फर्स्ट मंडे को ‘भूत बंगला’ का निकला दम, फिल्म की कमाई में भारी गिरावट, चौथे दिन सिंगल डिजिट में सिमटा कलेक्शन

Last Updated:April 21, 2026, 06:14 IST
Bhooth Bangla Box Office Collection Day 4: अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन 14 साल बाद बड़े पर्दे पर भूत बंगला फिल्म लेकर लौटे हैं. हालांकि, शुरुआती वीकेंड के शानदार प्रदर्शन के बाद फिल्म की कमाई में सोमवार को गिरावट दर्ज की गई. मंडे टेस्ट के दौरान फिल्म की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी, लेकिन इसके बावजूद यह बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखने में सफल रही. कुल मिलाकर फिल्म अब तक 60 करोड़ का आंकड़ा पार करने में कामयाब रही है. अब सबकी निगाहें वर्किंग डेज के बाकी दिनों पर टिकी हैं.
नई दिल्ली. अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की सुपरहिट जोड़ी लंबे समय बाद ‘भूत बंगला’ के जरिए बड़े पर्दे पर लौटी है. शुक्रवार यानी 17 अप्रैल को रिलीज हुई इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला, जिसके चलते ओपनिंग वीकेंड पर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया.
कमाई के मामले में अपनी पकड़ बनाए रखने में फिल्म कामयाब रही है. हालांकि, किसी भी फिल्म की असली परीक्षा मंडे टेस्ट में होती है, जहां वर्किंग डे होने के कारण अक्सर कमाई में गिरावट देखी जाती है. ऐसा ही कुछ ‘भूत बंगला’ के साथ भी हुआ है. पहले सोमवार को फिल्म की कमाई सिंगल डिजिट में सिमटकर रह गई है.
सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ ने अपनी रिलीज के चौथे दिन यानी पहले सोमवार को बॉक्स ऑफिस पर 6.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. फिल्म की शुरुआत काफी दमदार रही थी, जहां पेड प्रिव्यूज से 3.75 करोड़ बटोरने के बाद इसने ओपनिंग डे पर 12.25 करोड़ रुपये की कमाई की थी.
Add as Preferred Source on Google
शनिवार को फिल्म की रफ्तार में और तेजी आई और इसने 19 करोड़ रुपये अपने नाम किए. वहीं, अब तक का सबसे बड़ा कलेक्शन रविवार को रहा, जब फिल्म ने जबरदस्त उछाल के साथ 23 करोड़ रुपये का आंकड़ा छुआ. इस तरह ‘भूत बंगला’ अब तक भारत में कुल 64.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन और 77.34 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है.
फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में भी अपनी पकड़ मजबूत रखी है और चौथे दिन करीब 2.50 करोड़ बटोरे. विदेशी बाजारों से अब तक फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 29 करोड़ हो चुका है. इसी के साथ अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनियाभर में 106.34 करोड़ की वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है.
फिल्म की कहानी लंदन में रहने वाले अर्जुन (अक्षय कुमार) और उसकी बहन (मिथिला पालकर) के इर्द-गिर्द घूमती है. कहानी में मोड़ तब आता है जब उनकी बहन को अचानक दादाजी की वसीयत में एक आलीशान महल और बेशुमार दौलत विरासत में मिलती है. अर्जुन अपनी बहन की शादी की तैयारियों के लिए भारत के मंगलपुर गांव पहुंचता है, लेकिन वहां का माहौल कुछ अजीब है.
गांव में मान्यता है कि वहां कोई भी शादी नहीं कर सकता, क्योंकि वधुसुर नाम का राक्षस आता है और दुल्हनों को उठा ले जाता है. इस रहस्यमयी साये का सच क्या है और अर्जुन अपनी बहन को इससे कैसे बचाता है, यही फिल्म की आगे की कहानी है. रिलीज के बाद दर्शकों की ओर से फिल्म को मिली-जुली और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है.
बता दें कि अक्षय कुमार के साथ इस हॉरर कॉमेडी फिल्म में तब्बू, वामिका गब्बी, मिथिला पालकर, राजपाल यादव और जीशु सेनगुप्ता जैसे मंझे हुए कलाकार हैं. फिल्म का निर्माण बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स के बैनर तले हुआ है, जिसे अक्षय कुमार ने शोभा कपूर और एकता कपूर के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
April 21, 2026, 06:14 IST



