Tiger Shroff Case Investigation : सलमान, आमिर, अमिताभ… टाइगर श्रॉफ के हमलावरों के निशाने पर थे कौन-कौन स्टार, मुंबई पुलिस ने अब क्या बताया?

मुंबई में हिन्दी फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में एक बेहद चौंकाने वाली जानकारी सामने आई. मुंबई क्राइम ब्रांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में गिरफ्तार शूटर्स ने टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने से पहले अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार समेत कई फिल्म स्टार्स के घरों के बारे में जानकारी जुटाई थी. हालांकि मुंबई पुलिस ने इस खबरों की पुष्टि नहीं की है. पुलिस ने साफ कहा कि व्हाट्सऐप पर चल रहे ऐसे संदेशों पर भरोसा न करें, क्योंकि दूसरे कलाकारों के निशाने पर होने की कोई जानकारी उसके पास नहीं है.
अमिताभ, सलमान, आमिर और अक्षय के घरों तक पहुंचे थे आरोपी?
दरअसल क्राइम ब्रांच के सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने मुंबई घूमने के बहाने कई जगहों के खूब चक्कर काटे थे. बताया जाता है कि वे ऑटो ड्राइवर्स से कहते थे कि उन्हें बॉलीवुड स्टार्स के घर देखने हैं. इसके बाद वे अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार समेत कई अभिनेताओं के घरों तक पहुंचे. जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि आरोपियों ने इन जगहों की रेकी किस मकसद से की थी और क्या किसी दूसरे अभिनेता पर हमले की भी कोई योजना थी.
हालांकि, इन सितारों के घरों की रेकी किए जाने की जानकारी फिलहाल क्राइम ब्रांच के सूत्रों के हवाले से सामने आई है. मुंबई पुलिस के डीसीपी राज तिलक रोशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ किया कि दूसरे सेलिब्रिटीज को निशाना बनाए जाने के संबंध में कोई साफ जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और पुलिस सभी आरोपियों के बीच संबंधों को स्थापित करने की कोशिश कर रही है.
ऑटो ड्राइवर से मिली टाइगर श्रॉफ की जानकारी
वहीं जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, एक ऑटो ड्राइवर ने ही अनजाने में इन आरोपियों को बताया कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ हर रविवार जुहू के एक फुटबॉल ग्राउंड में खेलने आते हैं. आरोपियों ने इसके बाद ही टाइगर पर हमले की योजना बनाई. बताया जाता है कि आरोपी 11 अक्टूबर को फुटबॉल ग्राउंड पहुंचे थे, लेकिन उस दिन टाइगर श्रॉफ वहां नहीं आए. इसके बाद 18 अक्टूबर को आरोपी कथित तौर पर दोबारा उसी मैदान पर पहुंचे. इस बार उनके पास हथियार भी थे. इसी दौरान टाइगर श्रॉफ की कार जैसे ही फील्ड कैंपस से बाहर निकली, इन हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.
हथियार कहां फेंके, पुलिस कर रही तलाश
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमले में एक विदेशी निर्मित पिस्तौल और एक देशी पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया था. आरोपियों ने मुंबई से निकलते समय कथित तौर पर दोनों हथियार किसी अज्ञात जगह पर फेंक दिए. अब पुलिस उन हथियारों की बरामदगी में जुटी है.
डीसीपी राज तिलक रोशन ने बताया कि पुलिस की प्राथमिकता फिलहाल फायरिंग की घटना की जांच करना, आरोपियों के बीच कड़ियां जोड़ना और यह पता लगाना है कि उन्होंने पहले भी रेकी की थी या नहीं. अभिनेता टाइगर श्रॉफ का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया भी चल रही है.
पांच और आरोपी गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने इस मामले में पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इससे पहले घटना के 15 घंटे के भीतर तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था. अब कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या आठ हो गई है. पुलिस के मुताबिक, पांच नए आरोपियों में दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं. इनमें से चार को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया, जबकि एक पुरुष आरोपी को हरियाणा के सोनीपत से पकड़ा गया.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों ने हमलावरों को हथियार उपलब्ध कराने और उन्हें लॉजिस्टिक मदद पहुंचाई. पुलिस के मुताबिक, दो पुरुष आरोपी अमृतसर से हथियार लेकर आए थे, जबकि दो महिलाओं ने कूरियर के तौर पर काम करते हुए हमलावरों तक हथियार पहुंचाया. सोनीपत से गिरफ्तार आरोपी पर मुंबई में हमलावरों को स्थानीय मदद देने और उनके साथ ठहरने का आरोप है.
पुलिस ने बताया कि दोनों महिलाएं उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं और अलग-अलग जगहों पर काम करती थीं. वहीं दो पुरुष आरोपियों और दोनों महिलाओं के बीच दोस्ती होने की बात भी सामने आई है. जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि आरोपियों को किसने पैसे दिए और हथियारों की व्यवस्था किसके निर्देश पर की गई.



