अजमेर में मकान ढहा, पेट्रोल पंप पर वारदात, बूंदी में इनामी तस्कर गिरफ्तार,पढ़ें बड़ी खबरें

Last Updated:July 09, 2026, 09:32 IST
Rajasthan News Live: किशनगढ़ में बारिश के कारण मकान गिरने से परिवार मलबे में दब गया, लेकिन स्थानीय लोगों और पुलिस ने सभी को सुरक्षित निकाल लिया. दौसा में पेट्रोल पंप कर्मचारी को कार सवार बदमाश घसीटते हुए ले गए,…और पढ़ें
अजमेर के किशनगढ़ में देर रात बारिश के दौरान पहाड़ी पर बना कच्चा मकान ढह गया
Rajasthan News Live: अजमेर के किशनगढ़ में देर रात बारिश के दौरान पहाड़ी पर बना कच्चा मकान ढह गया, जिसमें एक परिवार मलबे में दब गया. करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू में स्थानीय लोगों ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में राहुल वाल्मीकि, उनकी पत्नी सपना और डेढ़ साल के बेटे युंग को सुरक्षित निकाला. घायल मां ने मलबे के बीच भी बच्चे को बाहों में सुरक्षित रखा. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद अजमेर रेफर किया गया. दौसा में कांदोली पेट्रोल पंप पर बदमाश 4 हजार रुपये का पेट्रोल भरवाकर फरार हो गए. विरोध करने पर कर्मचारी को कार से घसीटते हुए ले गए, जिससे उसका हाथ टूट गया. घटना सीसीटीवी में कैद हुई.
लिव-इन पार्टनर की हत्या, महिला और दो बेटियां गिरफ्तार
बीकानेर के लूणकरणसर थाना क्षेत्र के हंसेरा गांव में 50 वर्षीय मूलाराम जाट की हत्या के मामले में पुलिस ने महिला और उसकी दो बेटियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार मूलाराम विधा देवी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था. 6 जुलाई को दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद मूलाराम की लाठियों से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी महिला ही घायल मूलाराम को अस्पताल लेकर पहुंची थी. मृतक के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था. पुलिस ने जांच के बाद महिला और उसकी दोनों बेटियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
बूंदी में महिला का पैर काटकर चांदी के कड़े और नकदी लूटी
बूंदी के सदर थाना क्षेत्र के मोहनपुरा गांव में हथियारबंद बदमाशों ने 70 वर्षीय महिला पर हमला कर सनसनी फैला दी. बदमाशों ने महिला का पैर काटकर उसके पैरों में पहनी चांदी की कड़ियां लूट लीं. इसके अलावा घर से करीब एक लाख रुपये की नकदी भी लेकर फरार हो गए. घटना में महिला और उसकी बहू घायल हो गईं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है.
दौसा में आधी रात रुके सीएम भजनलाल, लोगों को दिया भरोसा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा देर रात दौसा जिले के डूंगरपुर गांव पहुंचे, जहां लालसोट विधायक रामविलास मीणा ने उनका स्वागत किया. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और मुख्यमंत्री से जुड़े गीतों पर तालियां बजाकर उनका अभिनंदन किया. मुख्यमंत्री ने लोगों का आभार जताते हुए कहा कि आधी रात को भी इतने लोगों का स्वागत के लिए पहुंचना उनके लिए सम्मान की बात है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याएं विधायक के माध्यम से सरकार तक पहुंच रही हैं और सरकार हर समस्या के समाधान तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता देगी.
1.69 लाख का इनामी तस्कर सुनील मीणा एएनटीएफ के हत्थे चढ़ा
राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने मध्यप्रदेश के कुख्यात तस्कर और 1.69 लाख रुपये के इनामी सुनील मीणा को गिरफ्तार किया है. आरोपी को नीमच जिले के जिरण क्षेत्र से चरवाहे का वेश धारण कर 15 दिन तक रेकी करने के बाद पकड़ा गया. पुलिस के अनुसार आरोपी ने 15 वर्ष की उम्र में तस्करी शुरू की थी और अब तक उसके खिलाफ 19 मामले दर्ज हैं. वह पुलिस पर फायरिंग कर माल छुड़ाने से भी नहीं डरता था और नारको टॉप-25 अपराधियों में शामिल था. कार्रवाई एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार के निर्देशन में की गई.
दौसा में पेट्रोल भरवाकर भागे बदमाश, कर्मचारी को कार से घसीटा
दौसा के सदर थाना क्षेत्र के एनएच-21 स्थित कांदोली पेट्रोल पंप पर कार सवार बदमाश 4 हजार रुपये का पेट्रोल भरवाकर फरार हो गए. भुगतान के नाम पर उन्होंने कर्मचारी को यूपीआई करने की बात कहकर उलझाया और अचानक कार दौड़ा दी. कर्मचारी वाहन के साथ घसीटता चला गया, जिससे उसका हाथ टूट गया. घायल कर्मचारी को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है.
बारिश में ढहा मकान, मलबे में दबी मां ने मासूम को बाहों में बचाया
अजमेर के किशनगढ़ के मदनगंज थाना क्षेत्र स्थित आजाद नगर हरिजन बस्ती में देर रात रिमझिम बारिश के दौरान पहाड़ी पर बना कच्चा मकान भरभराकर गिर गया. हादसे के समय राहुल वाल्मीकि, उनकी पत्नी सपना और डेढ़ साल का बेटा युंग घर के अंदर मौजूद थे. सूचना पर एएसआई सत्येंद्र सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में करीब डेढ़ घंटे तक रेस्क्यू चलाकर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला. मलबे में दबी मां सपना ने अपने मासूम बेटे को बाहों में सुरक्षित बचाए रखा, जबकि उनका हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया. घायलों को राजकीय वाईएन अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अजमेर रेफर कर दिया गया.
Location :
Jaipur,Rajasthan



