सीकर में गोविंद सिंह डोटासरा ने दिखाई अपनी मजबूत पकड़, बीजेपी से आगे निकली कांग्रेस

संदीप हुड्डा.
सीकर. राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के गृह जिले सीकर में एक बार फिर कांग्रेस ने अपना दबदबा कायम रखा है. लोकसभा और विधानसभा चुनाव के बाद निकाय चुनाव में भी कांग्रेस ने यहां अपनी सफलता का झंडे गाड़ दिए हैं. सीकर में 14 निकायों में चुनाव हुए हैं. इनमें दो नगर परिषद और 12 नगर पालिकाएं शामिल हैं. इनमें से 9 निकायों में कांग्रेस ने बढ़त बनाई है. बीजेपी केवल 3 जगह बढ़त में रही है. खाटूश्यामजी में दोनों पार्टियों का पलड़ा बराबर है. रींगस में निर्दलीय दोनों पार्टियों से आगे हैं. सीकर नगर परिषद में एक बार फिर कांग्रेस ने अपना जीत का जोरदार परचम लहराया है. सीकर नगर परिषद में आज तक भाजपा का बोर्ड नहीं बन पाया है.
हालांकि सीकर के सभी निकायों में मतदाताओं ने बीजेपी और कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत नहीं दिया है. मतदाताओं ने कांग्रेस को केवल सीकर नगर परिषद और रामगढ़ शेखावाटी नगरपालिका में स्पष्ट बहुमत दिया है. वहीं बीजेपी को सूबे के यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के गृहक्षेत्र श्रीमाधोपुर और पलसाना में साफ बहुमत दिया है. शेष 10 निकायों में दोनों की पार्टियों को बोर्ड बनाने के लिए निर्दलीयों की मनुहार करनी पड़ेगी. इनमें खाटूश्यामजी को छोड़कर शेष में कांग्रेस बढ़त में है. खाटूश्यामजी में बीजेपी और कांग्रेस दोनों के बराबर-बराबर सीटें आईं हैं.
जोड़तोड़ में जो भारी पड़ेगा वह अपना बोर्ड बनाएगा
इन दस निकायों जोड़तोड़ में जो भारी पड़ेगा वह अपना बोर्ड बनाएगा. कांग्रेस सीकर नगर परिषद में साफ बहुमत के अलावा फतेहपुर नगर परिषद में भी बढ़त बनाए हुए है. इसके अलावा नगर पालिकाओं की बात की जाए तो राजस्थान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के गृहक्षेत्र लक्ष्मणगढ़ के अलावा खंडेला, नीमकाथाना, अजीतगढ़, लोसल और दांता नगरपालिका में कांग्रेस बढ़त में है. दूसरी तरफ बीजेपी श्रीमाधोपुर और पलसाना में बहुमत के अलावा धोद में बढ़त में है. रींगस में दोनों ही पार्टियां बढ़त में नहीं हैं. वहां निर्दलीयों का दबदबा है.
यह रहा सीकर का परिणाम
सीकर नगर परिषद- कुल वार्ड- 65कांग्रेस 38, भाजपा 22, अन्य 5
नगर परिषद फतेहपुर- कुल वार्ड- 55कांग्रेस 21, निर्दलीय 21, भाजपा 13
नगर पालिका लक्ष्मणगढ़ कुल वार्ड- 45कांग्रेस 20, भाजपा 15, अन्य 10
नगर पालिका नीमकाथाना- कुल वार्ड- 40कांग्रेस 20, भाजपा 17, अन्य 3
नगर पालिका रामगढ़ शेखावाटी- कुल वार्ड- 35कांग्रेस 18, भाजपा 10, अन्य 7
नगर पालिका श्रीमाधोपुर- कुल वार्ड- 35भाजपा 19, कांग्रेस 9, अन्य 7
नगर पालिका खंडेला- कुल वार्ड- 40कांग्रेस 18, भाजपा 13, अन्य 9
नगर पालिका लोसल- कुल वार्ड- 35कांग्रेस 16, भाजपा 9, अन्य 10
नगर पालिका रींगस- कुल वार्ड- 35भाजपा 11, कांग्रेस 5, अन्य 19
नगर पालिका दांता- कुल वार्ड-25कांग्रेस 11, भाजपा 8, अन्य 6
नगर पालिका अजीतगढ़- कुल वार्ड- 25कांग्रेस 9, भाजपा 8, अन्य 8
नगर पालिका खाटूश्यामजी- कुल वार्ड- 20कांग्रेस 8, भाजपा 8, अन्य 4
नगर पालिका पलसाना- कुल वार्ड- 20भाजपा 14, कांग्रेस 2, अन्य 4
नगर पालिका धोद- कुल वार्ड- 20भाजपा 10, कांग्रेस 8, अन्य 2



