Recipe: नाश्ते में बनाएं राजस्थान की ये खास थाली, काले चने और मीठी पूरी-बट का स्वाद कर देगा दीवाना

होमफोटोलाइफ़फूड
राजस्थान की इस देसी थाली का स्वाद है लाजवाब, जानें मीठी पूरी-बट की रेसिपी
Last Updated:October 26, 2026, 06:31 IST
Rajasthani Sweet Puri Recipe: अगर आप रोजाना के नाश्ते से हटकर कुछ खास और पारंपरिक बनाना चाहते हैं, तो काले चने, मीठी पूरी-बट और सूजी के हलवे की थाली अच्छा विकल्प हो सकती है. फूड एक्सपर्ट सरोज कंवर ने इस स्वादिष्ट नाश्ते को बनाने का आसान तरीका बताया है. सबसे पहले काले चनों को भिगोकर उबालें और फिर घी, हींग, जीरा, हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर के साथ पकाएं. इसके बाद शक्कर के पानी से आटा गूंथकर मीठी पूरी और बट तैयार करें. इन्हें मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तलें. आखिर में सूजी को घी में भूनकर दूध, शक्कर, इलायची और ड्राई फ्रूट्स मिलाकर हलवा बनाएं. इस नाश्ते में चटपटे चने, मीठी पूरी और गरमागरम हलवे का स्वाद एक साथ मिलता है. खास बात यह है कि इसे सामान्य घरेलू सामग्री से बनाया जा सकता है.
अगर आप नाश्ते या खास मौके पर कुछ पारंपरिक और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो काले चने, मीठी पूरी-बट और हलवे की यह रेसिपी आपके लिए खास हो सकती है. राजस्थान में इस तरह के पारंपरिक व्यंजन अपने अलग स्वाद के लिए पसंद किए जाते हैं. फूड एक्सपर्ट सरोज कंवर के अनुसार, घर पर आसानी से इन तीनों चीजों को तैयार किया जा सकता है. इन्हें एक साथ परोसने से भोजन का स्वाद और भी बढ़ जाता है.
इस पारंपरिक भोजन को तैयार करने में करीब 20 मिनट की तैयारी और 20 मिनट बनाने में लगते हैं. इसके लिए आधा कप काले चने, एक बड़ी इलायची, हींग, जीरा, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, नमक, गर्म मसाला और नींबू का रस चाहिए. मीठी पूरी-बट के लिए आधा कप आटा, चौथाई कप शक्कर और घी लें. हलवा बनाने के लिए सूजी, घी, शक्कर, दूध, इलायची पाउडर, ड्राई फ्रूट्स और नारियल का बूरा रखें.
सबसे पहले काले चनों को अच्छी तरह धोकर पर्याप्त पानी में भिगो दें. इसके बाद चनों को बड़ी इलायची और नमक के साथ कुकर में उबाल लें. ध्यान रखें कि चने अच्छी तरह गल जाएं, लेकिन उनका आकार बना रहे. अब एक कटोरी में हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, नमक और थोड़ा पानी मिलाकर मसाले का पेस्ट तैयार करें. इससे मसाले आसानी से भुनेंगे और चनों में उनका स्वाद अच्छी तरह घुल जाएगा.
Add as Preferred Source on Google
काले चनों की सब्जी तैयार करने के लिए कड़ाही में घी गर्म करें. इसमें हींग और जीरे का तड़का लगाएं. अब तैयार मसाले का पेस्ट डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनें. मसालों से खुशबू आने लगे, तो उबले हुए काले चने डालकर मिलाएं. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर कुछ मिनट पकाएं, ताकि मसालों का स्वाद चनों में समा जाए. आखिर में गर्म मसाला और नींबू का रस मिलाएं. इस तरह चटपटे काले चने तैयार हो जाएंगे.
अब मीठी पूरी-बट बनाने की तैयारी करें. इसके लिए एक बर्तन में शक्कर और पानी डालकर गर्म करें, ताकि शक्कर अच्छी तरह घुल जाए. एक परात में आटा लें और उसमें थोड़ा घी मिलाएं. अब शक्कर के पानी की मदद से आटा गूंथ लें. आटा न ज्यादा सख्त हो और न बहुत नरम। तैयार आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. इन्हें बेलकर पूरी तैयार करें. बट के लिए आटे को लंबा आकार देकर मोड़ें और दोनों को तलने के लिए तैयार रखें.
मीठी पूरी और बट तलने के लिए कड़ाही में घी गर्म करें. घी पर्याप्त गर्म हो जाए, तो तैयार पूरी और बट को मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तलें. इन्हें सावधानी से पलटें, ताकि दोनों तरफ से अच्छी तरह सिक जाएं. तलने के बाद इन्हें निकालकर अतिरिक्त घी निकलने दें. मीठी पूरी-बट का स्वाद काले चनों की चटपटी सब्जी के साथ अच्छा लगता है. इन्हें गरमागरम परोसने से पारंपरिक नाश्ते का आनंद और बढ़ जाता है.
हलवा बनाने के लिए एक बर्तन में दूध, पानी और शक्कर गर्म करें. दूसरी कड़ाही में घी डालकर सूजी को धीमी आंच पर सुनहरा होने और खुशबू आने तक भूनें. अब इसमें धीरे-धीरे गर्म दूध-शक्कर का मिश्रण डालें और लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न बनें. सूजी के फूलने और मिश्रण गाढ़ा होने तक पकाएं. आखिर में इलायची पाउडर, कटे हुए ड्राई फ्रूट्स और नारियल का बूरा डालें. तैयार हलवे को काले चने और मीठी पूरी-बट के साथ परोसें.
लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंडिया✅देखें.First Published :
October 26, 2026, 06:31 IST


