Rajasthan

करौली SDM सस्पेंड, रिश्वत कांड में बड़ा एक्शन, हनुमानगढ़ में बजरंग दल का बड़ा प्रदर्शन

Rajasthan News Live: करौली जिले के नादौती एसडीएम काजल मीणा को भ्रष्टाचार के मामले में सस्पेंड कर दिया गया है. एसीबी ने उन्हें 16 अप्रैल को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था. उनके साथ रीडर और एक बाबू को भी पकड़ा गया था. गिरफ्तारी के बाद राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए निलंबन के आदेश जारी किए, जो गिरफ्तारी की तारीख से ही प्रभावी माने गए हैं. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जयपुर सचिवालय रहेगा. कार्मिक विभाग ने राज्यपाल के आदेश पर यह कार्रवाई की है.

हनुमानगढ़ में बजरंग दल का बड़ा प्रदर्शनहनुमानगढ़ में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान लव जिहाद के खिलाफ सख्त केंद्रीय कानून बनाने की मांग उठाई गई. कार्यकर्ताओं ने लव जिहाद के साथ-साथ लैंड जिहाद और कॉर्पोरेट जिहाद जैसे मुद्दों पर भी कड़ी कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही. इस दौरान बजरंग दल ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन ADM को सौंपा. प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.

RAS रिजल्ट के बाद OTS में जश्न का माहौलराजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित RAS 2024 परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद जयपुर के OTS में जश्न का माहौल देखने को मिला. यहां रैंक होल्डर्स का सम्मान किया गया, जिसमें चौथी रैंक पाने वाले रविंद्र सिंह और 24वीं रैंक हासिल करने वाले परमवीर सिंह मौजूद रहे. खास बात यह है कि दोनों पहले से ही RPS में चयनित हैं और OTS में ट्रेनिंग ले रहे हैं. साथियों ने माला और साफा पहनाकर उनका स्वागत किया. बधाई देने वालों का तांता लगा रहा. इस दौरान पूरे परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा.

RAS रिजल्ट पर CM ने दी शुभकामनाएंजयपुर में राजस्थान लोक सेवा आयोग ने RAS 2024 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है. इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि चयनित उम्मीदवार ‘अग्रणी राजस्थान’ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. मुख्यमंत्री ने युवाओं की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. परिणाम घोषित होने के बाद राज्यभर में खुशी का माहौल है. अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में उत्साह देखा जा रहा है और इस सफलता को लेकर बधाइयों का दौर जारी है.

उदयपुर हादसे के बाद तलवारबाजी से हड़कंपउदयपुर के यूनिवर्सिटी रोड पर एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां एक ट्रोले ने पार्किंग में खड़ी कार को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद ट्रोला चालक भागने लगा, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया. विरोध बढ़ने पर चालक और खलासी ने तलवार निकाल ली, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया. छीना-झपटी के दौरान कार मालिक को चोट लग गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को डिटेन कर लिया. मामले की जांच जारी है.

सीमा पर 3.5 करोड़ की हेरोइन बरामदश्रीगंगानगर जिले में भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र से बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई है. समेजा कोठी थाना क्षेत्र के 4 BWSM रोही इलाके में एक पैकेट में 759 ग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ मिला है. इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब साढ़े तीन करोड़ रुपए बताई जा रही है. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराई गई है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

श्रीडूंगरगढ़ (बीकानेर): बदमाशों ने ASI के साथ की मारपीट, जांच करने गए पुलिसकर्मी की गाड़ी घेरीबीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात ASI रामस्वरूप बिश्नोई के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की. ASI मोमासर गांव में एक मामले की जांच के लिए गए थे, तभी बदमाशों ने उनकी निजी गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी लगाकर उन्हें रोका और हमला कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोपी तब तक फरार हो चुके थे. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

जयपुर: ‘विश्व धरोहर दिवस’ पर खास पहल, अब QR कोड स्कैन कर जान सकेंगे स्मारकों का इतिहासआज ‘विश्व धरोहर दिवस’ के अवसर पर गुलाबी नगरी जयपुर में पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग द्वारा भव्य ‘हेरिटेज वॉक’ का आयोजन किया जा रहा है. इस बार विभाग ने एक आधुनिक पहल की है, जिसके तहत स्मारकों पर QR-Code लगाए गए हैं. पर्यटक इन कोड्स को स्कैन कर हिंदी और अंग्रेजी भाषा में ऑडियो के जरिए उस स्मारक का पूरा इतिहास सुन सकेंगे. इस पहल का उद्देश्य लोगों को अपनी विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है.

