जोधपुर में पिकअप वैन को बना दिया हेलिकॉप्टर! चार थानों की पुलिस भी नहीं रोक पाई, देखें वीडियो

जोधपुर न्यूज: रविवार देर रात शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक तेज रफ्तार कैंपर ने पहले प्रताप नगर क्षेत्र में कई राहगीरों व वाहनों को टक्कर मार दी. सूचना मिलते ही प्रताप नगर, उदय मंदिर, मंडोर, बनाड़ और कुदा थाना की पांच पुलिस टीमों ने कैंपर का पीछा शुरू किया. करीब 50 किलोमीटर तक चले इस हाई-स्पीड चेज में पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग की. सबसे चौंकाने वाली तस्वीर मंडोर रोड पर सामने आई जब पुलिस ने सड़क पर पत्थरों से भरा ट्रैक्टर खड़ा कर दिया ताकि कैंपर रुक जाए, लेकिन चालक ने हवा में उछाल लेकर डिवाइडर पार करने की कोशिश की और ट्रैक्टर से टकराते हुए आगे निकल गया. इस दौरान कैंपर ने कई वाहनों को टक्कर भी मारी। आखिरकार मंडोर औद्योगिक क्षेत्र के पास पुलिस ने गाड़ी को चारों तरफ से घेरकर चालक को दबोच लिया.चालक की पहचान बाड़मेर जिले के सेदवा निवासी भंवरा राम विश्नोई के रूप में हुई है. पुलिस का दावा है कि कैंपर में अवैध शराब भरी थी, जिसकी तस्करी गुजरात से राजस्थान की जा रही थी. मौके से करीब 50 पेटी से अधिक अंग्रेजी शराब बरामद की गई है. पूरी घटना का कई लोग मोबाइल में वीडियो बना रहे थे जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें सायरन बजाती पुलिस गाड़ियां और भागता कैंपर साफ दिख रहा है. पुलिस ने चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.



