Recipe: ऐसी लाजवाब राजस्थानी सब्जी, जिसे बिना रोटी कटोरी भर-भरकर खाएंगे, जानें बनाने का खास तरीका

पाली. राजस्थान का नाम आते ही मुंह में पारंपरिक और तीखे, चटपटे व्यंजनों का स्वाद घुल जाता है. यहां के खान-पान में सादगी के साथ-साथ ऐसा ज़ायका होता है जो हर किसी को भा जाए. ऐसी ही एक बेहद लोकप्रिय और पारंपरिक डिश है “राजस्थानी मोठ की सब्जी”. यह सब्जी जितनी स्वादिष्ट होती है, उतनी ही सेहतमंद भी होती है. गरमा-गरम बाजरे की रोटी और ऊपर से शुद्ध देसी घी की एक चम्मच इस सब्जी के स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है. सबसे खास बात यह है कि इसे आप बिना रोटी के सिर्फ चम्मच से भी कटोरी में मजे लेकर खा सकते हैं. आइए जानते हैं इस पारंपरिक और चटपटी सब्जी को बनाने की आसान और परफेक्ट रेसिपी.
चटपटी और स्वादिष्ट राजस्थानी मोठ की सब्जी बनाने के लिए आपको रातभर भिंयोया हुआ 1 कप मोठ, 2 से 3 बड़े चम्मच सरसों का तेल या देसी घी, एक चौथाई छोटा चम्मच हींग, 1 छोटा चम्मच जीरा, आधाा छोटा चम्मच राई, और 2 साबुत लाल मिर्च की आवश्यकता होगी. इसके साथ ही, ग्रेवी और तड़के के लिए 1 बड़ा बारीक कटा हुआ प्याज, 1 बड़ा चम्मच लहसुन-अदरक का पेस्ट, और 2 मीडियम साइज के बारीक कटे हुए टमाटर या प्यूरी चाहिए. मसालों में आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 1 से 1.5 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 बड़ा चम्मच धनिया पाउडर, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला, आधा छोटा चम्मच आमचूर पाउडर या नींबू का रस और स्वादानुसार नमक की जरूरत होगी. अंत में सब्जी को सजाने के लिए बारीक कटा हुआ हरा धनिया और पकाने के लिए आवश्यकतानुसार पानी चाहिए.
जानिए राजस्थानी मोठ की सब्जी बनाने का तरीका
सबसे पहले मोठ को अच्छी तरह धोकर रात भर पानी में भिगोकर रख दें. रात भर भिगोने से मोठ अच्छी तरह फूल जाते हैं, जिससे सब्जी का स्वाद और टेक्सचर बहुत ही शानदार बनता है. सुबह भीगे हुए मोठ का पानी निकाल दें. आप चाहें तो इन्हें कुकर में 1 सीटी लगाकर हल्का उबाल भी सकते हैं या सीधे कढ़ाई में मसालों के साथ पका सकते हैं. एक लोहे की या भारी तले की कढ़ाई में तेल डालें और उसे अच्छे से गर्म होने दें. तेल गर्म होने पर उसमें हींग, जीरा, राई और साबुत लाल मिर्च डालें और इन्हें चटकने दें.
मसाला भूनने के दौरान इस बात का रखें ख्याल
अब इसमें बारीक कटा हुआ प्याज और लहसुन-अदरक का पेस्ट डालें. प्याज को सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद कटे हुए टमाटर डालें. साथ ही हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और नमक मिला लें. मसालों को तब तक भूनें जब तक कि वे तेल न छोड़ने लगें. अब इस मसाले में भीगे हुए मोठ डालें. मसालों के साथ मोठ को 2-3 मिनट तक अच्छे से भून लें ताकि मसालों का स्वाद अंदर तक समा जाए. अब इसमें अपनी पसंद के अनुसार ग्रेवी के लिए पानी डालें. कढ़ाई को ढककर धीमी आंच पर मोठ के पूरी तरह नरम होने तक पकाएं. पकाने के दौरान बीच-बीच में चलाते रहें.
थाली में बाजरे की रोटी के साथ ऐसे परोसें सब्जी
जब मोठ अच्छे से पक जाएं और ग्रेवी गाढ़ी हो जाए, तब इसमें गरम मसाला और आमचूर पाउडर या नींबू का रस मिलाएं. इससे सब्जी में वह पारंपरिक चटपटा राजस्थानी स्वाद आएगा. ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया छिड़कें. यह चटपटी राजस्थानी मोठ की सब्जी बनकर तैयार है. इसे गरमा-गरम बाजरे की रोटी पर रखें और ऊपर से भरपूर मात्रा में देसी घी डालकर परोसें. बाजरे की रोटी के साथ इसका मेल अमृत जैसा लगता है. अगर आप रोटी नहीं खाना चाहते, तो इसे एक कटोरी में निकालें, ऊपर से थोड़ा सा नींबू का रस और प्याज डालकर सूप या चाट की तरह भी मजे से खा सकते हैं.



