अपनापन और व्यवहार करता है, वे भी बदले में वैसा ही प्यार और सुरक्षा का भाव लौटाते हैं. यदि उन्हें सही माहौल, समय पर भोजन, नियमित टीकाकरण, स्वच्छता और उचित ट्रेनिंग मिले तो वे परिवार के सबसे भरोसेमंद सदस्य बन जाते हैं.
अपनी जरूरत और मकान की साइज के हिसाब से चुनें ब्रीड
डॉ. संजय कृष्ण व्यास ने पालतू डॉग्स के चयन को लेकर एक बेहद उपयोगी गाइडलाइन साझा की. उन्होंने बताया कि हर इंसान की जरूरत और घर का स्पेस अलग होता है, इसलिए ब्रीड का चुनाव हमेशा अपनी जरूरत के अनुसार करना चाहिए. अगर आपके पास बड़ा फार्म हाउस या बड़ा परिसर है और आपको सुरक्षा के लिहाज से डॉग चाहिए, तो बड़ी ब्रीड्स का चयन करना चाहिए. इसके लिए जर्मन शेफर्ड, बेल्जियम शेफर्ड, हस्की जैसी बड़ी और एक्टिव ब्रीड्स सबसे उपयुक्त होती हैं.
छोटे बच्चों के लिए बेस्ट है ये बीड्स
यदि घर में छोटे बच्चे हैं और आप उन्हें खेलने या गोदी में रखने के लिए पालना चाहते हैं, तो टॉय ब्रीड्स सबसे बेहतरीन विकल्प हैं. इन छोटे डॉग्स की साइज महज 6 से 7 इंच तक होती है, जिन्हें आसानी से संभाला जा सकता है. अगर आपका मकान 30 बाय 60 फीट का है या मध्यम आकार का है, तो आपको छोटी और मीडियम साइज की ब्रीड्स चुननी चाहिए. इसके लिए पॉम-पॉम (पामेरियन), शिहत्ज़ु, बीगल जैसी टॉय व स्मॉल ब्रीड्स सबसे सही रहती हैं. यदि आपके पास थोड़ा ज्यादा स्पेस है, तो आप लेब्राडॉर (Labrador) जैसी शांत और फ्रेंडली ब्रीड को भी आसानी से पाल सकते हैं.



