Pratapgarh News: अफीम तस्करी के खुलासे के साथ दो गिरफ्तार, 5 लाख की अफीम और 4.70 लाख कैश जब्त

Last Updated:October 12, 2026, 18:17 IST
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ के अरनोद में पुलिस ने अफीम तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 45 ग्राम अवैध अफीम, 4.70 लाख रुपए नकद, ब्रेजा कार और मोटरसाइकिल जब्त की है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मकान मालिक मौके से फरार हो गया. एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है.
प्रतापगढ़. जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अरनोद थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने गौतम नगर स्थित एक मकान पर दबिश देकर 1 किलो 45 ग्राम अवैध अफीम बरामद की. मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने अफीम की खरीद-फरोख्त से जुड़ी बताई जा रही 4 लाख 70 हजार रुपए की नकदी भी जब्त की है. इसके अलावा एक ब्रेजा कार और एक मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है, जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई जा रही है.
एसपी विशाल जांगिड़ ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जोधपुर जिले का रहने वाला जेठाराम ब्राह्मण अरनोद के गौतम नगर स्थित अपने मकान में अफीम और डोडाचूरा की खरीद-फरोख्त करता है. सूचना के अनुसार, उस समय मकान पर कुछ लोग अफीम खरीदने के लिए भी पहुंचे हुए थे. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान में दबिश दी. पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मकान मालिक जेठाराम वहां से फरार हो गया. पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन रात में अंधेरा होने के कारण उसका पता नहीं चल पाया.
तलाशी में मिली अफीम, दो आरोपी गिरफ्तार
मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को अंदर दो व्यक्ति मिले, पूछताछ में उनकी पहचान श्रवणराम जाट निवासी नारनाड़ी और राजेंद्र उर्फ राजू ब्राह्मण निवासी जानादेसर, जिला जोधपुर के रूप में हुई. तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से एक पारदर्शी प्लास्टिक की थैली में 1 किलो 45 ग्राम अफीम मिली. पुलिस ने अफीम रखने के लिए वैध लाइसेंस या अनुमति के दस्तावेज मांगे, लेकिन दोनों कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके, इसके बाद पुलिस ने अफीम जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
फरार मकान मालिक की तलाश जारी
पुलिस को मकान की तलाशी के दौरान 4 लाख 70 हजार रुपए नकद भी मिले. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह रकम मकान मालिक जेठाराम की बताई गई और इसे अफीम की खरीद-फरोख्त से अर्जित होना बताया गया. पुलिस ने नकदी के साथ एक ब्रेजा कार और मोटरसाइकिल भी जब्त की है. पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फरार मकान मालिक जेठाराम की तलाश की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम कहां से लाई जाती थी और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं. जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Pratapgarh,Rajasthan
First Published :
October 12, 2026, 18:15 IST



