13 जोन में सफाई जंग,पूरा जयपुर होगा चकाचक


जयपुर। नगर निगम जयपुर द्वारा शहर में स्वच्छता को नई दिशा देने के उद्देश्य से 18 अप्रैल 2026 को “सफाई सेवा मैराथन-2026” का आयोजन किया जाएगा। यह अब तक का सबसे बड़ा स्वच्छता अभियान होगा, जो सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक लगातार चलेगा। इस दौरान नगर निगम की पूरी टीम 13 जोन के 150 वार्डों में फील्ड पर रहकर सफाई कार्य करेगी।

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा की पहल पर आयोजित इस महाभियान को लेकर बुधवार को विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। आयुक्त ने सभी जोन एवं मुख्यालय के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कर्मचारियों को अभियान को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया। बैठक में उपस्थित मुख्य सफाई निरीक्षकों (CSI) ने हाथ उठाकर इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य “स्वच्छ जयपुर, सुंदर जयपुर” के लक्ष्य को साकार करना है। अभियान के तहत शहर के हर कोने में व्यापक स्तर पर सफाई की जाएगी। साथ ही इसे जनभागीदारी से जोड़ते हुए एक जनआंदोलन का रूप देने की योजना है।

अभियान को प्रतिस्पर्धात्मक और परिणामोन्मुख बनाने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले CSI को “स्वच्छता हीरो” और “स्टार ऑफ नगर निगम” के रूप में सम्मानित किया जाएगा। सीएसआर के तहत राजस्थान सोलर एसोसिएशन द्वारा विजेताओं को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले CSI और उनकी टीम को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि यह पहल शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ ही कर्मचारियों में प्रतिस्पर्धा और उत्साह को भी बढ़ाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान “स्वच्छ जयपुर” के लक्ष्य को हासिल करने में मील का पत्थर साबित होगा।

वहीं, शहर के विभिन्न जोनों में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। किशनपोल जोन में आयोजित बैठक में जोन आयुक्त बिजेन्द्र सिंह ने कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हैरिटेज सिटी की गरिमा को बनाए रखते हुए टीम भावना के साथ कार्य करें और जोन को शीर्ष स्थान दिलाने का प्रयास करें।
नगर निगम की इस पहल से जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