आमेर: महल की खूबसूरती देख मंत्रमुग्ध हुए अमेरिकी राजदूत सरजिओ गौरअमेरिकी राजदूत सरजिओ गौर ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ जयपुर के ऐतिहासिक आमेर महल का भ्रमण किया. अधीक्षक राकेश छोलक ने उन्हें महल के इतिहास और राजपूत-मुगल स्थापत्य शैली की विस्तृत जानकारी दी. राजदूत गौर महल की वास्तुकला और राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देखकर अभिभूत नजर आए और उन्होंने इसकी जमकर सराहना की.

खैरथल तिजारा: भिवाड़ी में वेतन वृद्धि को लेकर श्रमिकों का हंगामा, 10 हजार सैलरी में गुजारा मुश्किलभिवाड़ी की टायजन इंपैक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के बाहर श्रमिक धरने पर बैठ गए हैं. श्रमिकों का आरोप है कि 8 साल से काम करने के बावजूद उनका वेतन नहीं बढ़ाया गया है और 12 घंटे काम के बदले मात्र 10 हजार रुपये दिए जा रहे हैं. कंपनी मैनेजमेंट द्वारा बात न करने से श्रमिकों में भारी रोष है. भिवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन बढ़ रहे हैं.

नीमराना: मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे मजदूर, कंपनी गेट पर नारेबाजीकोटपूतली-बहरोड़ के नीमराना औद्योगिक क्षेत्र में विभिन्न मांगों को लेकर मजदूर सड़कों पर उतर आए हैं. कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मजदूरों ने वेतन वृद्धि और मेडिकल सुविधाओं की मांग की है. मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम मजदूरों से समझाइश कर मामला शांत कराने का प्रयास कर रही है.

भरतपुर: नगला माना गांव में पति-पत्नी झुलसे, शॉर्ट सर्किट बनी वजहकुम्हेर थाना क्षेत्र के नगला माना गांव में एक घर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए. दोनों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. स्थानीय पुलिस ने मामले की जानकारी ली है.

बारां: चाकुओं से गोदकर युवक की निर्मम हत्या, पुरानी रंजिश की आशंकाबारां शहर के शिवाजी नगर स्थित लालबाई चौक पर देर रात एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान मनीष शर्मा उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, मृतक मनीष 5 साल पहले हुए चर्चित आजाद हत्याकांड का आरोपी था, जिससे इस मामले को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है. कोतवाली पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

झुंझुनूं: मंडावा मोड़ पर बेकाबू कार का कहर, दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसीझुंझुनूं के मंडावा मोड़ पर एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने भारी तबाही मचाई. कार ने पहले सड़क किनारे खड़ी कई बाइकों को जोरदार टक्कर मारी और फिर एक दुकान का शटर तोड़कर अंदर जा घुसी. गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी मदद से कोतवाली पुलिस जांच कर रही है.

जयपुर में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन

जयपुर में भाजपा महिला मोर्चा आज कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करने जा रहा है. नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संशोधित बिल के विरोध को लेकर कांग्रेस को घेरने की तैयारी है. दोपहर 12 बजे चोमू सर्किल पर पुतला दहन किया जाएगा. कार्यक्रम की अगुवाई भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष राखी राठौर करेंगी. बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है. इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया जाएगा. पुलिस और प्रशासन भी मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट है.

