Vikas Meena Death Case: बूंदी में युवक की संदिग्ध मौत,रेलवे पटरी पर मिला शव,दो पार्टनर के साथ चलाता था चाय की होटल

Last Updated:October 09, 2026, 14:07 IST
Vikas Meena Death Case: बूंदी में 22 वर्षीय विकास मीणा का शव नानकपुरिया के पास रेलवे पटरी पर मिलने से सनसनी फैल गई. विकास सिलोर रोड पर चाय की होटल चलाता था और शाम करीब 7 बजे होटल से निकला था. परिजनों ने मौत पर संदेह जताते हुए हत्या या आत्महत्या की आशंका के बीच निष्पक्ष जांच की मांग की है. मृतक विकास मीणा
बूंदी. जिले में ट्रेन की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक विकास मीणा की मौत हो गई, युवक का शव नानकपुरिया के पास रेलवे पटरी पर मिला. विकास बूंदी शहर में सिलोर रोड पर चाय की होटल चलाता था, घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है. परिजनों ने मामले को लेकर संदेह जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विकास की मौत हादसे में हुई, उसने आत्महत्या की या फिर उसके साथ कोई अनहोनी हुई है, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
जानकारी के अनुसार, विकास मीणा बूंदी जिले के रायथल थाना क्षेत्र के गुवाड़ी गांव का निवासी था. वह बूंदी शहर में सिलोर रोड पर अपने दो पार्टनर अभिषेक मीणा और विनोद मीणा के साथ चाय की होटल चलाता था. परिजनों के मुताबिक, विकास रोजमर्रा की तरह होटल पर काम कर रहा था, शाम करीब 7 बजे वह होटल से निकला था, इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला. परिजन उसके वापस आने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन कुछ समय बाद पुलिस की ओर से उन्हें सूचना मिली कि विकास का शव रेलवे पटरी के पास मिला है. यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया, जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
नानकपुरिया के पास मिला शव
युवक का शव नानकपुरिया के पास रेलवे पटरी पर पड़ा मिला, घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंचे. अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग सदमे में हैं, विकास की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
परिजनों ने जताया संदेह, निष्पक्ष जांच की मांग
विकास की मौत को लेकर परिजनों ने संदेह जताया है, उनका कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का. परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच करने और मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, युवक होटल से निकलने के बाद कहां गया और रेलवे पटरी तक किन परिस्थितियों में पहुंचा, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे. मौत के कारणों को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है. पुलिस की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Bundi,Rajasthan
First Published :
October 09, 2026, 13:58 IST



