वकीलों के प्रदर्शन से जयपुर में लगा लंबा जाम, कलेक्ट्रेट सर्किल पर सड़क रोकी, MI रोड पर रेंगते रहे वाहन

Last Updated:August 18, 2026, 18:26 IST
Jaipur Lawyers Protest: जयपुर सैशन्स कोर्ट में टीनशेड और फर्श बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सड़क जाम तक पहुंच गया. कुछ वकीलों ने बार पदाधिकारी के साथ मारपीट और अभद्रता के आरोप लगाते हुए थाना अधिकारी के निलंबन की मांग की और कलेक्ट्रेट सर्किल के पास सड़क जाम कर दिया. कार्रवाई नहीं होने से नाराज वकीलों ने विरोध जताया. जाम के कारण एमआई रोड, स्टेशन रोड, अजमेर पुलिया और गोपालबाड़ी समेत आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ. वाहन रेंग-रेंगकर चलते नजर आए. रेलवे स्टेशन और सिंधी कैंप बस अड्डे जाने वाले लोगों को भी परेशानी हुई.
ख़बरें फटाफट
जयपुर कलेक्ट्रेट सर्किल पर वकीलों का जाम, स्टेशन रोड-अजमेर पुलिया पर रेंगते रहे वाहन
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में वकीलों और पुलिस प्रशासन के बीच उपजा विवाद बुधवार को सड़क पर आ गया. बार पदाधिकारी के साथ मारपीट के विरोध में वकीलों ने जयपुर कलेक्ट्रेट सर्किल के पास मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया. इस अचानक हुए प्रदर्शन और सड़क जाम के कारण शहर के कई प्रमुख इलाकों में यातायात पूरी तरह से चरमरा गया.
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत जयपुर सेशन कोर्ट परिसर में चल रहे निर्माण कार्य को लेकर हुई थी. जानकारी के अनुसार, कोर्ट परिसर में टीनशेड लगाने और फर्श के निर्माण कार्य को लेकर वकीलों और स्थानीय पुलिस के बीच किसी बात पर कहासुनी और विवाद हो गया था. आरोप है कि इस दौरान एक थाना अधिकारी ने बार पदाधिकारी के साथ अभद्रता की और उनके साथ मारपीट की. वकीलों का कहना है कि पुलिस का यह रवैया पूरी तरह से अस्वीकार्य है और इससे पूरे अधिवक्ता समुदाय में गुस्सा है.
कार्रवाई की मांग और कलेक्ट्रेट सर्किल पर सड़क जामइस घटना से नाराज वकीलों ने संबंधित थाना अधिकारी को तुरंत प्रभाव से निलंबित करने की मांग की है. पुलिस अधिकारियों द्वारा शुरुआती दौर में कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से वकीलों का गुस्सा और भड़क गया. इसके बाद कुछ वकीलों ने एकजुट होकर जयपुर कलेक्ट्रेट के पास मुख्य सड़क को जाम कर दिया.
बार एसोसिएशन ने जताई असहमतिइस बीच बार एसोसिएशन ने इस सड़क जाम पर अपनी असहमति व्यक्त की है. बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर न्यायोचित और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने के पक्ष में हैं, लेकिन सड़क जाम करने से आम जनता को जो असुविधा होती है, उससे बचना चाहिए. हालांकि, इसके बावजूद मौके पर मौजूद वकीलों में गुस्सा साफ तौर पर देखा गया.
शहर के यातायात पर पड़ा भारी असरकलेक्ट्रेट सर्किल पर वकीलों द्वारा अचानक सड़क जाम किए जाने के कारण जयपुर के आसपास के कई प्रमुख इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम लग गया. स्थिति यह हो गई कि वाहन रेंग-रेंगकर चलने को मजबूर हो गए. सबसे ज्यादा परेशानी रेलवे स्टेशन और सिंधी कैंप बस स्टैंड की तरफ जाने वाले यात्रियों को उठानी पड़ी, जिनकी ट्रेनें और बसें इस जाम के चलते छूटने की कगार पर पहुंच गईं.
एमआई रोड, स्टेशन रोड, अजमेर पुलिया और गोपालबाड़ी जैसे व्यस्त मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं. ट्रैफिक पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने और वाहनों को डायवर्ट करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है. समाचार लिखे जाने तक प्रशासन वकीलों को समझाने और यातायात सुचारू करने के प्रयासों में जुटा है.
Location :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 18, 2026, 18:26 IST



