Sports

Ishan Kishan RBI Job: ईशान किशन को RBI में कैसे मिली नौकरी, जानिए असिस्टेंट मैनेजर की कितनी होती है सैलरी?

Ishan Kishan RBI Job: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन इन दिनों अपने खेल से ज्यादा एक वायरल तस्वीर की वजह से चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर उनकी कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं जिनमें वह फॉर्मल ड्रेस में गले में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI)का आईडी कार्ड पहने नजर आ रहे हैं. तस्वीरें सामने आते ही लोगों के मन में सवाल उठने लगे कि क्या ईशान किशन वास्तव में RBI में नौकरी करते हैं? अगर हां तो उन्हें यह नौकरी कब मिली, किस पद पर हैं, क्या यह स्पोर्ट्स कोटा की नौकरी है और RBI के असिस्टेंट मैनेजर को कितनी सैलरी मिलती है? आइए जानते हैं…

वायरल तस्वीरों से शुरू हुई चर्चा

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में ईशान किशन पटना स्थित RBI कार्यालय में दिखाई दे रहे हैं. एक तस्वीर में वह ऑफिस परिसर में नजर आते हैं जबकि दूसरी तस्वीर में एक प्रशंसक के साथ सेल्फी लेते हुए उनके गले में RBI का आईडी कार्ड साफ दिखाई दे रहा है.इन तस्वीरों के बाद सोशल मीडिया पर यह दावा किया जाने लगा कि ईशान किशन भारतीय रिजर्व बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं और क्रिकेट से मिले ब्रेक के दौरान वह बैंक की जिम्मेदारियां भी निभाते हैं.हालांकि उनकी ड्यूटी और कार्यप्रणाली को लेकर RBI की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. वहीं ईशान किशन ने भी इस विषय पर कोई बयान जारी नहीं किया है.

ईशान किशन को RBI में कब मिली नौकरी?

ईशान किशन को साल 2017 में भारतीय रिजर्व बैंक में नौकरी मिली थी. उस समय वह भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए युवा खिलाड़ी थे और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे थे. 9 साल पहले छपी दैनिक भास्‍कर की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि बिहारके स्टार क्रिकेटर ईशान किशन को आरबीआई पटना में असिस्टेंट मैनेजर की नौकरी मिली है. ईशान ने इस पद पर ज्वाइन भी कर लिया है. पारिवारिक सूत्रों के अनुसार ईशान पिछले दिनों इस काम के लिए पटना आए थे और अपना योगदान दिए. उस रिपोर्ट में यह भी जिक्र किया गया है कि ईशान किशन दक्षिण अफ्रीका टूर की तैयारियों में व्यस्त हैं. इस बार वे पहली बार विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में टीम में शामिल किये गए हैं.बता दें कि उस समय दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच होने वाले दो चार दिवसीय मैच वाली टीम में ईशान को जगह मिली थी.जिससे यह साबित होता है कि ईशान किशन को पहले ही आरबीआई पटना में नौकरी मिल गई है.उन्हें स्पोर्ट्स कोटा के तहत RBI में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर नियुक्त किया गया था.उस समय उनकी उम्र करीब 18-19 वर्ष थी.RBI ने उनकी खेल उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें अपने खेल कोटे के अंतर्गत नियुक्त किया. इसके बाद से ईशान समय-समय पर RBI की क्रिकेट टीम का भी प्रतिनिधित्व करते रहे हैं.

क्या RBI में स्पोर्ट्स कोटा से मिलती है नौकरी?

भारतीय रिजर्व बैंक सहित कई सरकारी संस्थान और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (PSU) राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स कोटा के तहत नौकरी देते हैं.इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आर्थिक सुरक्षा देना और उन्हें खेल जारी रखने के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराना होता है.स्पोर्ट्स कोटा के तहत चयन सामान्य भर्ती परीक्षा की तरह नहीं होता. इसमें खिलाड़ी की खेल उपलब्धियों, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन तथा निर्धारित पात्रता के आधार पर नियुक्ति दी जाती है.ईशान किशन की नियुक्ति भी इसी प्रक्रिया के तहत हुई थी.

