Mount Abu Crocodile Park: यहां छिपा है मगरमच्छों का ठिकाना, 130 रुपए में जंगल के बीच दिखेगा रोमांचक नजारा

Last Updated:September 20, 2026, 15:25 IST
Mount Abu Crocodile Park: माउंट आबू की अरावली वादियों में स्थित ट्रैवर्स टैंक क्रोकोडाइल पार्क वन्यजीव और प्रकृति प्रेमियों के लिए खास आकर्षण है. 1897 में बने इस तालाब में मगरमच्छों को चट्टानों पर धूप सेंकते देखा जा सकता है, जबकि आसपास के जंगलों में मोर, तीतर के साथ स्लॉथ बियर और लेपर्ड की मौजूदगी भी दर्ज की गई है. मानसून के बाद हरियाली के बीच यहां का नजारा बेहद खूबसूरत नजर आता है.
राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन आबूराज में अरावली की वादियों के बीच कई ऐसे स्थान हैं, जहां आप जंगली जानवरों को करीब से देख सकते हैं. यहां माउंट आबू वाइल्डलाइफ सेंचुरी में बना ट्रैवर्स टैंक क्रोकोडाइल पार्क एक खास टूरिस्ट पॉइंट है. माउंट आबू शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर वन विभाग के अधीन ये जगह एक मानव निर्मित तालाब है, जो मगरमच्छों के प्रजनन और वन्यजीव संरक्षण के लिए पहचाना जाता है. अंग्रेजों के समय बना ये तालाब आज भी जल संरक्षण और वन्यजीवों के पेयजल के लिए उपयोग होता है.
स्थानीय टूरिस्ट गाइड प्रकाश कुमार ने बताया कि ट्रैवर्स टैंक का निर्माण वर्ष 1897 में ब्रिटिश इंजीनियर कर्नल जी.एच. ट्रेवर के द्वारा करवाया गया था. उन्हीं के नाम पर इस तालाब को पहचाना जाता है. समय के साथ यह जलाशय आसपास के जंगल के बीच यहां रहने वाले जंगली जानवरों के लिए पेयजल और पानी का प्रमुख स्रोत है. अक्सर यहां दिन में मगरमच्छ तालाब के किनारे चट्टानों पर धूप सेकते दिखाई देते है. जिन्हें देखकर पर्यटक रोमांचित होते है. यहां मगरमच्छ के अलावा कई प्रजाति की मछलियां भी तालाब में निवास करती है.
मगरमच्छ और जलीय प्राणियों के अलावा ट्रैवर्स टैंक के आसपास जंगल क्षेत्र में बर्ड लवर्स और नेचर फोटोग्राफरों के लिए भी कई आकर्षण के केंद्र है. आसपास के जंगलों में मोर, तीतर और कई अन्य प्रजाति के पक्षी देखने को मिलते हैं. यहां जंगली जानवरों में स्लॉथ बेयर, लेपर्ड जैसे जानवरों को भी देखा जा चुका है, हालांकि हमेशा इन जंगली जानवरों का यहां दिखना निश्चित नहीं होता, लेकिन अलसुबह ये जानवर यहां पानी पीने आते है.
Add as Preferred Source on Google
चारों तरफ शांत वातावरण और पहाड़ों के बीच हरियाली के कारण ये जगह परिवार और दोस्तों के साथ घूमने के लिए परफेक्ट लोकेशन है. इस तालाब के आसपास के नेचर के नजारे और जंगल की पगडंडियां इसे दूसरे टूरिस्ट पॉइंट से अलग बनाती है. यहां आने वाले पर्यटक नेचर के बीच टाइम स्पेंड करने, फोटोग्राफी करने और सुस्ताते मगरमच्छों को देखने का आनंद लेने आते हैं, हालांकि यह वन्यजीव क्षेत्र होने जंगली जानवरों से दूरी बनाए रखना और वन विभाग की ओर से निर्धारित जगहों पर ही जाना जरूरी होता है.
यहां पहुंचने के लिए आपको माउंट आबू शहर से करीब 5 किलोमीटर गुरुशिखर रोड पर आना होता है. मुख्य मार्ग पर फॉरेस्ट फीस देकर करीब 1 किलोमीटर दूरी तय कर आप यहां पहुंच सकते हैं. यहां का प्रवेश 130 रुपए प्रवेश शुल्क और अपने वहां के साथ प्रवेश करने पर 300 रुपए वाहन शुल्क अलग से देना होता है. यहां बने तालाब के आसपास दो पहाड़ों पर बने प्रमुख व्यू प्वाइंट में आबू व्यू पॉइंट और वैली व्यू पॉइंट से आप यहां के नजारों का आनंद ले सकते हैं.
यहां घूमने के लिए सबसे बेस्ट मौसम मानसून के बाद होता है. इस समय अरावली की पहाड़ियां और आसपास का जंगल हरियाली से हरा भरा नजर आता है. वहीं मानसून पूरी वादियां धुंध की चादर में लिपटी नजर आती है. ऐसे में कम विजिबिलिटी और फिसलन भरी जगहों की वजह से थोड़ी परेशानी हो सकती है. अगर आप नेचर लवर हैं , तो माउंट आबू का ये फेमस क्रोकोडाइल पार्क आपकी यात्रा को खास बना सकता हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
September 20, 2026, 15:25 IST



