203 छात्राओं पर सिर्फ 4 शिक्षक! गुस्साई छात्राओं ने स्कूल पर जड़ा ताला, फिर हरकत में आया शिक्षा विभाग

Last Updated:July 07, 2026, 12:40 IST
Sirohi Schoolgirls Protest: सिरोही जिले के पिंडवाड़ा उपखंड के वासा गांव स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्राओं ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़कर धरना दिया. छात्राओं का आरोप है कि 203 छात्राओं की पढ़ाई केवल 4 शिक्षकों के भरोसे चल रही है, जबकि विद्यालय में 13 पद स्वीकृत हैं. कई विषयों की नियमित पढ़ाई नहीं होने से बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी प्रभावित हो रही है. प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल 3 शिक्षकों की अस्थायी कार्य व्यवस्था के आदेश जारी किए, जिसके बाद छात्राओं ने आंदोलन समाप्त कर दिया. हलांकि शिक्षकों की स्थायी नियुक्त नहीं किए जाने को लेकर छात्राओं और ग्रामीणों में नाराजगी अब भी बरकरार है.
ख़बरें फटाफट
सिरोही में शिक्षकों की कमी से जूझ रही छात्राओं ने स्कल के मुख्य गट पर जड़ा ताला
सिरोही. राजस्थान के सिरोही जिले के पिंडवाड़ा उपखंड स्थित वासा गांव के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा. मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में छात्राओं ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और परिसर के बाहर धरने पर बैठ गईं. छात्राओं का आरोप था कि 203 छात्राओं की पढ़ाई केवल 4 शिक्षकों के भरोसे चल रही है, जिससे नियमित कक्षाएं प्रभावित हो रही हैं और उनका भविष्य दांव पर लग गया है. प्रदर्शन की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया.
इसके बाद विभाग ने तत्काल तीन अतिरिक्त शिक्षकों की कार्य व्यवस्था के आदेश जारी किए, जिसके बाद छात्राओं ने धरना समाप्त कर दिया. छात्राओं का कहना है कि विद्यालय में कुल 13 पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से केवल 4 शिक्षक ही कार्यरत हैं. कई महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं होने से नियमित पढ़ाई नहीं हो पा रही है. बोर्ड कक्षाओं की छात्राओं ने बताया कि लगातार शिक्षकों की कमी के कारण पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं हो रहा है. इससे परीक्षा परिणाम और भविष्य दोनों प्रभावित होने की आशंका है.
धरने की सूचना मिलने के बाद पहुंचे शिक्षा विभाग के अधिकारी
छात्राओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे विद्यालय छोड़कर दूसरे स्कूलों में प्रवेश लेने को मजबूर होंगी. धरने की सूचना मिलने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी सुरेश कुमार प्रजापत विद्यालय पहुंचे. उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था का निरीक्षण किया. विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों से भी पूरे मामले की जानकारी ली गई. अधिकारियों ने माना कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी है और इसे दूर करने के लिए तत्काल कदम उठाए गए हैं.
तीन शिक्षकों की अस्थायी नियुक्ति के बाद भी नाराजगी बरकरार
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से तीन शिक्षकों की अस्थायी कार्य व्यवस्था वासा बालिका विद्यालय में करने के आदेश जारी कर दिए. विभाग के इस आश्वासन के बाद छात्राओं ने स्कूल का ताला खोल दिया और धरना समाप्त कर नियमित शिक्षण कार्य फिर से शुरू हो गया. हालांकि छात्राओं और ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल अस्थायी राहत है. उनका कहना है कि विद्यालय में अभी भी कई स्वीकृत पद खाली हैं, जिन्हें नियमित भर्ती के माध्यम से भरा जाना चाहिए. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शेष रिक्त पद जल्द नहीं भरे गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Sirohi,Rajasthan



