How To Make Nariyal Laddu | How To Make Rabari Laddu | Ganesh Chaturthi Sweet | नारियल रबड़ी लड्डू, ऐसे बनाएं घर पर

Last Updated:September 12, 2026, 15:43 IST
Ganesh Chaturthi Best Sweet Recipe : गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश को मोदक और लड्डुओं का भोग लगाने की परंपरा है. इस बार पारंपरिक स्वाद से हटकर नारियल रबड़ी लड्डू बना सकते हैं, जिनकी रेसिपी फूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा ने बताई है.सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है.
ख़बरें फटाफट
Ganesh Chaturthi Recipe Special: गणेश चतुर्थी के पर्व पर भगवान गणेश को मोदक और लड्डुओं का भोग लगाने की परंपरा है. अगर इस बार बप्पा के लिए कुछ ऐसा मीठा बनाने का मन है, जो पारंपरिक स्वाद से थोड़ा अलग हो और देखने में भी खास लगे, तो नारियल रबड़ी लड्डू ट्राई कर सकते हैं. नारियल की खुशबू, रबड़ी की मलाईदार मिठास, इलायची, केसर और पिस्ते का स्वाद इन लड्डुओं को खास बना देता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इन्हें घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है.
फूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा ने बताया कि नारियल रबड़ी लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले इसकी इंस्टेंट रबड़ी तैयार करें. इसके लिए एक बाउल में 4 बड़े चम्मच मिल्क पाउडर, 2 बड़े चम्मच शक्कर, आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर, थोड़े से केसर के धागे और पिस्ता कतरन डालें. इसमें आधा कप मलाई मिलाकर सभी चीजों को अच्छी तरह फेंट लें. तैयार मिश्रण को करीब 10 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें, ताकि रबड़ी थोड़ी सेट हो जाए और इसकी छोटी-छोटी गोलियां आसानी से बनाई जा सकें.
लड्डू का मिश्रण तैयार करेंफूड ब्लॉगर कल्पना शर्मा ने बताया कि लड्डू का मिश्रण तैयार करने के लिए कड़ाही में 1 बड़ा चम्मच घी गर्म करें. इसमें एक कटोरी दूध और आधी कटोरी शक्कर डालकर पकाएं. शक्कर अच्छी तरह घुल जाए तो इसमें आधी कटोरी मिल्क पाउडर डालें और लगातार चलाते रहें. अब इसमें 2 कटोरी नारियल का बुरादा डालकर मध्यम आंच पर पकाएं. मिश्रण को लगातार चलाना जरूरी है, ताकि यह कड़ाही के तले में चिपके नहीं. जब नारियल का मिश्रण गाढ़ा होकर लड्डू बनाने लायक हो जाए तो गैस बंद कर दें. इसे एक प्लेट में निकालकर थोड़ा ठंडा होने दें. मिश्रण पूरी तरह गर्म रहने पर लड्डू बनाने में परेशानी हो सकती है.
रबड़ी भरकर दें लड्डू को खास अंदाजअब फ्रिज में रखी रबड़ी को निकालें और उसकी छोटी-छोटी गोलियां बना लें. नारियल के मिश्रण का थोड़ा हिस्सा हथेली पर फैलाएं. इसके बीच में रबड़ी की गोली रखें और नारियल के मिश्रण को चारों तरफ से बंद करते हुए गोल आकार दें. इसके बाद तैयार लड्डुओं को सूखे नारियल के बुरादे में अच्छी तरह लपेटें. ऊपर से पिस्ता कतरन, केसर के धागे और गुलाब की सूखी पंखुड़ियों से सजाएं. इससे लड्डू देखने में भी बेहद आकर्षक लगेंगे. गणेश चतुर्थी पर इन्हें भगवान गणेश को भोग के रूप में अर्पित करें. इसके बाद परिवार और मेहमानों के साथ इस मलाईदार और नारियल के स्वाद वाली खास मिठाई का आनंद लें.
About the Authorआनंद पाण्डेयContent Producer
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…
Sikar,Sikar,Rajasthan
First Published :
September 12, 2026, 15:43 IST



