Sikar News: सीकर पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर रणवीर सिंह का निधन, राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई

Last Updated:August 21, 2026, 13:15 IST
सीकर पुलिस लाइन में तैनात पुलिस इंस्पेक्टर रणवीर सिंह का बीमारी के चलते शुक्रवार सुबह अस्पताल में निधन हो गया. पेट दर्द की शिकायत के बाद उन्हें भर्ती करवाया गया था. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. उनका अंतिम संस्कार झुंझुनूं जिले स्थित पैतृक गांव में किया जाएगा.
सीकर पुलिस इंस्पेक्टर रणवीर सिंह पार्थिव देह
सीकर. पुलिस लाइन में तैनात पुलिस इंस्पेक्टर रणवीर सिंह का शुक्रवार सुबह बीमारी के चलते निधन हो गया. पेट में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. इलाज के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया. उनके निधन की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई.
निधन के बाद पुलिस इंस्पेक्टर रणवीर सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया, इसके बाद शुक्रवार को सीकर पुलिस लाइन में उनके पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई दी गई. पुलिस जवानों ने राजकीय सम्मान के साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम विदाई दी. रणवीर सिंह के पार्थिव शरीर को बाद में उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा, उनका अंतिम संस्कार झुंझुनूं जिले में स्थित उनके पैतृक गांव में किया जाएगा.
10 जुलाई को रामगढ़ सेठान थाना किया गया था ट्रांसफर
जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई को सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक की ओर से जारी की गई तबादला सूची में इंस्पेक्टर रणवीर सिंह का ट्रांसफर रामगढ़ सेठान थाने में किया गया था. हालांकि, बाद में उनका ट्रांसफर वापस सीकर पुलिस लाइन कर दिया. वह करीब तीन महीने से सीकर पुलिस लाइन में पोस्टेड थे. इंस्पेक्टर रणवीर सिंह ने अपने पुलिस सेवा कार्यकाल के दौरान सीकर जिले के कई थानों में जिम्मेदारी संभाली थी. उन्होंने दादिया, लक्ष्मणगढ़ सहित विभिन्न पुलिस थानों में अपनी ड्यूटी निभाई और पुलिस विभाग को अपनी सेवाएं दी, उनके सहकर्मियों के अनुसार वे अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित अधिकारी थे.
एसपी बोले- बीमारी के चलते कराया था अस्पताल में भर्ती
सीकर एसपी प्रवीण नायक ने बताया कि इंस्पेक्टर रणवीर सिंह बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती थे. उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उनका निधन हो गया. इसके बाद पुलिस लाइन में उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. उनके निधन से पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों में शोक का माहौल है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Sikar,Rajasthan
First Published :
August 21, 2026, 13:15 IST



