दिग्गज निर्देशक के. भाग्यराज का निधन, दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत, अमिताभ बच्चन-कमल हासन संग किया था काम

Last Updated:June 27, 2026, 12:13 IST
तमिल सिनेमा के दिग्गज पटकथा लेखक, निर्देशक और अभिनेता के. भाग्यराज का शनिवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. 75 से अधिक फिल्मों में अपनी अनूठी कहानी कहने की कला और बेहतरीन ह्यूमर के लिए मशहूर भाग्यराज ने आज दुनिया को अलविदा कह दिया. उन्होंने हिंदी सिनेमा को ‘आखिरी रास्ता’ और ‘वो सात दिन’ जैसी कल्ट क्लासिक फिल्में दीं, जो उनकी सदाबहार विरासत का हिस्सा रहेंगी.
डायरेक्टर का निधन हो गया.
नई दिल्ली. तमिल फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. अपनी लाजवाब स्क्रिप्ट राइटिंग, बेहतरीन निर्देशन और कमाल की अदाकारी से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले दिग्गज फिल्ममेकर कृष्णस्वामी भाग्यराज (के. भाग्यराज) का शनिवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. सिनेमा जगत में ‘पटकथा का जादूगर’ माने जाने वाले भाग्यराज के जाने से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है.
के. भाग्यराज के निधन पर दुख जताते हुए मशहूर निर्देशक एम. राजेश ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक नोट साझा किया. उन्होंने लिखा, ‘भगवान आपकी आत्मा को शांति दे, दिग्गज के. भाग्यराज सर. आपकी अनूठी कहानी कहने की कला, गजब के ह्यूमर और सदाबहार पटकथाओं ने लेखकों और निर्देशकों की कई पीढ़ियों को प्रेरित करने का काम किया है. आपकी यह शानदार विरासत आपकी यादगार फिल्मों और उन अनगिनत फिल्म निर्माताओं के माध्यम से हमेशा जीवित रहेगी जिन्हें आपने प्रभावित किया है. ओम शांति, सर’
75 से ज्यादा फिल्मों से दिया सामाजिक संदेश
7 जनवरी 1953 को तमिलनाडु में जन्मे के. भाग्यराज ने अपने करियर में 75 से ज्यादा फिल्मों में काम किया. वे सिर्फ एक अभिनेता या निर्देशक नहीं थे, बल्कि उन्हें स्क्रीनप्ले का मास्टर माना जाता था. उनकी सबसे बड़ी खासियत यह थी कि वे गंभीर सामाजिक मुद्दों को भी बेहद हल्के-फुल्के और मजेदार ह्यूमर के साथ पर्दे पर उतारते थे. यही वजह थी कि उनकी फिल्में हर वर्ग के दर्शकों को बेहद पसंद आती थीं.
दीं कई सुपरहिट फिल्में
उनकी सुपरहिट फिल्मों की लिस्ट बहुत लंबी है, जिसमें ‘अंधा 7 नाटकाल’, ‘मुंधानई मुदिचू’, ‘थूरल निन्नु पोचु’, ‘डार्लिंग डार्लिंग डार्लिंग’, ‘इधु नम्मा आलू’, ‘इंद्रु पोई नालई वा’, ‘मौना गीथांगल’ और ‘रुद्र’ जैसे कई कल्ट क्लासिक्स शामिल हैं. उनकी कहानियों का जादू ऐसा था कि उनकी फिल्मों को हिंदी, कन्नड़, तेलुगु और ओड़िया सहित कई भारतीय भाषाओं में डब या रीमेक किया गया.
एक बेहतरीन लेखक और निर्देशक होने के साथ-साथ भाग्यराज एक शानदार अभिनेता भी थे, जिन्होंने कई फिल्मों में लीड रोल निभाए. उन्होंने कई ऐसी कहानियां लिखीं जो मील का पत्थर साबित हुईं, जिसमें ‘ओरु कैधियिन डायरी’ प्रमुख है. इस फिल्म का निर्देशन उनके गुरु भरथिराजा ने किया था और इसमें कमल हासन मुख्य भूमिका में थे.
अमिताभ बच्चन की फिल्म का किया था निर्देशन
दिलचस्प बात यह है कि जब इस फिल्म का हिंदी में ‘आखिरी रास्ता’ के नाम से रीमेक बनाया गया, जिसमें महानायक अमिताभ बच्चन ने डबल रोल निभाया था, तो उस कल्ट बॉलीवुड फिल्म के निर्देशन की कमान खुद के. भाग्यराज ने ही संभाली थी.
About the AuthorPranjul SinghSub-Editor
From the precision of chemistry labs to the vibrant chaos of a newsroom, my journey has been about finding the perfect formula for a great story. A graduate in Chemistry Honours from the historic Scottish Churc…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
New Delhi,Delhi



