Recipe: सर्दियों में नाश्ते के लिए ऐसे बनाएं मूंग दाल के पराठे, स्वाद ऐसा कि बार-बार खाने का करेगा मन

होमफोटोलाइफ़फूड
आलू के पराठे भूल जाएंगे, एक बार चखें साबुत मूंग दाल के ये स्वादिष्ट पराठे
Last Updated:October 20, 2026, 08:11 IST
How to Make Moong Dal Parathas: सर्दियों में नाश्ते के लिए कुछ नया और स्वादिष्ट बनाने की सोच रहे हैं, तो साबुत मूंग दाल के पराठे एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं. इनका स्वाद बढ़ाने के लिए उबली हुई मूंग दाल में प्याज, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन और देसी मसालों का तड़का लगाया जाता है. गृहिणी प्रभा शर्मा बताती हैं कि तैयार स्टफिंग को गेहूं के आटे की लोई में भरकर तवे पर अच्छी तरह सेंकना चाहिए. बाहर से सुनहरे और अंदर से मसालेदार ये पराठे दही, अचार या हरी चटनी के साथ खूब पसंद आते हैं. मूंग दाल प्रोटीन और फाइबर का स्रोत है. ऐसे में इसे खाने में शामिल करने से स्वाद के साथ पोषक तत्व भी मिलते हैं. सुबह के नाश्ते से लेकर बच्चों के टिफिन तक, इन्हें कई मौकों पर बनाया जा सकता है.
सर्दियों के मौसम में आपने आलू, पालक और बथुआ के पराठे तो खूब खाए होंगे, लेकिन क्या आपने साबुत मूंग दाल के पराठे चखे हैं, ये पराठे खाने में बेहद स्वादिष्ट होते हैं और पौष्टिक भी होते हैं. इन्हें घर पर आसानी से बनाया जा सकता है. खास बात यह है कि इन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री रसोई में ही मिल जाती है. सुबह के नाश्ते से लेकर शाम के खाने तक मूंग दाल के पराठे परोस सकते हैं. बच्चों के टिफिन के लिए भी यह अच्छा नाश्ता है.
गृहिणी प्रभा शर्मा बताती हैं कि साबुत मूंग दाल के पराठे बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को 5 से 6 घंटे तक पानी में भिगोकर रख दें. इसके बाद दाल को कुकर में डालकर आवश्यकतानुसार पानी मिलाएं और दो से तीन सीटी आने तक अच्छी तरह उबाल लें. दाल पकने के बाद अतिरिक्त पानी निकाल दें और इसे एक कटोरे में निकालकर हाथों से हल्का दरदरा कर लें.
अब गैस पर कढ़ाई रखें और उसमें दो चम्मच सरसों का तेल डालें. तेल गर्म होने पर जीरा और सौंफ का तड़का लगाएं. इसके बाद बारीक कटी हरी मिर्च, प्याज, लहसुन और अदरक लाल मिर्च पाउडर धनिया पाउडर थोड़ा सा हल्दी और स्वाद अनुसार नमक डालकर अच्छी तरह भून लें. अब इसमें उबली हुई मूंग दाल डालें और दो से तीन मिनट तक चलाते हुए पकाएं.
Add as Preferred Source on Google
इस तरह पराठे में भरने के लिए स्वादिष्ट स्टफिंग तैयार हो जाएगी. अब पराठे बनाने के लिए गेहूं के आटे को नरम गूंथकर करीब पांच मिनट तक ढककर रख दें. इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें हल्का बेल लें. तैयार स्टफिंग को रोटी के बीच में रखें और किनारों को अच्छी तरह बंद कर दें और रोटी बनाने के लिए बेलें.
अब गर्म तवे पर तैयार पराठे को डालकर दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंकें. पराठे को कुरकुरा और स्वादिष्ट बनाने के लिए जरूरत के अनुसार घी या तेल लगाएं. मध्यम आंच पर इसे तब तक पकाएं, जब तक दोनों तरफ से सुनहरा रंग न आ जाए. इसी तरह बाकी पराठे भी तैयार कर लें. गरमा-गरम मूंग दाल के पराठे का स्वाद नाश्ते और लंच दोनों में लाजवाब लगेगा.
प्रभा शर्मा बताती हैं कि मूंग दाल के पराठों को दही, हरी चटनी या अचार के साथ परोसा जा सकता है. सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों के टिफिन में भी इन्हें रख सकते हैं. घर पर मेहमान आने पर नाश्ते में ये पराठे बनाए जा सकते हैं. स्वादिष्ट होने के साथ मूंग दाल में प्रोटीन और फाइबर भी पाया जाता है, इसलिए ये रोजमर्रा के खाने में शामिल करने के लिए अच्छा नाश्ता है.
लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंडिया✅देखें.First Published :
October 20, 2026, 08:11 IST



