SI भर्ती 2021 की पुनः परीक्षा आज, 666 केंद्रों पर कड़ा पहरा, डमी अभ्यर्थियों पर SOG-ATS की नजर

अजमेर. राजस्थान में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2021 की पुनः परीक्षा आज 20 सितंबर को आयोजित होने जा रही है. राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से होने वाली इस परीक्षा को लेकर प्रदेशभर में प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली है. परीक्षा के लिए 11 जिलों में कुल 666 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2 लाख 18 हजार 131 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जाएगी. पहली पारी में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सामान्य हिंदी का पेपर होगा, जबकि दूसरी पारी में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान की परीक्षा आयोजित होगी. अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया को सख्त रखा गया है. फर्जीवाड़े और डमी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए बायोमेट्रिक जांच और फेस रिकग्निशन की व्यवस्था की गई है.
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. मेटा ग्लासेस और ब्लूटूथ डिवाइस जैसे उपकरणों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी. आयोग ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अनुचित गतिविधि मिलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. पूर्व में डिबार किए गए अभ्यर्थियों पर SOG और ATS की विशेष निगरानी रहेगी. परीक्षा शुरू होने से पहले ही अभ्यर्थियों को केंद्र पर पहुंचना होगा, क्योंकि परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे. ऐसे में अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, वैध फोटो आईडी और निर्धारित ड्रेस कोड के साथ समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की हिदायत दी गई है.
11 जिलों में कुल 666 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं
सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर राजस्थान के जिलों में कुल 666 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. 666 केंद्रों में सबसे ज्यादा 187 परीक्षा केंद्र जयपुर में हैं. अजमेर में 74 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी. अलवर में एसआई भर्ती परीक्षा दो पारियों में शहर के 48 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी. प्रत्येक पारी में करीब 13,320 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है. बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने के चलते संबंधित जिलों में प्रशासन और पुलिस की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं. पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देश पर परीक्षा केंद्रों पर करीब 300 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. परीक्षा के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डॉ. दीपक कुमार को बनाया गया है. अलवर के सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा. प्रत्येक केंद्र पर जैमर लगाए गए हैं. पुलिस ने परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.
दो घंटे पहले पहुंचने के निर्देश
आयोग ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे. इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा. अलवर में भी परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से कम से कम एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं. देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा. अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड और वैध फोटो आईडी साथ लानी होगी. निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना भी जरूरी होगा.
इन सामानों पर रहेगी पाबंदी
परीक्षा केंद्र के अंदर घड़ी, बेल्ट, हैंडबैग, हेयर पिन, ताबीज, कैप, स्कार्फ, स्टॉल, शॉल और मफलर सहित प्रतिबंधित सामान ले जाने पर रोक रहेगी. पुरुष अभ्यर्थियों को आधी आस्तीन की शर्ट या टी-शर्ट, पेंट या पायजामा और हवाई चप्पल या स्लीपर पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं. महिला अभ्यर्थियों को निर्धारित सादे परिधान में परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा.
बायोमेट्रिक और फेस रिकग्निशन से पहचान
फर्जीवाड़े और डमी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए इस बार पहचान सत्यापन की प्रक्रिया कड़ी रखी गई है. प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की चेकिंग के साथ सघन बायोमेट्रिक जांच होगी. फेस रिकग्निशन तकनीक के जरिए भी अभ्यर्थियों की पहचान की जाएगी. परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण पाबंदी रहेगी. मेटा ग्लासेस और ब्लूटूथ डिवाइस जैसे उपकरणों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी.
ओएमआर में पांचवां विकल्प भरना जरूरी
ओएमआर शीट को लेकर अभ्यर्थियों को विशेष सावधानी रखनी होगी. यदि किसी प्रश्न का कोई विकल्प नहीं चुनना है तो पांचवां विकल्प भरना अनिवार्य होगा. पांचवां विकल्प भरने के लिए प्रत्येक पेपर में 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा. वहीं परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की आयोग की SOP के अनुसार वीडियोग्राफी करवाई जाएगी. इससे परीक्षा केंद्रों पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी की जा सकेगी. जिला प्रशासन और पुलिस को परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
डिबार अभ्यर्थियों पर SOG और ATS की नजर
पूर्व में डिबार किए गए अभ्यर्थियों पर SOG और ATS की विशेष निगरानी रहेगी. परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अनुचित गतिविधि, फर्जीवाड़ा या डमी अभ्यर्थी का मामला सामने आने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की जाएगी. आज होने वाली पुनः परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और पहचान जांच को प्राथमिकता दी गई है. आयोग और जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से परीक्षा नियमों का पालन करने और निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की अपील की है.