अजमेर दरगाह में मंदिर होने के दावे पर सुनवाई

अजमेर दरगाह में शिव मंदिर होने के दावे से जुड़े मामले में आज सिविल न्यायालय में सुनवाई होगी. हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दरगाह में मंदिर होने का दावा किया है. इस मामले में अजमेर दरगाह कमेटी, अल्पसंख्यक विभाग और एएसआई को नोटिस जारी किया गया था. दोनों पक्षों के वकील अपने-अपने तर्क पेश कर रहे हैं. वहीं महाराणा प्रताप सेना की ओर से भी साक्ष्य पेश किए गए हैं. मामले की सुनवाई को लेकर शहर में खासा ध्यान बना हुआ है.

किशनगढ़ एयरपोर्ट में BMW हादसे ने उठाए सवाल

किशनगढ़ एयरपोर्ट के अंदर BMW कार के हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. 18 मार्च को तेज रफ्तार कार पैरामीटर रोड पार कर बिजली पोल और दीवार से टकरा गई. घटना के समय फ्लाइंग ऑपरेशन जारी थे, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था. हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई. हैरानी की बात है कि एक महीने बाद मामला दर्ज किया गया. अब गांधीनगर थाना पुलिस जांच कर रही है. देरी से कार्रवाई पर प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं.

अलवर में होटल मैनेजर पर दुष्कर्म का आरोप

अलवर के टहला क्षेत्र में एक होटल मैनेजर पर विधवा महिला से दुष्कर्म का आरोप लगा है. पीड़िता ने बताया कि 17 अप्रैल को काम के सिलसिले में होटल गई थी, जहां आरोपी ने जबरन गलत काम किया. घटना के बाद आरोपी ने धमकी भी दी. महिला ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है.

दौसा में कृषि पर्यवेक्षक परीक्षा का आयोजन

दौसा में कृषि पर्यवेक्षक सीधी भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन किया गया. जिले में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. सुबह 9 से 10 बजे तक कड़ी जांच के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया. बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही एंट्री मिली. परीक्षा 11 बजे से 1 बजे तक आयोजित हुई. कुल 6673 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं. प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं.

रेलवे ने बढ़ाई ट्रैक स्पीड, सफर होगा तेज

समदड़ी-मोदरान रेलखंड पर ट्रैक स्पीड 100 से बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटा कर दी गई है. उत्तर पश्चिम रेलवे के इस फैसले से यात्रियों को बड़ा फायदा मिलेगा. सिग्नलिंग अपग्रेड और ट्रैक सुधार के चलते कई स्पीड प्रतिबंध हटाए गए हैं. इससे ट्रेनों का संचालन तेज होगा और समय की बचत होगी. जोधपुर मंडल में यह बदलाव लागू किया गया है. अब इस रूट पर अधिक ट्रेनों का संचालन भी संभव होगा.

मदार-पटना स्पेशल ट्रेन से यात्रियों को राहत

ग्रीष्मावकाश में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने मदार-पटना साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन शुरू की है. यह ट्रेन 23 अप्रैल से 9 जुलाई तक 12 ट्रिप लगाएगी. हर गुरुवार सुबह 6:40 बजे मदार से रवाना होकर जयपुर होते हुए पटना पहुंचेगी. वापसी में शुक्रवार को पटना से चलेगी. ट्रेन में AC, स्लीपर और जनरल कोच उपलब्ध हैं. इससे गर्मियों में यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

काकिनाडा-हिसार स्पेशल ट्रेन की सौगात

रेलवे ने काकिनाडा टाउन-हिसार साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन शुरू की है. 21 अप्रैल को काकिनाडा से रवाना होकर यह ट्रेन गुरुवार को हिसार पहुंचेगी. वापसी में 24 अप्रैल को हिसार से चलेगी. अजमेर, किशनगढ़ और फुलेरा सहित कई स्टेशनों पर ठहराव होगा. 24 कोच वाली इस ट्रेन में सभी श्रेणियों के डिब्बे उपलब्ध हैं. यह ट्रेन यात्रियों के लिए सुविधाजनक विकल्प साबित होगी.

जयपुर से शारजाह के लिए नई फ्लाइट शुरू

जयपुर एयरपोर्ट से अब शारजाह के लिए नई फ्लाइट शुरू हो गई है. एयर इंडिया एक्सप्रेस यह सेवा संचालित कर रही है. फ्लाइट सुबह 10:55 बजे जयपुर से रवाना होकर शारजाह पहुंचेगी. वापसी में शाम 7:05 बजे जयपुर आएगी. पहले दुबई के लिए फ्लाइट संचालित होती थी. नई सेवा से खाड़ी देशों में जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी. एयर अरबिया की फ्लाइट पहले से उपलब्ध है.

