PAK vs ENG: लॉर्ड्स में बारिश के बीच इंग्लैंड का दबदबा, बनाई 357 रन की बढ़त, हार की कगार पर पाकिस्तान

होमखेलक्रिकेट
लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड का दबदबा, बनाई 357 रन की बढ़त, हार की कगार पर PAK
Last Updated:August 30, 2026, 00:15 IST
PAK vs ENG Lord’s Test Day 3: बारिश से प्रभावित लॉर्ड्स टेस्ट के तीसरे दिन डैन लॉरेंस ने नाबाद अर्धशतक जड़कर इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. इंग्लैंड ने दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में 177/7 रन बना लिए और पाकिस्तान पर उसकी कुल बढ़त 357 रन की हो गई. लॉरेंस 50 रन बनाकर नाबाद हैं.पाकिस्तान का लॉर्ड्स टेस्ट जीतना मुश्किल.
नई दिल्ली. लॉर्ड्स में पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन बारिश ने जमकर खलल डाला, लेकिन इंग्लैंड ने मुकाबले पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली. दिन का ज्यादातर खेल बारिश की वजह से धुलने के बावजूद इंग्लैंड ने स्टंप्स तक दूसरी पारी में 177/7 का स्कोर बना लिया. इसके साथ ही मेजबान टीम की कुल बढ़त 357 रन की हो गई है. इंग्लैंड के लिए डैन लॉरेंस ने शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों और लॉर्ड्स की असमान उछाल वाली पिच पर शानदार संयम दिखाते हुए 64 गेंदों में अपना पांचवां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया. लॉरेंस 50 रन बनाकर नाबाद लौटे. उनकी पारी में दो छक्के और छह चौके शामिल रहे.
साढ़े तीन घंटे बारिश ने रोका खेलदिन का खेल शुरू होने से पहले बारिश ने करीब साढ़े तीन घंटे तक इंतजार कराया. आखिरकार इंग्लैंड के बल्लेबाज एमिलियो गे और हैरी ब्रूक दोपहर 2:20 बजे मैदान पर उतर सके, लेकिन खेल शुरू होते ही लॉर्ड्स की पिच ने बल्लेबाजों की मुश्किलें बढ़ा दीं. गेंद कभी नीची रही तो कभी अचानक उछली, जिसका फायदा पाकिस्तान के गेंदबाजों को मिला.
अब्बास का वार, किया इंग्लैंड के चार बल्लेबाजों का शिकारमोहम्मद अब्बास ने इंग्लैंड को शुरुआती झटका दिया. उन्होंने एमिलियो गे को आउट कर पाकिस्तान को सफलता दिलाई. इसके बाद हैरी ब्रूक भी ज्यादा देर नहीं टिक सके. ब्रूक ने 34 रन बनाए. जेमी स्मिथ और गस एटकिंसन भी पाकिस्तान के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके. एटकिंसन को मोहम्मद अली ने एलबीडब्ल्यू आउट किया. पाकिस्तान की तरफ से अब्बास सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने तीन विकेट अपने नाम किए.
हालांकि, दूसरे छोर पर लॉरेंस डटे रहे. उन्होंने लगातार गिरते विकेटों के बीच आक्रामक अंदाज भी दिखाया और अपना अर्धशतक पूरा करते हुए इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.
बारिश ने फिर रोका खेल, खराब रोशनी ने करा दिया स्टंप्सकरीब 5 बजे एक बार फिर बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा. इसके बाद हालात सुधरने का इंतजार किया गया, लेकिन खराब रोशनी के कारण 6:32 बजे दिन का खेल खत्म घोषित कर दिया गया. इस तरह तीसरे दिन सिर्फ 24.5 ओवर का खेल हो सका. फिर भी इंग्लैंड ने पाकिस्तान के सामने 357 रन की ऐसी चुनौती खड़ी कर दी है, जिसे हासिल करना बेहद मुश्किल नजर आ रहा है.
पाकिस्तान के सामने अब इतिहास बदलने की चुनौतीपाकिस्तान पहले ही इस टेस्ट की पहली पारी में सिर्फ 110 रन पर ढेर हो चुका है. उससे पहले हेडिंग्ले में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट में भी इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 103 रन से हराया था. अब पाकिस्तान को मैच जीतने के लिए चौथी पारी में 357 से ज्यादा रन बनाने होंगे. इंग्लैंड के खिलाफ उसकी धरती पर पाकिस्तान का चौथी पारी का सर्वोच्च स्कोर 234 रन ही है. ऐसे में पाकिस्तान को न सिर्फ इंग्लैंड की बची हुई पारी जल्दी समेटनी होगी, बल्कि उसके बाद चौथी पारी में अपने रिकॉर्ड से कहीं आगे जाना होगा.
About the AuthorShivam Upadhyay
परिचय
शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
August 30, 2026, 00:15 IST



