Panchana Dam | Bhajanlal | Rajasthan

Last Updated:July 07, 2026, 09:20 IST
Panchana Dam News : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मॉनिटरिंग के बाद पांचना बांध से पानी छोड़ा गया. 20 साल से बंद गेट भी खुले, जिससे करौली और सवाई माधोपुर के किसानों को राहत मिली. जानकारी के अनुसार पानी छोड़ने की प्रक्रिया के दौरान एक महत्वपूर्ण गेट में तकनीकी खराबी आ गई थी. सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया और जल संसाधन विभाग के साथ एसडीआरएफ की टीमों को मौके पर लगाया गया. पांचना बांध विवाद सुलझा, CM भजनलाल शर्मा की निगरानी में पानी छोड़ा गया.
जयपुर. पांचना बांध का पानी पिछले कई दिनों से सिर्फ नहरों तक पहुंचाने का मामला नहीं था. यह करौली और सवाई माधोपुर के किसानों के बीच भरोसे, हिस्सेदारी और सिंचाई के अधिकार का बड़ा मुद्दा बन चुका था. दोनों जिलों के किसान अपने-अपने हिस्से का पानी मांग रहे थे. कई जगह धरने लगे, महापड़ाव हुए और सरकार पर लगातार दबाव बढ़ता गया. मामला इतना उलझ गया था कि समाधान आसान नहीं माना जा रहा था. लेकिन आखिरकार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की लगातार मॉनिटरिंग और प्रशासनिक स्तर पर तेज कार्रवाई के बाद वह काम हो गया, जिसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था.
सरकार की ओर से पांचना समझौते के तहत पानी छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस दौरान सामने आई तकनीकी दिक्कतों को भी रातभर चले अभियान में दूर कर लिया गया. इसके बाद लिफ्ट, कैनाल और नदी की ओर तय सभी गेट खोल दिए गए और पानी की आपूर्ति शुरू हो गई.
तकनीकी खराबी बनी सबसे बड़ी रुकावट. पूरी रात चला ऑपरेशनजानकारी के अनुसार पानी छोड़ने की प्रक्रिया के दौरान एक महत्वपूर्ण गेट में तकनीकी खराबी आ गई थी. सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया और जल संसाधन विभाग के साथ एसडीआरएफ की टीमों को मौके पर लगाया गया. इसके बाद पूरी रात युद्ध स्तर पर अभियान चलाया गया. विशेषज्ञ लगातार गेट को चालू करने में जुटे रहे. आखिरकार मंगलवार तड़के करीब 4 बजकर 50 मिनट पर तकनीकी खराबी वाले गेट को भी सफलतापूर्वक खोल दिया गया. इसके बाद पानी की आपूर्ति का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया.
तीन राज्यों से बुलाए गए विशेषज्ञइस काम को आसान बनाने के लिए सिर्फ स्थानीय टीमों पर भरोसा नहीं किया गया. भरतपुर, बीसलपुर और मथुरा से विशेषज्ञों को बुलाया गया. इन विशेषज्ञों ने पूरी रात मौके पर रहकर ऑपरेशन चलाया. जल संसाधन विभाग और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने लगातार मेहनत की, जिसके बाद सभी जरूरी गेट खोलने में सफलता मिली. बताया गया कि जिन गेटों में लंबे समय से तकनीकी परेशानी बनी हुई थी, उन्हें भी इस अभियान के दौरान चालू कर दिया गया.
करीब 20 साल से बंद पड़े गेट भी खुलेइस पूरे अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि तकनीकी खामी के कारण करीब 20 साल से बंद पड़े गेट भी खोल दिए गए. लंबे समय से इन गेटों को लेकर कई बार चर्चा हुई, लेकिन उन्हें चालू नहीं किया जा सका था. अब इनके खुलने के बाद पानी की निकासी और आपूर्ति दोनों सुचारु होने लगी है.
दिल्ली दौरे पर रहते हुए भी सीएम करते रहे मॉनिटरिंगसरकारी जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दिल्ली दौरे पर होने के बावजूद पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए थे. अधिकारियों से नियमित फीडबैक लिया जा रहा था और जरूरी निर्देश भी दिए जा रहे थे. इसी लगातार मॉनिटरिंग का असर रहा कि तकनीकी समस्या आने के बाद भी काम नहीं रुका और पूरी मशीनरी रातभर मौके पर जुटी रही. अब पानी की आपूर्ति शुरू होने के बाद उम्मीद की जा रही है कि पांचना बांध को लेकर पिछले कई दिनों से चला विवाद धीरे-धीरे शांत होगा. खास तौर पर कमांड क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए राहत मिलने की संभावना बढ़ गई है. साथ ही प्रशासन की कोशिश रहेगी कि आगे पानी के वितरण को लेकर फिर किसी तरह का विवाद खड़ा न हो और तय समझौते के अनुसार सभी क्षेत्रों तक पानी पहुंच सके.
About the AuthorAnand Pandey
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan



