Rajasthan Rain Alert and Weather Update

Rajasthan rain update today: राजस्थान के विभिन्न जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. मानसून की सक्रियता के चलते प्रदेश में कहीं राहत तो कहीं आफत का मंजर देखने को मिल रहा है. राज्य के धौलपुर, झुंझुनूं, चूरू और हनुमानगढ़ जिलों में हुई बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है और लोगों को लंबे समय से सता रही उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है. खेतों में खड़ी खरीफ फसलों के लिए यह बारिश बेहद फायदेमंद साबित हो रही है. हालांकि, झुंझुनूं जिले के सुल्ताना कस्बे में झमाझम बारिश के चलते गंभीर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है.
झुंझुनूं जिले के सुल्ताना कस्बे में लगातार साढ़े तीन घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने प्रशासनिक दावों की पोल खोलकर रख दी है. कस्बे के बस स्टैंड, टेकड़ा मोड़, मोदी मार्केट और केहरपुरा रोड पर भारी जलभराव हो गया है. सड़कों पर करीब ढाई से तीन फीट तक पानी भर जाने के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ और कई वाहन बीच रास्ते में ही बंद हो गए. निचले इलाकों में स्थिति और भी विकट बनी हुई है, जहां बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया है. केहरपुरा रोड के नाले ओवरफ्लो हो गए हैं. सबसे अधिक नुकसान बस स्टैंड स्थित बेसमेंट की दुकानों में हुआ, जहां अचानक पानी भर जाने से व्यापारियों का लाखों रुपये का सामान डूबकर खराब हो गया. पीड़ित व्यापारी अपने स्तर पर ही दुकानों से पानी और सामान निकालते नजर आए. स्थानीय निवासियों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि जलभराव की इतनी गंभीर स्थिति के बावजूद नगरपालिका की कोई भी टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची.
धौलपुर में रिमझिम बारिश से सुहावना हुआ मौसम, 24 घंटे का अलर्टधौलपुर जिले में कई दिनों के शुष्क मौसम के बाद आखिरकार मानसून ने करवट ली है. सुबह से ही आसमान में काले घने बादल छाए रहे और शाम तक रुक-रुक कर रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा. ठंडी फुहारों और घने बादलों के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली.
यह वर्षा खरीफ फसलों जैसे बाजरा, ज्वार, मूंग, उड़द और तिल के लिए बहुत लाभदायक मानी जा रही है. खेतों में फैली इस रौनक से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है. मौसम विभाग ने धौलपुर जिले में अगले 24 घंटों तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना जताई है, जिससे फसलों को और अधिक फायदा होगा.
चूरू और हनुमानगढ़ में झमाझम, खरीफ फसलों को मिली संजीवनीचूरू जिले में भी लंबे इंतजार के बाद मानसून की मेहरबानी देखने को मिली है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार चूरू में 28.8 एमएम बारिश दर्ज की गई है. इस बारिश से खरीफ की फसलों को एक नया जीवन मिल गया है और पैदावार बेहतर होने की उम्मीद बढ़ गई है. हालांकि, बारिश के चलते शहर के कुछ निचले इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आई है.
वहीं हनुमानगढ़ जिले में भी अचानक मौसम का मिजाज बदला और मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हुआ, जिससे आम नागरिकों को गर्मी से राहत मिली और फसलों को भी भारी लाभ पहुंचने की संभावना है. कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह बारिश किसानों के लिए बेहद समय पर आई है.