RBI की टीम से भी खेल चुके हैं ईशान किशन

RBI के साथ ईशान किशन का जुड़ाव नया नहीं है. फरवरी 2024 में आयोजित डीवाई पाटिल टी-20 टूर्नामेंट में भी उन्होंने RBI की टीम का प्रतिनिधित्व किया था.इससे साफ होता है कि वह लंबे समय से बैंक से जुड़े हुए हैं और समय मिलने पर बैंक की ओर से आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लेते रहे हैं.

RBI में असिस्टेंट मैनेजर की सैलरी कितनी होती है?

भारतीय रिजर्व बैंक में असिस्टेंट मैनेजर (ग्रेड-A अधिकारी) का वेतन काफी आकर्षक माना जाता है. इस पद का बेसिक वेतन करीब 62,500 रुपये प्रतिमाह होता है.महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), स्थानीय भत्ता, मेडिकल सुविधा और अन्य लाभ जोड़ने के बाद कुल मासिक ग्रॉस सैलरी लगभग 1.22 लाख से 1.27 लाख रुपये तक पहुंच जाती है.वहीं सभी कटौतियों के बाद इन-हैंड सैलरी करीब 1.05 लाख से 1.15 लाख रुपये प्रतिमाह मानी जाती है हालांकि ईशान किशन की वास्तविक सैलरी सार्वजनिक नहीं की गई है लेकिन स्पोर्ट्स कोटा से नियुक्त ग्रेड-A अधिकारी को भी सामान्य नियमों के अनुसार वेतन और भत्ते मिलते हैं.

RBI में असिस्टेंट मैनेजर कैसे बनते हैं?

सामान्य अभ्यर्थियों के लिए RBI में असिस्टेंट मैनेजर बनने की प्रक्रिया काफी प्रतिस्पर्धी होती है.नियमित भर्ती में सबसे पहले ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा (Phase-I) होती है.इसके बाद मुख्य परीक्षा (Phase-II) आयोजित की जाती है. अंतिम चरण में इंटरव्यू और अन्य मूल्यांकन के आधार पर चयन किया जाता है लेकिन स्पोर्ट्स कोटा के उम्मीदवारों के लिए चयन प्रक्रिया अलग होती है. इसमें खिलाड़ी की खेल उपलब्धियों और पात्रता के आधार पर नियुक्ति दी जाती है.

क्रिकेट और नौकरी दोनों संभाल रहे हैं ईशान किशन

ईशान किशन भारतीय टीम के व्यस्त क्रिकेट कार्यक्रम का हिस्सा रहते हैं.जब भी उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट या आईपीएल से ब्रेक मिलता है तब वह RBI से जुड़ी अपनी जिम्मेदारियां भी निभाते दिखाई देते हैं.इसी वजह से उनकी हालिया तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों ने उनकी सादगी और पेशेवर जिम्मेदारी की जमकर तारीफ की.

हाल ही में क्रिकेट में भी किया शानदार प्रदर्शन

ईशान किशन हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर भारतीय टीम का हिस्सा थे. तीन मैचों की टी-20 सीरीज में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 145 रन बनाए.दूसरे मुकाबले में उनकी 81 रन की बेहतरीन पारी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया था. भारत ने यह सीरीज 3-0 से अपने नाम की और ईशान टीम के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल रहे.इसके अलावा वह फिलहाल आईसीसी टी-20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 स्थान पर भी बने हुए हैं.

संघर्ष से सफलता तक का सफर

18 जुलाई 1998 को पटना में जन्मे ईशान किशन का क्रिकेट सफर आसान नहीं रहा. बेहतर सुविधाओं और करियर की तलाश में उन्हें शुरुआती दिनों में झारखंड का रुख करना पड़ा. घरेलू क्रिकेट में उन्होंने झारखंड की कप्तानी की और अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाई.आज वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बड़े सितारों में गिने जाते हैं. साथ ही RBI में स्पोर्ट्स कोटा के तहत मिली नौकरी यह भी दिखाती है कि देश के कई सरकारी संस्थान खिलाड़ियों को खेल के साथ करियर की सुरक्षा देने के लिए महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराते हैं.ईशान किशन की वायरल तस्वीरों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि मैदान पर चौके-छक्के लगाने वाला यह खिलाड़ी खेल के साथ-साथ अपनी दूसरी जिम्मेदारियों को भी गंभीरता से निभा रहा है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj