प्रधानाचार्य का तबादला बना बवाल की वजह, जारोड़ा में स्कूल पर जड़ा ताला… छात्रों ने टेस्ट भी छोड़ा

Last Updated:August 20, 2026, 14:09 IST
Merta City School Lockout: नागौर जिले के मेड़ता स्थित जारोड़ा गांव के पीएम श्री स्कूल में प्रधानाचार्य मोहम्मद अख्तर नदीम के तबादले के विरोध में दूसरे दिन भी तालाबंदी जारी रही. विद्यार्थियों ने द्वितीय परख टेस्ट का बहिष्कार किया है. उपखंड अधिकारी सुनील चौधरी द्वारा 3 माह तक रिलीव न करने के आश्वासन के बावजूद ग्रामीण स्थानांतरण आदेश रद्द करने की मांग पर अड़े हुए हैं.
ख़बरें फटाफट
Merta School Protest: 3 महीने का आश्वासन ठुकराया, जारोड़ा स्कूल में दूसरे दिन भी तालाबंदी… तबादला रद्द कराने पर अड़े छात्र
Merta City: नागौर जिले के मेड़ता उपखंड क्षेत्र के जारोड़ा गांव स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य मोहम्मद अख्तर नदीम के स्थानांतरण का मामला गहराता जा रहा है. तबादला आदेश निरस्त न होने से नाराज विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने आज दूसरे दिन भी स्कूल के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर अपना उग्र विरोध जारी रखा. ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं के कड़े रुख को देखते हुए यह धरना-प्रदर्शन अब अनिश्चितकालीन आंदोलन में बदलता नजर आ रहा है.
विद्यालय में मुख्य द्वार पर ताला जड़े होने और विद्यार्थियों द्वारा द्वितीय परख (सेकंड टेस्ट) का पूरी तरह से बहिष्कार किए जाने से एक ओर जहां छात्र-छात्राओं की पढ़ाई का भारी नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी ओर शिक्षा विभाग के लिए परीक्षाएं संपन्न कराना एक बड़ी प्रशासनिक चुनौती बन गया है. प्रदेश की 10 पीएम श्री विद्यालयों की सूची में शामिल जारोड़ा पीएम श्री स्कूल में लगातार दूसरी बार हुई तालाबंदी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है. इस बीच स्थानीय मेड़ता विधायक ने भी इस पूरे स्थानांतरण प्रकरण से दूरी बना ली है.
तीन माह रिलीव न करने के आश्वासन के बाद भी नहीं माने ग्रामीण
आंदोलन की सूचना पर बुधवार दोपहर उपखंड अधिकारी (SDM) सुनील चौधरी और पुलिस उपाधीक्षक (DSP) रामकरण मलिंडा मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने जिला प्रशासन से वार्ता के बाद ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रधानाचार्य मोहम्मद अख्तर नदीम को आगामी तीन महीने तक यहां से रिलीव नहीं किया जाएगा. हालांकि, ग्रामीण और विद्यार्थी इस अस्थाई आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए और स्थानांतरण आदेश को पूरी तरह रद्द करने की मांग पर अड़े रहे, जिससे वार्ता बेनतीजा रही.
मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान
ग्रामीणों और विद्यार्थियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक राज्य सरकार और शिक्षा विभाग प्रधानाचार्य का स्थानांतरण आदेश पूरी तरह वापस नहीं लेता, तब तक विद्यालय के ताले नहीं खोले जाएंगे और धरना अनिश्चितकालीन समय के लिए जारी रहेगा. प्रशासन अब उच्च स्तर पर मामले की जानकारी देकर बीच का रास्ता निकालने का प्रयास कर रहा है.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
और पढ़ेंLocation :
Merta City,Nagaur,Rajasthan
First Published :
August 20, 2026, 14:09 IST



