Hair Care : क्या आपके बाल भी अचानक झड़ने लगे हैं? सिर्फ शैंपू बदलने से नहीं होगा काम, पूरी करनी होगा ये कमी

ऋषिकेश. बाल झड़ना आम समस्या बन चुका है. रोजाना कुछ बाल टूटना सामान्य है, लेकिन अगर अचानक पहले से ज्यादा बाल गिरने लगें, कंघी या तकिए पर बालों की संख्या बढ़ जाए या नहाते समय हाथ में काफी बाल आने लगें, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. कई लोग ऐसे समय में शैंपू, तेल या हेयर सीरम बदलना शुरू कर देते हैं. लेकिन हर बार हेयर फॉल की वजह कोई हेयर प्रोडक्ट नहीं होता. कई बार शरीर में चल रही किसी कमी, बीमारी, तनाव या हार्मोनल बदलाव का असर भी बालों पर पड़ता है. इसलिए अगर बाल लगातार और ज्यादा झड़ रहे हैं, तो इसकी वजह समझना जरूरी है.
कौन सा प्रोटीन जरूरी
लोकल 18 से ऋषिकेश के आयुष चिकित्सक डॉ. राजकुमार बताते हैं कि बालों को बढ़ने और मजबूत रहने के लिए शरीर को सही मात्रा में प्रोटीन, आयरन, विटामिन और दूसरे पोषक तत्वों की जरूरत होती है. अगर खाने में इन चीजों की कमी लंबे समय तक बनी रहती है, तो बाल कमजोर होकर ज्यादा टूट सकते हैं. खासकर आयरन की कमी को हेयर फॉल की एक वजह माना जाता है. महिलाओं में पीरियड्स के दौरान ज्यादा ब्लीडिंग होने पर भी आयरन की कमी हो सकती है. विटामिन डी और विटामिन बी12 की कमी भी कुछ लोगों में बालों से जुड़ी समस्या का कारण बन सकती है.
थायरॉइड की परेशानी भी बालों के ज्यादा झड़ने की एक वजह हो सकती है. थायरॉइड हार्मोन शरीर के कई कामों को कंट्रोल करते हैं. इनमें गड़बड़ी होने पर बालों का झड़ना बढ़ सकता है. अगर हेयर फॉल के साथ लगातार थकान, वजन का अचानक बढ़ना या कम होना, ज्यादा ठंड या गर्मी लगना जैसी दिक्कतें भी हो रही हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना ठीक रहता है.
डॉ. राजकुमार कहते हैं कि महिलाओं में हार्मोनल बदलाव का असर भी बालों पर दिखाई दे सकता है. पीरियड्स में बदलाव, गर्भावस्था के दौरान या डिलीवरी के बाद होने वाले हार्मोनल बदलाव की वजह से कुछ समय के लिए बाल ज्यादा झड़ सकते हैं. पीसीओएस जैसी हार्मोन से जुड़ी समस्या में भी कुछ महिलाओं को बाल पतले होने या सिर के कुछ हिस्सों में बाल कम होने की शिकायत हो सकती है. तनाव भी हेयर फॉल की एक बड़ी वजह बन सकता है. लगातार तनाव, नींद पूरी न होना, बहुत ज्यादा काम का दबाव या किसी बड़ी बीमारी के बाद कुछ समय के लिए बाल ज्यादा झड़ सकते हैं. कई बार ऐसा तुरंत नहीं होता. तनाव या बीमारी के कुछ हफ्तों या महीनों बाद हेयर फॉल बढ़ता हुआ दिखाई दे सकता है. इसलिए अगर किसी समय बाल अचानक ज्यादा झड़ने लगे हैं, तो पिछले कुछ महीनों में हुई बीमारी, तेज बुखार, तनाव या वजन में अचानक बदलाव को भी ध्यान में रखना चाहिए.
डॉ. राजकुमार कहते हैं कि बहुत ज्यादा डाइटिंग या तेजी से वजन कम करने की कोशिश भी बालों को नुकसान पहुंचा सकती है. जब शरीर को पर्याप्त खाना और प्रोटीन नहीं मिलता, तो शरीर जरूरी कामों को प्राथमिकता देता है और बालों की ग्रोथ प्रभावित हो सकती है. इसलिए वजन कम करते समय भी खाना बहुत कम कर देना सही तरीका नहीं है. डाइट में दाल, चना, राजमा, पनीर, अंडा, दूध-दही, सोया या अपनी पसंद के दूसरे प्रोटीन स्रोत शामिल करना जरूरी है.
कैसे करें देखभाल
डॉ. राजकुमार के मुताबिक, बालों की देखभाल का तरीका भी मायने रखता है. बहुत ज्यादा हीट स्टाइलिंग, बार-बार कलर या केमिकल ट्रीटमेंट, बालों को बहुत कसकर बांधना और गीले बालों में जोर से कंघी करना बालों को कमजोर कर सकता है. इससे बाल टूट सकते हैं. लेकिन अगर बाल जड़ों से ज्यादा झड़ रहे हैं, तो सिर्फ हेयर केयर प्रोडक्ट बदलने से समस्या का कारण पता नहीं चलेगा. अगर बाल कुछ दिनों से ज्यादा झड़ रहे हैं, लगातार हेयर फॉल बढ़ रहा है, सिर में जगह-जगह बाल कम हो रहे हैं, बाल बहुत पतले हो रहे हैं या अचानक गुच्छों में बाल निकल रहे हैं, तो डॉक्टर या त्वचा रोग विशेषज्ञ से सलाह लेनी चाहिए.



