Rajasthan

आज 27 जिलों में मतदान, 9094 प्रत्याशियों की किस्मत EVM में होगी कैद

Rajasthan Panchayat Chunav LIVE: राजस्थान में गांवों की सरकार चुनने के लिए पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान अब से कुछ देर बाद शुरू होने जा रहा है. मंगलवार, 3 नवंबर को प्रदेश के 27 जिलों की 116 पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा. इस चरण में 1 करोड़ 6 लाख 81 हजार 567 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. चुनाव को लेकर सोमवार को मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण पूरा कराया गया. इसके बाद सभी मतदान दलों को निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया.

प्रशासन और पुलिस की ओर से शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. तीसरे चरण में 3716 ग्राम पंचायतों के चुनावी क्षेत्र शामिल हैं. मतदान के लिए कुल 11,869 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. जिला परिषद के 377 वार्ड और पंचायत समितियों के 2119 वार्डों में कुल 9094 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. इनमें जिला परिषद सदस्य के 1305 और पंचायत समिति सदस्य के 7789 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.

1.06 करोड़ से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान

तीसरे चरण के चुनाव में कुल 1,06,81,567 मतदाता वोट डालने के पात्र हैं. इनमें 55,48,472 पुरुष, 51,33,051 महिला और 44 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों पर मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे. महिला मतदाताओं की संख्या भी इस चरण में काफी अहम है.

जिला परिषद और पंचायत समिति के लिए ईवीएम से मतदान

मंगलवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए ईवीएम के जरिए मतदान कराया जाएगा. मतदान सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा. इसके बाद 5 नवंबर को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान होगा. इन पदों के लिए बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जाएगा. मतदान समाप्त होने के बाद ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना कराई जाएगी. 6 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा.

वोटर आईडी नहीं तो इन दस्तावेजों से कर सकेंगे मतदान

मतदान के लिए मतदाता पहचान पत्र नहीं होने पर भी वोट डालने का विकल्प रहेगा. निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित 11 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से किसी एक को दिखाकर मतदाता अपनी पहचान प्रमाणित कर सकते हैं. मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची में नाम और बूथ की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सहायता केंद्र भी बनाए गए हैं.

20 नवंबर को आएंगे जिला परिषद और पंचायत समिति के नतीजे

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से होगी. वहीं सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव के नतीजे 5 नवंबर को मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर घोषित किए जाएंगे. इसके बाद 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 27 नवंबर को पंचायत समितियों के प्रधानों का चुनाव कराया जाएगा.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj