सरकारी दफ्तर अब आपकी जेब में! पाली नगर निगम की ‘सिंगल विंडो’ व्यवस्था शुरू, बस एक क्लिक मिलेगा प्रमाण पत्र

Last Updated:April 27, 2026, 17:07 IST
Pali Municipal Corporation Digital Services: पाली नगर निगम ने आमजन की सुविधा के लिए डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम उठाया है. अब नागरिकों को जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. निगम ने एक नई ‘सिंगल विंडो’ व्यवस्था और व्हाट्सएप सेवा शुरू की है, जिसके माध्यम से केवल एक क्लिक पर आवश्यक दस्तावेज सीधे आवेदक के मोबाइल पर उपलब्ध होंगे. इस पारदर्शी और त्वरित प्रक्रिया से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि बिचौलियों और लंबी कतारों से भी राहत मिलेगी. यह नवाचार पाली को स्मार्ट और डिजिटल शहर बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि है.
जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन की प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर निगम पाली की ओर से एकल खिड़की (Single Window) व्यवस्था शुरू की गई है.अब जन्म, मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र से संबंधित नए आवेदन, संशोधन तथा शुल्क जमा करने जैसी सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं.उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से आमजन को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में आसानी होगी तथा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी. एकल खिड़की पर आमजन की सुविधा के लिए आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और शुल्क से संबंधित पूरी जानकारी भी प्रदर्शित की गई है.
नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने इस नई व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि अब जन्म, मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र से संबंधित नए आवेदन करना हो, पुराने प्रमाण पत्र में कोई संशोधन करवाना हो या फिर निर्धारित शुल्क जमा करना हो—ये सभी सेवाएं अब एक ही खिड़की पर उपलब्ध करा दी गई हैं. पहले अलग-अलग कार्यों के लिए अलग-अलग काउंटरों पर जाना पड़ता था, लेकिन अब इस एकीकृत व्यवस्था से आमजन के समय की बचत होगी और काम में तेजी आएगी.
इस व्यवस्था को हाईटेक बनाने के लिए इसे मोबाइल सेवा से जोड़ा गया है. रजिस्ट्रार प्रवीणसिंह राजपुरोहित ने बताया कि आवेदक द्वारा एकल खिड़की पर दस्तावेज जमा कराने के बाद यदि सभी कागजात सही पाए जाते हैं, तो रजिस्ट्रार द्वारा उस पर ई-साइन (डिजिटल हस्ताक्षर) किए जाते हैं. ई-साइन होते ही सिस्टम द्वारा ऑटोमैटिक तरीके से प्रमाण पत्र की पीडीएफ फाइल आवेदक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से भेज दी जाएगी. इससे आवेदक घर बैठे ही अपना प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकेंगे.
Add as Preferred Source on Google
पंजीकरण प्रक्रिया को और अधिक सटीक बनाने के लिए राज्य सरकार के ‘पहचान पोर्टल’ पर भी बदलाव किए गए हैं. अब जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण में आधार नंबर जोड़ने की नई व्यवस्था शुरू की गई है. इसके तहत आमजन अब स्वयं पोर्टल पर जाकर अपने या अपने परिवार के प्रमाण पत्र में आधार नंबर अपडेट कर सकते हैं. इससे भविष्य में दस्तावेजों के सत्यापन और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में काफी आसानी होगी.
नगर निगम की इस एकल खिड़की पर आमजन की सुविधा के लिए आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की सूची और निर्धारित शुल्क से संबंधित पूरी जानकारी बोर्ड पर प्रदर्शित की गई है. आयुक्त भारद्वाज के अनुसार, इस पारदर्शिता से जानकारी के अभाव में होने वाली परेशानियों और बिचौलियों की भूमिका से आमजन को राहत मिलेगी. अब हर नागरिक को पता होगा कि उसे कौन सा दस्तावेज देना है और कितना शुल्क जमा करना है, जिससे पूरी प्रक्रिया भ्रष्टाचार मुक्त और सरल बनेगी.
First Published :
April 27, 2026, 17:07 IST



