Hit And Run In Kishangarh: शराब के नशे में स्कॉर्पियो चालक ने मचाया कहर, चार वाहनों को रौंदा, दो युवक गंभीर घायल

Last Updated:June 30, 2026, 23:19 IST
Hit And Run In Kishangarh: किशनगढ़ के मिर्जा बावड़ी क्षेत्र में शराब के नशे में धुत एक स्कॉर्पियो चालक ने हिट एंड रन की घटना को अंजाम देते हुए दो कारों और दो बाइकों को टक्कर मार दी. हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक को अजमेर रेफर किया. गुस्साए लोगों ने चालक की मौके पर ही पिटाई कर दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
किशनगढ़. शहर के मिर्जा बावड़ी क्षेत्र में मंगलवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने हिट एंड रन की घटना को अंजाम देते हुए दो कारों और दो बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो चालक शराब के नशे में धुत था और लापरवाही से वाहन चला रहा था. अचानक हुई इस दुर्घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए दोनों घायलों को तत्काल राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया. घायलों की पहचान आजाद नगर निवासी अशोक रेदास और दाधीच कॉलोनी निवासी राजेश पवार के रूप में हुई है. चिकित्सकों के अनुसार दोनों का उपचार जारी है, जबकि एक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
आक्रोशित लोगों ने चालक की कर दी पिटाई
दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया. हादसे और घायलों की हालत देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने चालक की जमकर धुनाई कर दी. बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को भीड़ से छुड़ाया और उपचार के लिए राजकीय अस्पताल पहुंचाया. बताया जा रहा है कि चालक शराब के नशे में था. घटना की सूचना मिलते ही मदनगंज थाना और शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो समेत दोनों क्षतिग्रस्त कारों और बाइकों को मौके से हटाकर थाने पहुंचाया, जिससे यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए.
जांच में जुटी पुलिस
मदनगंज थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस चालक के मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी. प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में लापरवाही से वाहन चलाने की बात सामने आ रही है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Kishangarh,Ajmer,Rajasthan



