Dungarpur News: राहगीरों को बनाते थे शिकार, चाकू दिखाकर लूटते थे सामान, ऐसे पुलिस के हत्थे चढ़ा तीन शातिर बदमाश

डूंगरपुर. राजस्थान के डूंगरपुर जिले में वरदा थाना पुलिस ने राहगीरों को लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की ईको गाड़ी जब्त की है. आरोपियों ने सवारी बनकर गाड़ी में बैठे दो युवकों को सुनसान इलाके में ले जाकर चाकू की नोक पर लूट लिया था. बदमाशों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर उनके महंगे मोबाइल फोन, पर्स, नकदी और जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गए थे. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की.
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने संदिग्ध वाहन की पहचान की. इसके बाद नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए पीछा किया. पुलिस को देखकर बदमाश गाड़ी छोड़कर जंगल की तरफ भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों को दबोच लिया. पुलिस अब आरोपियों से लूटे गए सामान की बरामदगी के साथ जिले में हुई अन्य लूट और चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है.
लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठाया, फिर की लूटपाट
वरदा थानाधिकारी देवेंद्र सिंह राव ने बताया कि सागवाड़ा पुनर्वास कॉलोनी निवासी यमन दवे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. रिपोर्ट के अनुसार, 2 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे यमन अपने साथी पंकज के साथ सागवाड़ा जाने के लिए डूंगरपुर बस स्टैंड के पास माथुगामड़ा मोड़ पर वाहन का इंतजार कर रहा था. इसी दौरान एक सफेद रंग की ईको गाड़ी वहां आकर रुकी. चालक ने सवारी बैठाने की बात कही, जिस पर दोनों युवक गाड़ी में बैठ गए. डोजा मोड़ के पास चालक गाड़ी को मुख्य हाईवे से हटाकर दोवड़ा रोड की तरफ सुनसान इलाके में ले गया. वहां गाड़ी रुकते ही आरोपियों ने चाकू निकालकर दोनों युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी. बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर उनके मोबाइल फोन, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और नकदी लूट ली. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
पुलिस ने भाग रहे आरोपी को खदेड़कर जंगल में पकड़ा
वारदात के खुलासे के लिए थानाधिकारी देवेंद्र सिंह राव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की. इसके बाद सूचना मिलने पर आंतरी बस स्टैंड के पास नाकाबंदी की गई. पुलिस ने संदिग्ध ईको गाड़ी को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन की गति बढ़ाकर भागने का प्रयास किया.
पुलिस टीम ने निजी वाहन से पीछा किया. पाडला गोकलिया मोड़ के पास आरोपी गाड़ी छोड़कर जंगल की तरफ भागने लगे. पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद पीछा कर तीनों को पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वागदरी निवासी अरविन्द कुमार कनिपा, कल्याणपुर, उदयपुर निवासी ललित उर्फ लाला और सुभाष उर्फ बादशाह के रूप में हुई है. पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर लूटे गए मोबाइल फोन, नकदी और दस्तावेजों की बरामदगी के प्रयास कर रही है. पुलिस को आशंका है कि आरोपियों से गहन पूछताछ में जिले की अन्य लूट और चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है.