दिल्ली में मौसम बिगड़ा, जयपुर में डायवर्ट हुई फ्लाइट्स

दिल्ली में खराब मौसम का असर जयपुर एयरपोर्ट पर देखने को मिला. आधा दर्जन से ज्यादा फ्लाइट्स जयपुर डायवर्ट की गईं. इनमें स्पाइसजेट, इंडिगो, एयर इंडिया और मलेशिया एयरलाइंस की फ्लाइट शामिल हैं. कुल 13 फ्लाइट्स देर रात तक जयपुर पहुंचीं. यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा. एयरपोर्ट प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए. मौसम सामान्य होने के बाद फ्लाइट संचालन सुचारू किया गया.

बूंदी में एक साथ दो पैंथर दिखने पर दहशत

बूंदी के इंद्रगढ़ क्षेत्र में पहाड़ी की दीवार पर एक साथ दो पैंथर नजर आने से इलाके में दहशत का माहौल है. रामगढ़ टाइगर रिजर्व के आसपास लगातार पैंथर की मूवमेंट देखी जा रही है. स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचना दी है. वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. ग्रामीणों को अकेले जंगल या पहाड़ी इलाकों में जाने से मना किया गया है. लगातार हो रही गतिविधियों से आमजन में डर बना हुआ है.

जयपुर के 150 वार्डो में चल रहा है सफाई अभियान

जयपुर में नगर निगम ने शहरभर के 150 वार्डों में व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कचरा डिपो को खत्म करना और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई सुनिश्चित करना रहा. निगम अधिकारियों के अनुसार अभियान सुबह से शुरू होकर रात 9 बजे तक जारी रहेगा. इसमें बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों को लगाया गया है. शहर की सड़कों, नालों और सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि इस पहल से शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी.

सिरोही में झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई

सिरोही जिले के कई गांवों में झोलाछाप डॉक्टरों की सक्रियता सामने आई है. कृष्णगंज में कार्रवाई के दौरान BCMHO डॉ. विवेक जोशी, तहसीलदार और पुलिस टीम ने दबिश दी, जहां क्लिनिक संचालक झोलाछाप निकला. उसने खुद को स्थानीय बताकर बचाव की कोशिश की. कार्रवाई के दौरान अधिकारियों की नरमी भी चर्चा में रही. मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद औपचारिक कार्रवाई की गई. इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

चित्तौड़गढ़ में पैदल जा रही महिला से लूट

चित्तौड़गढ़ के कपासन क्षेत्र में सांवलियाजी पैदल जा रही महिला से लूट की वारदात सामने आई है. 54 वर्षीय शंकरी बाई से तीन बाइक सवार बदमाशों ने गले में पहने सोने के आभूषण छीन लिए. महिला के शोर मचाने पर बदमाश मौके से फरार हो गए. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है.

अजमेर में बाइक स्टंटबाज गिरफ्तार

अजमेर में कोतवाली थाना पुलिस ने बाइक स्टंट करने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की है. युवक अपनी पत्नी को गोद में बैठाकर भीड़भाड़ वाले इलाके में बाइक चला रहा था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. पुलिस ने आरोपी किशन कन्हैया को डिटेन कर लिया और वाहन का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने के लिए RTO को पत्र भेजा है. पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है.

नसीराबाद साइबर फ्रॉड मामले का आरोपी गिरफ्तार

नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने साइबर फ्रॉड के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी अरबाज खान पंवार पर तीन राज्यों में करीब 2 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के आरोप हैं. पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई. जांच में बड़े रैकेट के खुलासे की संभावना जताई जा रही है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.

जयपुर में गैस हादसे में मजदूरों की मौत पकड़ा तूल

जयपुर के झोटवाड़ा क्षेत्र में सीवरेज में जहरीली गैस से दो मजदूरों की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए. उनके साथ कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj