दौसा बस हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर नितिन गडकरी का रियलिटी टेस्ट, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का करेंगे निरीक्षण

Last Updated:July 08, 2026, 14:00 IST
दौसा बस हादसे के बाद केंद्र सरकार एक्सप्रेसवे की सुरक्षा और गुणवत्ता को लेकर अलर्ट हो गई है. केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी आज दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करेंगे. वे दिल्ली से कोटा तक एक्सप्रेसवे की स्थिति, निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करेंगे. इस दौरान दौसा क्षेत्र से भी गुजरेंगे, जहां हाल ही में हुए हादसे के बाद सुरक्षा उपायों को लेकर सवाल उठे थे. NHAI द्वारा एक्सप्रेसवे का दोबारा ऑडिट कराया जा रहा है.
दौसा. जिले में हुए भीषण बस हादसे के एक सप्ताह बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आज दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करने पहुंच रहे हैं. केंद्रीय मंत्री दिल्ली से कोटा तक एक्सप्रेसवे का दौरा करेंगे और इस दौरान सड़क की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुविधाओं का रियलिटी टेस्ट करेंगे. एक जुलाई को दौसा क्षेत्र में हुए बस हादसे ने एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण गुणवत्ता को लेकर कई सवाल खड़े किए थे. हादसे के बाद लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए केंद्र सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है. इसी के तहत केंद्रीय मंत्री खुद एक्सप्रेसवे का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लेने आ रहे हैं. निरीक्षण के दौरान दौसा क्षेत्र भी उनके दौरे का हिस्सा होगा, जहां वे हादसे वाले क्षेत्र और वहां की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ले सकते हैं. अधिकारियों के साथ बैठक कर एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों पर भी चर्चा होने की संभावना है.
NHAI कर रहा एक्सप्रेसवे का दोबारा ऑडिट
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की सुरक्षा और गुणवत्ता को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा भी दोबारा ऑडिट कराया जा रहा है. ऑडिट में सड़क की स्थिति, ब्लैक स्पॉट, साइन बोर्ड, लाइटिंग, स्पीड कंट्रोल और आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा की जा रही है. केंद्रीय मंत्री के निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कमियों को जल्द दूर करना है. दौसा हादसे से सबक लेते हुए एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा उपायों को मजबूत किया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, बेहतर गुणवत्ता वाले और अधिक दिखाई देने वाले साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं, ताकि वाहन चालकों को समय रहते दिशा और सावधानी से जुड़ी जानकारी मिल सके. इसके अलावा एक्सप्रेसवे पर आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए फायर टेंडर और मल्टीपल स्ट्रेचर वाली एंबुलेंस की व्यवस्था करने की योजना भी बनाई जा रही है. इसका उद्देश्य हादसों के बाद घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है.
सड़क सुरक्षा को लेकर सरकार अलर्ट
लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए केंद्र सरकार एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रिय हो गई है. नितिन गडकरी का यह दौरा सड़क निर्माण की गुणवत्ता और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. निरीक्षण के बाद एक्सप्रेसवे पर सुधार के लिए नए निर्देश जारी किए जा सकते हैं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके और यात्रियों का सफर अधिक सुरक्षित बनाया जा सके.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Dausa,Rajasthan



