थलापति विजय को मिला था ‘मुख्यमंत्री’ बनने का ऑफर, फीस की वजह से छोड़ी थी फिल्म, रिलीज होते ही मूवी बन गई कल्ट

Last Updated:May 09, 2026, 09:30 IST
राजनीति में कदम रख चुके सुपरस्टार थलापति विजय इन दिनों अपनी पार्टी टीवीके के चुनाव परिणामों को लेकर चर्चा में हैं. इस सियासी सरगर्मी के बीच फैंस उनकी एक ऐसी पुरानी फिल्म को याद कर रहे हैं, जिसे उन्होंने रिजेक्ट कर दिया था. दरअसल, साल 1999 की ब्लॉकबस्टर फिल्म मुधलवन में मुख्यमंत्री का किरदार पहले विजय को ऑफर हुआ था. फीस को लेकर हुई अनबन के कारण उन्होंने यह प्रोजेक्ट छोड़ दिया, जो बाद में एक कल्ट क्लासिक बनी. अब जब विजय खुद मुख्यमंत्री की रेस में हैं, तो इस फिल्म का किस्सा फिर से सुर्खियों में आ गया है.
नई दिल्ली. एक्टर से पॉलिटिशियन बने थलापति विजय इन दिनों अपनी राजनीतिक पारी को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. उनकी पॉलिटिकल पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम ने साल 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में जबरदस्त प्रदर्शन कर सबको चौंका दिया है. 4 मई को आए नतीजों के बाद अब गठबंधन और राजनीतिक जोड़-तोड़ का दौर जारी है और इसी बीच इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि क्या विजय तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री बन सकते हैं.
इस सियासी हलचल के बीच फैंस विजय की उन फिल्मों को भी याद कर रहे हैं, जिनमें राजनीति का जबरदस्त तड़का लगा था. इन्हीं में से एक फिल्म थी ‘मुधलवन’. कहा जाता है कि विजय इसे साइन करने वाले थे, लेकिन आखिरी वक्त पर उन्होंने यह फिल्म छोड़ दी थी. बाद में यह फिल्म साउथ सिनेमा जगत में कल्ट क्लासिक साबित हुई.
साल 1999 में रिलीज हुई यह तमिल फिल्म निर्देशक शंकर के करियर की बेहतरीन फिल्मों में से एक मानी जाती है, जिसे उन्होंने खुद लिखा और प्रोड्यूस भी किया था. फिल्म में अर्जुन सरजा, मनीषा कोइराला और रघुवरन लीड किरदारों में नजर आए थे, जबकि वादिवेलु और मणिवन्नन सपोर्टिंग रोल में थे. फिल्म की सफलता में एआर रहमान के शानदार संगीत, केवी आनंद की सिनेमैटोग्राफी और सुजाता के लिखे दमदार डायलॉग्स का बड़ा हाथ था.
Add as Preferred Source on Google
कहानी की बात करें तो यह पुगाझेंदी नाम के एक महत्वाकांक्षी टीवी पत्रकार के इर्द-गिर्द घूमती है. पुगाझेंदी को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का इंटरव्यू लेने का मौका मिलता है, जहां वह राज्य की समस्याओं को लेकर सीएम से कई कड़े सवाल पूछता है. सवालों से घिरने के बाद मुख्यमंत्री उसे चुनौती देते हैं कि वह सिर्फ एक दिन के लिए सीएम की कुर्सी संभाले और खुद उन समस्याओं को हल करके दिखाए. इस फिल्म को आप नेटफ्लिक्स और सन नेक्स्ट पर देख सकते हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डायरेक्टर एस शंकर ने ‘मुधलवन’ के लिए सबसे पहले विजय के पिता एसए चंद्रशेखर से संपर्क करने की कोशिश की थी. इसके लिए उन्होंने अपने एक सहयोगी को भेजा था. लेकिन बात बन नहीं पाई, क्योंकि थलापति विजय की फीस को लेकर शंकर और चंद्रशेखर के सहयोगी के बीच सहमति नहीं बन सकी थी.
जब बात बिगड़ गई, तो शंकर ने आगे बढ़कर अर्जुन सरजा को इस फिल्म में कास्ट कर लिया. बाद में जब एस ए चंद्रशेखर को पता चला कि विजय के हाथ से ‘मुधलवन’ जैसा बड़ा प्रोजेक्ट निकल गया है, तो उन्होंने शंकर से कहा कि उन्हें किसी तीसरे के जरिए बात करने के बजाय सीधे उनसे मिलना चाहिए था.
फिल्मी करियर की बात करें तो विजय की मोस्ट अवेटेड फिल्म जन नायकन एक बार फिर चर्चा में है. फिल्मीबीट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स फिल्म के लिए नई रिलीज डेट पर विचार कर रहे हैं. रिपोर्ट की मानें तो यह फिल्म 22 जून को सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है, जो कि विजय का जन्मदिन भी है.
एच विनोद के निर्देशन में बनी इस फिल्म को पहले पोंगल पर यानी जनवरी में रिलीज करने की तैयारी थी, लेकिन सेंसर सर्टिफिकेट से जुड़ी दिक्कतों की वजह से इसमें देरी हुई. बाद में फिल्म के कुछ एचडी क्लिप्स भी सोशल मीडिया पर लीक हो गए थे. इस फिल्म में बॉबी देओल, पूजा हेगड़े और ममिता बैजू जैसे बड़े सितारे नजर आने वाले हैं. यह विजय की आखिरी फिल्म है
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



